विज्ञापन

213 भारतीय, 3 महीने से कोई खबर नहीं... नेपाल ने जारी की लिस्ट, 2 दिसंबर तक नहीं आई आपत्ति तो 'डेड' माना जाएगा

नेपाल में अगस्त की बाढ़ में लापता हुए 213 भारतीयों को मृत घोषित करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है. नेपाल सरकार ने लिस्ट जारी की है. परिवार 2 दिसंबर 2026 तक आपत्ति दर्ज करा सकते हैं.

213 भारतीय, 3 महीने से कोई खबर नहीं... नेपाल ने जारी की लिस्ट, 2 दिसंबर तक नहीं आई आपत्ति तो 'डेड' माना जाएगा
नेपाल बाढ़ में 213 भारतीय लापता हो गए थे.
AFP
काठमांडू:

नेपाल में अचानक आई बाढ़ के तीन महीने बाद वहां की सरकार ने लापता हुए 5,000 से ज्यादा लोगों को मृत मानकर उनकी मौत की घोषणा करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. इनमें अगस्त की बाढ़ में लापता हुए लगभग 213 भारतीय नागरिक भी शामिल हैं.

काठमांडू स्थित भारतीय दूतावास के एक बयान के अनुसार, नेपाल के 'नेशनल डिजास्टर रिस्क रिडक्शन एंड मैनेजमेंट अथॉरिटी' (NDRRMA) ने अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर लापता 213 भारतीय नागरिकों की एक लिस्ट जारी की है, ताकि उन्हें मृत मानकर उनकी मौत की घोषणा की जा सके.

नेपाल सरकार ने लापता भारतीयों की डिटेल भी साझा की है, जिसमें उनके नाम और सरकारी पहचान पत्र (जैसे पासपोर्ट, वोटर आईडी या आधार कार्ड) के नंबर शामिल हैं.

2 दिसंबर तक दर्ज करा सकते हैं आपत्ति

लिस्ट जारी करते हुए, NDRRMA ने इसमें दी गई जानकारी में किसी भी तरह के बदलाव, नाम जोड़ने या हटाने, या सुधार के लिए आपत्तियां (यदि कोई हों) आमंत्रित की हैं.

भारतीय दूतावास की ओर से X पर एक पोस्ट में लिखा गया है, 'यदि लापता लोगों के परिजनों को इस लिस्ट को लेकर कोई चिंता, आपत्ति या कोई बदलाव सुझाना हो, तो वे 2 दिसंबर 2026 से पहले काठमांडू स्थित भारतीय दूतावास से ईमेल (eoikathmandufloodsuppor@gmail.com) के जरिए, या टेलीफोन और वॉट्सऐप (+97 79851316807) के जरिए संपर्क कर सकते हैं.'

एक बार लिस्ट को अंतिम रूप दे दिए जाने के बाद, नेपाल औपचारिक रूप से मौत की घोषणा जारी करेगा. इसके बाद, भारतीय दूतावास नेपाल के स्थानीय अधिकारियों से इन व्यक्तियों के लिए डेथ सर्टिफिकेट हासिल करने की प्रक्रिया शुरू करेगा.

अगस्त में आई थी नेपाल में बाढ़

26 अगस्त 2026 को नेपाल में भीषण बाढ़ आई थी, जिसमें 1,453 लोगों की जान चली गई और लगभग 5 हजार से ज्यादा लोग लापता हो गए थे.

यह बाढ़ नेपाल-तिब्बत सीमा के पास चट्टान और बर्फ के खिसकने के कारण आई थी. इसके कारण, मलबा और बाढ़ का पानी भोटे कोशी और त्रिशूली नदी प्रणालियों में बह गया, जिससे रसुवा, नुवाकोट और धाडिंग सहित कई जिले बुरी तरह प्रभावित हुए.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Nepal Flash Flood, Nepal Flood, Missing Indian, Nepal News, Indians In Nepal
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com