इटली में चोरों ने एक बार फिर बड़ा कांड कर दिया है. एकदम फिल्मी तरीके से 'मनी हाइस्ट' जैसे चोरी को अंजाम दिया है. अलार्म और सिक्योरिटी गार्ड्स की टीम को चमका देते हुए 800 करोड़ का चूना लगा दिया है. दरअसल इटली के सिसिली में मेसीना शहर के एक म्यूजियम से मशहूर पेंटर एंतोनेलो दा मेसीना की चार बेशकीमती पेंटिग चोरी हो गई हैं. चोरी उस समय हुई, जब शहर में एक पारंपरिक त्योहार मनाने के लिए बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर जमा थे.
न्यूज एजेंसी एफी की रिपोर्ट के अनुसार इटली के सांस्कृतिक अधिकारियों और मीडिया ने रविवार को यह जानकारी दी.
अलार्म और सुरक्षा व्यवस्था को दिया चकमा
चोरी की यह वारदात शनिवार शाम को हुई. चोरों ने म्यूमे म्यूजियम में अलार्म और सुरक्षा व्यवस्था को चकमा दिया. वे सन 1473 की ‘सैन ग्रेगोरियो पॉलीप्टिक' की बची हुई पांच पेंटिंग्स में से तीन ले गए. इसके अलावा ‘पिएटा' नाम की एक ऐसी पेंटिंग भी चुरा ली, जिसमें वर्जिन मैरी और मृत ईसा मसीह को दिखाया गया है. इस पेंटिंग को एक मजबूत और सुरक्षित डिस्प्ले बॉक्स में रखा गया था, जिसे चोरों ने खोल दिया. एपी की रिपोर्ट के अनुसार यह जानकारी न्यूज एजेंसी ला प्रेस ने दी. म्यूमे की डायरेक्टर मारीसा मर्क्यूरियो ने बताया कि चोरी रात करीब 10 बजे से कुछ पहले हुई. उन्होंने कहा कि उस समय अलार्म सिस्टम काम कर रहा था और सुरक्षा गार्ड भी म्यूजियम में मौजूद थे.
उन्होंने इन कलाकृतियों को पूरे इलाके की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत का बेहद अहम हिस्सा बताया.
यह भी पढ़ें: धूम फिल्म वाले चोर हकीकत में भी, 100 करोड़ की 3 पेंटिंग महज 3 मिनट में चोरी
"चोरी की पेंटिंग को बेचना नहीं होगा आसान"
म्यूमे की डायरेक्टर मारीसा मर्क्यूरियो ने न्यूज एजेंसी आनसा से कहा, “जो हुआ उससे हम पूरी तरह टूट गए हैं. ये एंतोनेलो दा मेसीना की दो सबसे महत्वपूर्ण और सबसे मशहूर कलाकृतियों में शामिल थीं. म्यूजियम, इस शहर और यहां के लोगों और पूरी कला की दुनिया के लिए यह बहुत बड़ा नुकसान है.”
आर्ट फिल्ड में होने वाले अपराधों की एक्सपर्ट लिंडा अल्बर्टसन ने कहा कि ये कलाकृतियां इतनी मशहूर हैं कि इन्हें तुरंत पहचाना जा सकता है. इसलिए इन्हें किसी भरोसेमंद या कानूनी तरीके से बेच पाना बेहद मुश्किल होगा. आर्का आर्ट क्राइम्स रिसर्च एसोसिएशन की मुख्य कार्यकारी अधिकारी अल्बर्टसन ने इटली के अखबार ला रेपुब्लिका से कहा, “एंतोनेलो की पेंटिंग चुराना शायद उसे बेचने से कहीं आसान है. अगर ये चोर सामान्य अपराधी हैं, तो उन्हें जल्द ही इसकी कीमत समझ आ जाएगी.”
उन्होंने बताया कि ऐसी मशहूर कलाकृतियां अक्सर एक अपराधी से दूसरे अपराधी तक पहुंचती रहती हैं और दूसरे गैरकानूनी कामों के लिए इन्हें गारंटी या सुरक्षा के तौर पर इस्तेमाल किया जाता है.
यह भी पढ़ें: 40000 की आबादी वाला देश जहां 307 साल बाद सिंहासन पर बैठ सकती है कोई महिला
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं