विज्ञापन

1454 फीट की ऊंचाई पर किस, प्रपोज और झंडे पर मैसेज... न्‍यूयॉर्क में रूसी कपल का हाई वोल्‍टेज ड्रामा

न्यूयॉर्क की एम्पायर स्टेट बिल्डिंग की चोटी पर रूसी कपल ने प्रपोज कर प्यार का संदेश दिया, बाद में पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने कपल पर सेंधमारी, लापरवाही और बिना अनुमति घुसने के आरोप लगाए, दोनों रूस से हैं और न्यू जर्सी में रहते हैं.

1454 फीट की ऊंचाई पर किस, प्रपोज और झंडे पर मैसेज... न्‍यूयॉर्क में रूसी कपल का हाई वोल्‍टेज ड्रामा
न्यूयॉर्क की 1454 फीट ऊंची इमारत पर चढ़ रूसी कपल ने पहले किया किस फिर प्रपोज, गिरफ्तार
न्‍यूयॉर्क:


1454 फीट की ऊंचाई पर किस, प्रपोज और झंडे पर प्‍यार का मैसेज... न्‍यूयॉर्क में बुधवार को रूसी कपल के हाई वोल्‍टेज ड्रामे ने सभी का ध्‍यान अपनी ओर खींचा. न्यूयॉर्क शहर की एम्पायर स्टेट बिल्डिंग की सबसे ऊंची जगह पर चढ़कर प्रपोज करने वाले एक रूसी कपल का वीडियो दुनियाभर में वायरल हो रहा है. वीडियो में देखा जा सकता है कि 32 साल के इवान बीरकुस ने घुटने के बल बैठकर 33 साल की एंजेला निकोलाउ को अंगूठी देकर प्रपोज किया. उन्होंने एक-दूसरे को किस किया और नीचे उतरने से पहले कम से कम 10 मिनट तक 1454 फीट (443 मीटर) ऊंची बिल्डिंग की चोटी पर रहे. इस कपल ने गगनचुंबी इमारत की सुई जैसी चोटी पर एक बड़ा बैनर भी लहराया, जिस पर लिखा था- 'जब प्यार की ताकत, ताकत के प्यार पर हावी हो जाती है, तो दुनिया में शांति आती है.'

ऐसा माना जाता है कि बैनर पर लिखा मैसेज एक मशहूर कोट का थोड़ा बदला हुआ रूप है, जिसे अक्सर गलती से गिटार के दिग्गज जिमी हेंड्रिक्स का बताया जाता है, जबकि असल में इसे 19वीं सदी के ब्रिटिश राजनेता विलियम ग्लैडस्टोन ने कहा था.

रूसी कपल पर लगे क्‍या-क्‍या आरोप? 

न्‍यूयॉर्क पुलिस ने काले रंग के स्ट्रीटवियर जैसे कपड़े पहने इस जोड़े को जमीन पर उतरने के बाद हिरासत में ले लिया गया. बीबीसी की एक रिपोर्ट के मुताबिक, उन पर सेंधमारी, लापरवाही से दूसरों की जान जोखिम में डालना, आपराधिक शरारत, बिना इजाजत घुसना और अव्यवस्थित व्यवहार जैसे आरोप लगाए गए हैं. पुलिस कमिश्नर जेसिका टिश ने बॉडीकैम फुटेज जारी किया, जिसमें पुलिस अफसरों को उस जोड़े को उनके ध्यान खींचने वाले स्टंट के तुरंत बाद गिरफ्तार करते हुए दिखाया गया है. टिश ने वीडियो के साथ लिखा, 'हमारी इमरजेंसी सर्विस यूनिट के काम की एक झलक.'

एम्पायर स्टेट बिल्डिंग के प्रवक्ता ने कहा कि इस 'रूसी कपल के बिना इजाजत के बिल्डिंग के शिखर पर पहुंचने की घटना से इमारत के ठीक नीचे बने ऑब्‍जर्वेशन डेक पर मौजूद किरायेदारों, विजिटर्स या मेहमानों को कोई खतरा नहीं हुआ. हां, इस कपल ने जरूर अपनी जान जोखिम में डाल दी थी.

कौन हैं इवान और एंजेला?

इवान और एंजेला मूल रूप से रूस के मॉस्को के रहने वाले हैं और अब ईस्ट ऑरेंज, न्यू जर्सी में रहते हैं. इस कपल ही हरकत 2024 की नेटफ्लिक्स डॉक्यूमेंट्री "स्काईवॉकर्स: ए लव स्टोरी" से प्रेरित नजर आती है. इस फिल्‍म को जनवरी 2024 में सनडांस फिल्म फेस्टिवल में दिखाया गया था.

ये भी पढ़ें:- नाबालिग प्रेमिका के प्यार में युवक टावर पर चढ़ा, दो दिन से नहीं हुई थी बात, गांव में मचा हड़कंप

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Russian Couple, Russian Couple Arrest, Empire State Building
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com