विज्ञापन
This Article is From Feb 22, 2011

टीवी पर दिखे गद्दाफी, विदेशी चैनलों को कुत्ते कहा

त्रिपोली: लीबिया के नेता मुअम्मर गद्दाफी देश छोड़कर जाने की खबरों का खंडन करते हुए सरकारी चैनल पर दिखाई दिए और उन्होंने विदेशी चैनलों को कुत्ते की संज्ञा दे डाली। लीबियन टीवी ने बताया कि वह अपने घर के बाहर चैनल से बातचीत कर रहे हैं। उन्होंने चैनल से कहा, मैं त्रिपोली में हूं, वेनेजुएला में नहीं। इन चैनलों पर भरोसा मत करो, ये कुत्ते हैं। स्थानीय समयानुसार आधी रात के बाद दो बजे (भारतीय समयानुसार सुबह साढ़े पांच बजे) के कुछ ही समय बाद 68 वर्षीय गद्दाफी को एक सफेद पुराने वाहन की यात्री सीट पर बैठा दिखाया गया। वह बारिश से बचने के लिए छाता लिए हुए बैठे थे और उन्हें चैनल पर एक मिनट से भी कम समय के लिए दिखाया गया। लीबिया में 41 साल से राज कर रहे गद्दाफी मिस्र जैसे संकट से जूझ रहे हैं और जनता के विरोध प्रदर्शनों के बाद से यह उनका अब तक का पहला सार्वजनिक वक्तव्य था। मानवाधिकार समूहों के अनुसार विद्रोह को आठ दिन हो गए हैं और इसमें 300 से अधिक लोग मारे जा चुके हैं। अल-जजीरा ने कहा कि लीबिया के न्यायमंत्री मुस्तफा अब्दुल जलील ने प्रदर्शनकारियों के खिलाफ हिंसा के विरोध में इस्तीफा दे दिया है। वाशिंगटन में विदेशमंत्री हिलेरी क्लिंटन ने लिबियाई नेता को कड़ा संदेश देते हुए चेतावनी दी कि शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शनों में घातक बलों का इस्तेमाल नहीं किया जाए। हिलेरी ने एक बयान में कहा, लीबिया सरकार की जनता के सार्वभौमिक अधिकारों का सम्मान करने की जिम्मेदारी है, जिसमें स्वंतत्र अभिव्यक्ति और एकत्र होने का अधिकार है।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
डार्क मोड/लाइट मोड पर जाएं
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com