विज्ञापन

नदी से महिला का शव निकाला और कान से बालियां नोंच ली... नेपाल बाढ़ का वीडियो वायरल, दो गिरफ्तार

नेपाल में आई भीषण बाढ़ के बीच इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है. नारायणी नदी में बहकर आई एक महिला के शव को दो लोग पहले बाल पकड़कर बाहर खींचते हैं और फिर उसके कानों से कथित तौर पर सोने की बालियां निकाल लेते हैं. अब पुलिस ने एक्शन लिया है.

नदी से महिला का शव निकाला और कान से बालियां नोंच ली... नेपाल बाढ़ का वीडियो वायरल, दो गिरफ्तार
नेपाल बाढ़ में शर्मनाक हरकत, महिला के शव से चुराई गईं बालियां
Nepal Police
काठमांडू:

नेपाल-चीन सीमा क्षेत्र में आई विनाशकारी बाढ़ के बाद चल रहे राहत और बचाव कार्यों के बीच इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है. बाढ़ में बहकर नारायणी नदी तक पहुंची एक महिला के शव से कथित तौर पर सोने की बालियां चुराने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है. यह कार्रवाई उस समय हुई जब एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. वीडियो में दो व्यक्ति बाढ़ में बहकर आई महिला के शव के कानों से बालियां निकालते दिखाई दे रहे हैं.

पहले देखिए वायरल वीडियो

वीडियो में देखा जा सकता है कि दोनों व्यक्ति लकड़ी के तख्तों और महिला के बालों की मदद से उसके शव को पानी से बाहर खींचते हैं. इसके बाद वे उसके दोनों कानों से बालियां निकालकर अलग रख देते हैं. इस दौरान आसपास कई लोग मौजूद थे, जो इस पूरी घटना का वीडियो बना रहे थे. 

नेपाल पुलिस ने 41 सेकेंड का यह वीडियो अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा करते हुए बताया कि दोनों आरोपियों को मृत महिला के कानों से बालियां चोरी करने के आरोप में हिरासत में ले लिया गया है.

चितवन पुलिस ने जांच के बाद बताया कि यह शव उस महिला का था, जो भीषण बाढ़ में बहकर नारायणी नदी तक पहुंची थी.

आरोपियों की हुई पहचान

वीडियो के आधार पर पुलिस ने 25 वर्षीय मदन गुरूंग और 38 वर्षीय उमेश चौधरी की पहचान की. नेपाली मीडिया पोर्टल खबरहब के अनुसार, दोनों आरोपियों को गुरुवार को भरतपुर महानगरपालिका-1 स्थित पोखरा बस पार्क के पास से गिरफ्तार किया गया. पुलिस ने स्पष्ट किया कि आपदा के दौरान पीड़ितों को निशाना बनाकर की जाने वाली लूटपाट या किसी भी प्रकार की अमानवीय गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.

नेपाल बाढ़ में भारी तबाही

यह घटना ऐसे समय सामने आई है जब नेपाल हाल के वर्षों की सबसे भीषण बाढ़ और भूस्खलन त्रासदियों में से एक का सामना कर रहा है. राहत एवं बचाव दल कीचड़ और मलबे के बीच 1,400 से अधिक लापता लोगों की तलाश में जुटे हैं. नेपाल-तिब्बत सीमा क्षेत्र में आई फ्लैश फ्लड और भूस्खलन की घटनाओं में अब तक कम से कम 392 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई गांव पूरी तरह बह गए हैं.

तिब्बत में बुधवार को आए शक्तिशाली मलबा प्रवाह (मडस्लाइड) ने ग्यिरोंग पोर्ट पर स्थित बहुमंजिला इमारत को अपनी चपेट में ले लिया और बस पार्किंग क्षेत्र को भी निगल लिया.

चीन के सरकारी प्रसारक सीसीटीवी के अनुसार, आसपास के क्षेत्रों में औसतन 1.5 मीटर (करीब 5 फीट) तक कीचड़ जमा हो गया है. रिपोर्ट में कहा गया है कि सीमा चौकी तक जाने वाली सभी सड़कें क्षतिग्रस्त हो गई हैं. लगातार हो रही बारिश के कारण क्षेत्र में दोबारा भूस्खलन और भूधंसाव की आशंका भी बनी हुई है.

यह भी पढ़ें : बहन रक्षाबंधन पर घर आने वाली थी... कैलाश मानसरोवर यात्रा के बाद नेपाल बाढ़ में लापता, भाई ने लगाई गुहार

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Nepal Flood, Nepal Flood News, Nepal Police, Viral CCTV Video, Nepal Viral Video
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com