- मालदीव के वी फेलिधू के पास पर्यटकों को ले जा रही स्पीडबोट पलट गई जिसमें सात लोग सवार थे
- रेमंड समूह के चेयरमैन गौतम सिंघानिया घायल हुए और मशहूर रैली ड्राइवर हरि सिंह लापता हैं
- पुलिस ने बताया कि पांच लोग समुद्र में गिर गए थे जिनमें रूस की एक महिला और चार भारतीय पुरुष शामिल थे
मालदीव के समंदर में गुरुवार रात एक बड़ा हादसा हुआ. राजधानी माले के वी फेलिधू के पास पर्यटकों को ले जा रही एक स्पीडबोट पलट गई. इस बोट में रेमंड समूह के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक गौतम सिंघानिया और मशहूर रैली ड्राइवर हरि सिंह भी सवार थे. इस घटना में गौतम सिंघानिया घायल हो गए. वहीं हरि सिंह लापता हो गए.
मालदीव की पुलिस ने इस नाव दुर्घटना पर शनिवार को अपडेट दिया है. पुलिस ने बयान जारी कर कहा, "19 मार्च 2026 की रात को वी. फेलिधू के पास एक समुद्री दुर्घटना हुई, सात लोगों को ले जा रही एक नाव पलट गई. सभी लोग घायल हो गए और उन्हें वी. एटोल अस्पताल में प्रारंभिक उपचार दिया गया."
बयान में कहा गया कि इस घटना के दौरान रूसी महिला सहित और चार भारतीय पुरुष समुद्र में गिर गए. दो लापता भारतीय नागरिकों की तलाश के लिए खोज अभियान जारी है. मालदीव पुलिस इस मामले की जांच कर रही है.
गौरतलब है कि रेमंड समूह के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक गौतम सिंघानिया को मालदीव से मुंबई ले आया गया था. जिनका इलाज चल रहा है. प्रवक्ता ने कहा, "गौतम सिंघानिया एक दुर्भाग्यपूर्ण हादसे में मामूली रूप से घायल हुए हैं. वह मुंबई में उपचाराधीन है. हम दुआओं के लिए धन्यवाद देते हैं और प्रभावित अन्य लोगों के कुशल होने की कामना करते हैं."
स्पीडबोट में कुल सात लोग सवार थे, जिनमें ब्रिटेन और रूस की दो महिलाएं और भारत के पांच पुरुष शामिल थे. रिपोर्ट में पुलिस के हवाले से कहा गया कि पांच लोग समुद्र में बह गए थे, जिनमें रूस की एक महिला और भारत के चार पुरुष शामिल हैं.
ये भी पढ़ें: रेमंड ग्रुप के मैनेजिंग डायरेक्टर गौतम सिंघानिया हादसे में हुए घायल, मालदीव में फेलिधू के पास पलटी स्पीडबोट
ये भी पढ़ें: मालदीव स्पीडबोट हादसे में बाल-बाल बचे रेमंड MD गौतम सिंघानिया, मशहूर रैली ड्राइवर हरि सिंह अब भी लापता
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं