'सरयू-कमला एक्सप्रेस' भारत के अयोध्या से नेपाल के जनकपुर धाम के बीच दौड़ने लगी है. वैसे क्या आपको पता है यह अकेली ऐसी ट्रेन नहीं है जिस पर बैठकर आप विदेश पहुंच सकते हैं. दरअसल सबको लगता है कि विदेश जाने के लिए फ्लाइट ही लेनी पड़ती है. लेकिन भारत के पड़ोस के देशों तक ट्रेनें जाती हैं. कुछ रेल सेवा रुकी हुई है. चलिए आपको बताते हैं कि कौन-कौन सी ट्रेन भारत से पाकिस्तान, बांग्लादेश और नेपाल को जाती है या पहले जाती थी. बात शुरू करते हैं नेपाल से ही.
नेपाल
अभी तो नेपाल तक रेल से सबसे बड़ी कनेक्टिविटी सरयू-कमला एक्सप्रेस बन गई है. नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह भारत दौरे पर आए थे और उन्होंने और पीएम मोदी ने सोमवार को अयोध्या-जनकपुर रेल सेवा का संयुक्त रूप से उद्घाटन किया. यह रेल सेवा रामायण परंपरा से जुड़े दो महत्वपूर्ण स्थानों, जनकपुर धाम (जिसे माता सीता का जन्मस्थान माना जाता है) और अयोध्या (जिसे भगवान श्रीराम का जन्मस्थान माना जाता है), के बीच एक अहम रेल संपर्क स्थापित करती है.
इसके अलावा जयनगर–जनकपुर–बिजलपुरा यात्री ट्रेन है. इसकी शुरुआत 3 अप्रैल 2022 को हुई थी. पीएम नरेंद्र मोदी और नेपाल के तब के प्रधानमंत्री शेर बहादुर देउबा ने इसका उद्घाटन किया था. बिहार के जयनगर से शुरू होने वाली यह रेल सेवा नेपाल के कुर्था, जनकपुर और बिजलपुरा तक जाती है.
अगर मालगाड़ियों की बात करें तो रक्सौल–बीरगंज मालगाड़ी रूट है. बिहार के रक्सौल से नेपाल के बीरगंज स्थित सिरसिया इनलैंड कंटेनर डिपो (ICD) तक मालगाड़ियों का संचालन होता है. यह नेपाल के लिए समुद्री बंदरगाहों से आने वाले सामान की ढुलाई का अहम रास्ता है. साथ ही जोगबनी–बिराटनगर मालगाड़ी रूट है. नवंबर 2025 में दोनों देशों ने इस रूट पर कंटेनर और बल्क कार्गो की सीधी आवाजाही की अनुमति देने के लिए समझौते में बदलाव किया था. साथ ही 28 जुलाई 2026 को कोलकाता पोर्ट से नेपाल के बिराटनगर कस्टम यार्ड तक 40 वैगन वाली पहली सीधी कमर्शियल कंटेनर मालगाड़ी पहुंची थी.
बांग्लादेश
भारत और बांग्लादेश के बीच चलने वाली सबसे फेमस ट्रेन मैत्री एक्सप्रेस है. यह कोलकाता से ढाका के बीच चलती थी. यह ट्रेन भारत आने वाले बांग्लादेशी यात्रियों के बीच लोकप्रिय हो गई थी. खासकर इलाज और पर्यटन के लिए. इसकी शुरुआत 2008 में हुई थी लेकिन जुलाई 2024 से यात्री सेवा निलंबित है. मैत्री एक्सप्रेस बांग्लादेश के अंदर ढाका छावनी रेलवे स्टेशन से तंगैल, जमुना पुल, ईश्वरदी और दर्शन होते हुए चलती थी. ढाका से कोलकाता तक की 392 किलोमीटर की यात्रा में लगभग सात घंटे 45 मिनट का समय लगता था.
इसी तरह बंधन एक्सप्रेस कोलकाता से बांग्लादेश के खुलना शहर के बीच चलती थी. 2017 में शुरू हुई यह रेल सेवा भी जुलाई 2024 से निलंबित है. बांग्लादेश जाने वाली तीसरी यात्री ट्रेन मिताली एक्सप्रेस थी जो न्यू जलपाईगुड़ी से ढाका के बीच चलती थी. जून 2022 में शुरू हुई यह ट्रेन भी जुलाई 2024 से बंद है. इस साल सितंबर में भारत और बांग्लादेश के रेलवे अधिकारी बैठे थे ताकि इन तीनों ट्रेनों को फिर से शुरू किया जा सके.
अगर बांग्लादेश जाने वाली मालगाड़ियों की बात करें तो यात्री ट्रेनें बंद होने के बावजूद भारत और बांग्लादेश के बीच मालगाड़ियों का परिचालन जारी है. बांग्लादेश के रेल मंत्री ने 9 सितंबर 2026 को संसद में बताया था कि भारत से हर महीने औसतन करीब 43 मालगाड़ियां बांग्लादेश पहुंचती हैं. लगभग 42 खाली रैक वापस भारत भेजे जाते हैं.
पाकिस्तान
अब बात पाकिस्तान की. भारत और पाकिस्तान के बीच 2 ट्रेनें चलती थीं. पहली समझौता एक्सप्रेस जो दिल्ली से अटारी होते हुए पाकिस्तान के लाहौर तक रेल कनेक्टिविटी देने वाली यात्री सेवा थी. यह अगस्त 2019 से निलंबित है. दूसरी थार एक्सप्रेस थी जो राजस्थान के भगत की कोठी से मुनाबाव और आगे पाकिस्तान के खोखरापार के रास्ते कराची तक रेल कनेक्टिविटी देती थी. यह ट्रेन भी अगस्त 2019 से निलंबित है.
यह भी पढ़ें | पहाड़ों के नीचे बन रही दुनिया की सबसे लंबी सुरंग, 58KM लंबी टनल में दौड़ेगी ट्रेन, घंटों का सफर मिनटों में
यह भी पढ़ें | चीन पहाड़ों के नीचे बिछा रहा रेल लाइन, 532KM लंबी रेल लाइन में 28 सुरंग और 50 पुल बना रहा, 44 हजार करोड़ खर्चा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं