विज्ञापन
This Article is From May 08, 2013

नाइजीरिया में आतंकवादियों के हमले में 55 लोगों की मौत

अबूजा: नाइजीरिया के उत्तरी प्रांत बोर्नो में कट्टरपंथी इस्लामी संगठन बोको हरम द्वारा सेना के एक शिविर, एक पुलिस थाने और एक जेल पर किए गए हमलों में कम से कम 55 लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में बोको हरम के 13 आतंकवादी भी शामिल हैं।

सैन्य प्रवक्ता लेफ्टिनेंट कर्नल सगीर मूसा ने बताया कि पिक-अप ट्रकों में सवार होकर आए आतंकवादियों ने मंगलवार को बोर्नो के बामा शहर में हमले किए।

मूसा ने बताया कि हथियारबंद आतंकवादियों ने 22 पुलिसकर्मियों, 14 जेल सुरक्षाकर्मियों, दो सैनिकों और चार नागरिकों को मौत के घाट उतार दिया। उन्होंने कहा कि बामा में जब बैरकों पर आतंकवादियों ने हमला करने की कोशिश की, तो सैनिकों ने जवाबी कार्रवाई करते हुए 13 आतंकवादियों को मार गिराया।

बोको हरम नाइजीरिया का एक बड़ा आतंकवादी समूह है, जो आत्मघाती हमलों, बम विस्फोटों और गोलीबारी जैसी घटनाओं को अंजाम देकर अब तक हजारों लोगों को मार चुका है। यह आतंकी समूह नाइजीरिया में इस्लामी राज्य की स्थापना करना चाहता है। तेल संसाधनों से प्रचुर 15 करोड़ की आबादी वाले इस अफ्रीका देश में मुख्य रूप से इस्लाम और ईसाई धर्म के लोग रहते हैं।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
डार्क मोड/लाइट मोड पर जाएं
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com