- दुनिया के मशहूर पर्वतारोही निर्मल पुर्जा और 9 अन्य की मौत ने दुनिया को झकझोर कर रख दिया है
- निर्मल पुर्जा और उनकी टीम की आखिरी तस्वीर सामने आई है, जो हिमस्खलन से कुछ ही देर पहले ली गई थी
- निर्मल पुर्जा अपनी टीम के 9 अन्य मेंबर्स के साथ लगभग 5,700 मीटर की ऊंचाई पर हिमस्खलन की चपेट में आ गए थे
दुनिया के मशहूर पर्वतारोही निर्मल पुर्जा को दुनिया नम आंखों से विदाई दे रही है. निर्मल पुर्जा और उनकी टीम की आखिरी तस्वीर सामने आई है. बताया जा रहा है कि यह फोटो उस भयानक हिमस्खलन से कुछ ही देर पहले ली गई थी, जिसने पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर की काराकोरम पर्वत श्रृंखला में 10 पर्वतारोहियों की जान ले ली. दरअसल 43 साल के ब्रिटिश-नेपाली पर्वतारोही निर्मल 'निम्स' पुर्जा पिछले हफ्ते ब्रॉड पीक पर्वत पर अपनी टीम के 9 अन्य मेंबर्स के साथ लगभग 5,700 मीटर की ऊंचाई पर हिमस्खलन की चपेट में आ गए थे. इस हादसे में सभी 10 लोगों की दुखद मौत हो गई है.
पाकिस्तान की टूर कंपनी काराकोरम विजन ने पर्वतारोहियों की यह तस्वीर सोशल मीडिया पर शेयर की है. कंपनी का दावा है कि यह फोटो 30 जुलाई को ली गई थी, ठीक उस समय जब 8,051 मीटर ऊंचे ब्रॉड पीक पर हिमस्खलन आने वाला था. कंपनी ने इंस्टाग्राम पर लिखा, "हमारी टीम ने 30 जुलाई को यह वीडियो रिकॉर्ड किया था, ठीक उस हादसे से पहले. हम बेस कैंप से देख रहे थे और साफ दिखाई दे रहा था कि दुनिया के मशहूर पर्वतारोही निर्मल 'निम्स' पुर्जा समेत 10 अंतरराष्ट्रीय पर्वतारोही पहाड़ पर ऊपर चढ़ रहे थे."
यह भी पढ़ें: दुनिया के टॉप पर्वतारोही निर्मल पुर्जा ने लापता होने से ठीक पहले NDTV से क्या कहा था
निर्मल पुर्जा का शव बरामद
रविवार को रेस्क्यू टीम ने निर्मल पुर्जा का शव बरामद कर लिया. गुरुवार को आए हिमस्खलन के बाद ब्रॉड पीक पर इस अंतरराष्ट्रीय टीम से संपर्क टूट गया था. इस टीम को निर्मल ही लीड कर रहे थे. एक पर्वतारोहण क्लब ने सोशल मीडिया पर लिखा, "जमीनी रेस्क्यू टीम ब्रॉड पीक पर लगभग 5,700 मीटर की ऊंचाई पर निम्स दाई तक पहुंच गई है. यह वही पहाड़ था जिससे उन्हें बहुत प्यार था, लेकिन अब इसी पहाड़ ने उन्हें हमसे छीन लिया है."
क्लब के महासचिव अयाज शिगरी ने बताया कि रेस्क्यू टीम चार शवों को पहाड़ से नीचे ला रही है. इनमें निर्मल पुर्जा, दो नेपाली नागरिक और एक चीनी नागरिक शामिल हैं. उन्होंने कहा कि बचावकर्मियों ने इससे भी ज्यादा ऊंचाई पर एक और शव होने की पुष्टि की है. अयाज शिगरी ने कहा, "इलाके की बेहद खतरनाक स्थिति और खराब मौसम को देखते हुए फिलहाल उस शव को नीचे लाने की कोशिश किए जाने की संभावना बहुत कम है."
निर्मल पुर्जा की कैंपेन कंपनी ने शनिवार को पुष्टि की थी कि टीम का कोई भी मेंबर जीवित नहीं बचा है. क्षेत्रीय अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार को तीन पर्वतारोहियों के शव बरामद किए गए थे. इनमें ओमान की एक महिला, नेपाल का एक पुरुष और अमेरिका की एक महिला शामिल थीं. उनके शवों को हेलीकॉप्टर से स्कर्दू शहर पहुंचाया गया. इस हादसे के बाद दुनिया भर के पर्वतारोहियों में शोक की लहर है, खासकर नेपाल में. ब्रिटेन के राजकुमार प्रिंस विलियम समेत कई बड़े नेताओं ने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं