विज्ञापन

'अमेरिका के साथ रविवार को कोई समझौता नहीं होगा...', ईरान की सरकारी मीडिया का बड़ा दावा

ईरान और अमेरिका के बीच समझौते पर फिलहाल हस्ताक्षर टल गए हैं और यह रविवार को नहीं होगा. ईरानी विदेश मंत्रालय ने बताया कि समझौते के लिए अभी सही समय का इंतजार किया जा रहा है.

'अमेरिका के साथ रविवार को कोई समझौता नहीं होगा...', ईरान की सरकारी मीडिया का बड़ा दावा
ईरान और अमेरिका के बीच दुश्मनी खत्म करने के लिए प्रस्तावित समझौता फिलहाल टल गया

सरकारी मीडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान और अमेरिका के बीच दुश्मनी खत्म करने के लिए प्रस्तावित समझौता फिलहाल टल गया है और रविवार को इस पर हस्ताक्षर नहीं होंगे. ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बकाई ने कहा कि समझौते पर साइन करने के लिए सही समय का इंतजार करना होगा और यह प्रक्रिया अभी पूरी नहीं हुई है. हालांकि, उन्होंने यह भी संकेत दिया कि आने वाले दिनों में इस समझौते के होने की संभावना बनी हुई है. इससे पहले मध्यस्थ पाकिस्तान ने दावा किया था कि दोनों देश 24 घंटे के भीतर इस समझौते को अंतिम रूप दे सकते हैं. लेकिन ताजा बयान से स्पष्ट है कि फिलहाल इसमें देरी होगी.

शहबाज शरीफ ने किया था बड़ा दावा

इससे पहले पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने अमेरिका और ईरान के बीच समझौते को लेकर बड़ा दावा किया था. उन्होंने कहा कि 24 घंटे के अंदर ईरान-अमेरिका में डील हो सकती है. दोनों देशों के बीच शांति समझौते को लेकर शर्तों पर सहमति बन गई है.

ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने शुक्रवार को कहा था कि अमेरिका और ईरान मध्य पूर्व में युद्ध को समाप्त करने के समझौते के बेहद करीब पहुंच गए हैं. फिनलैंड में हुई अपनी टिप्पणी में उन्होंने संकेत दिया कि दोनों देशों के बीच बातचीत सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ रही है. अराघची ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि “इस्लामाबाद समझौता ज्ञापन पहले से कहीं अधिक निकट है,” और इसके साथ उन्होंने पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद का उल्लेख किया, जहां हाल ही में अमेरिका और ईरान के बीच वार्ता आयोजित की गई थी.

ईरानी मीडिया में समझौते के संभावित विवरण सामने आने के बाद विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने यह भी कहा था कि अंतिम रूप दिए जाने तक इस पर अटकलें लगाने से बचना चाहिए. उन्होंने कहा कि उनकी सरकार पारदर्शिता और जिम्मेदारी के सिद्धांतों के तहत काम करती है और उचित समय आने पर समझौते से जुड़ी सभी जानकारी जनता के साथ साझा की जाएगी.

ये भी पढ़ें : '24 घंटे में ईरान-अमेरिका में हो सकती है डील, खत्म होने वाला है युद्ध!,' पाकिस्तानी पीएम शहबाज शरीफ का बड़ा दावा

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Iran
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com