World News: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) की पत्नी और फर्स्ट लेडी मेलानिया ट्रंप (Melania Trump) की कमाई का खुलासा हो गया है. 30 जून 2026 को ट्रंप की सालाना फाइनेंशियल रिपोर्ट सामने आई है, जिसमें मेलानिया की कमाई का भी पूरा हिसाब-किताब दिया गया है. इस रिपोर्ट से पता चला है कि उन्होंने सिर्फ अमेजन (Amazon) के साथ हुई एक फिल्म डील से ही करीब 100 करोड़ रुपये ($10.7 मिलियन) कमा लिए हैं. इसके अलावा भी उन्होंने कई दूसरे तरीकों से 63 करोड़ रुपये की मोटी कमाई की है.
'Melania' से छप्परफाड़ कमाई
मेलानिया ट्रंप की जिंदगी पर बनी उनकी डॉक्यूमेंट्री फिल्म 'Melania' 30 जनवरी को अमेजन पर रिलीज हुई थी. रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस डॉक्यूमेंट्री के लिए अमेजन ने 40 मिलियन डॉलर की लाइसेंसिंग डील की थी, जिसके तहत मेलानिया की प्रोडक्शन कंपनी को 28 मिलियन डॉलर दिए गए. इसमें से मेलानिया की अपनी पर्सनल कमाई 10.7 मिलियन डॉलर यानी लगभग 100 करोड़ रुपये रही.
NFT और Collectibles से आए 63 करोड़
फिल्म के अलावा, मेलानिया ने डिजिटल आर्टवर्क यानी NFT (नॉन-फंजिबल टोकन) और कलेक्टेबल्स (संग्रहणीय वस्तुएं) बेचकर भी तगड़ा पैसा बनाया है. रिपोर्ट के अनुसार, इससे उन्हें 6 मिलियन डॉलर (करीब 56.7 करोड़ रुपये) की कमाई हुई. वहीं, उनकी खुद की लिखी गई किताब (Memoir) से भी उन्होंने 5,21,000 डॉलर (करीब 4.93 करोड़ रुपये) कमाए हैं. कुल मिलाकर इन दोनों जरियों से उनके पास लगभग 63 करोड़ रुपये की अतिरिक्त कमाई आई है.
अमेरिका और स्लोवेनिया के बैंकों में भी जमा हैं करोड़ों
द न्यूयॉर्क पोस्ट के मुताबिक, इस रिपोर्ट में मेलानिया के बैंक खातों की जानकारी भी दी गई है. उनके एक अमेरिकी बैंक खाते में 1 मिलियन डॉलर (करीब 8.3 करोड़ रुपये) जमा हैं. इसके साथ ही, उनके होम कंट्री स्लोवेनिया (Slovenia) के एक बैंक में भी 1 मिलियन डॉलर रखे हुए हैं.
ये भी पढ़ें:- 'नरसंहार में मदद' के आरोप पर चौंका माइक्रोसॉफ्ट! कर्मचारी के इस्तीफे के बाद कंपनी को देनी पड़ी सफाई
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं