विज्ञापन

इजरायल और ब्रिटेन फिर भिड़ गए! कब्जे वाले वेस्ट बैंक पर लगाए प्रतिबंध तो बदला लेने लगे नेतन्याहू 

UK ने वेस्ट बैंक के कब्जे वाले इलाकों में मौजूद इजराइली बस्तियों के साथ व्यापार पर रोक लगा दी. फ्रांस और कनाडा ने भी घोषणा की कि वे बस्तियों के विस्तार और बढ़ती हिंसा को रोकने के लिए इसी तरह का कदम उठाएंगे.

इजरायल और ब्रिटेन फिर भिड़ गए! कब्जे वाले वेस्ट बैंक पर लगाए प्रतिबंध तो बदला लेने लगे नेतन्याहू 
इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और यूके के पीएम एंडी बर्नहैम

इजरायल और यूरोपीय देश एक बार फिर आमने-सामने हैं. वेस्ट बैंक में इजरायल के कब्जे वाले सेटलमेंट एरिया में इजरायली लोगों ने उत्पात मचा रखा हैं, हिंसा की हर सीमा लांघ दी है और जब यूरोपीय देश उसपर एक्शन ले रहे हैं तो इजरायल बिफर पड़ा है. इजरायल ने मंगलवार को यरुशलम में ब्रिटेन के वाणिज्य दूतावास को बंद करने का आदेश दिया. इजरायल ने यह कदम बदले की कार्रवाई के तौर पर उठाया है. ब्रिटेन ने ही कब्जे वाले वेस्ट बैंक में फिलिस्तीनियों के खिलाफ इजरायली सेटलर्स (जिन्हें यहां बसाया गया है) की हिंसा को लेकर पश्चिमी देशों की ओर से लगाए गए नए प्रतिबंधों की अगुवाई की थी.

इजरायल ने यह भी कहा कि वह गाजा में अमेरिका की मध्यस्थता वाली सीजफायर योजना की निगरानी करने वाले एक केंद्र में काम कर रहे ब्रिटिश प्रतिनिधियों को भी बाहर करेगा. इसके अलावा, ब्रिटेन को फिलिस्तीनी प्राधिकरण की सुरक्षा बलों को ट्रेनिंग देने से रोका जाएगा और 12 ब्रिटिश नागरिकों के इजरायल आने पर रोक लगा दी जाएगी. इनमें ज्यादातर सांसद हैं.

यह कदम तब उठाया गया, जब ब्रिटेन, कनाडा और फ्रांस समेत 12 देशों ने वेस्ट बैंक में इजरायली बस्तियों के साथ व्यापार पर प्रतिबंध लगाने का ऐलान किया. यह फैसला फिलिस्तीनियों के खिलाफ इजरायली सेटलर्स के हमलों में बढ़ोतरी के बाद लिया गया. इजरायल के विदेश मंत्री गिदोन सार ने कहा कि ब्रिटेन के विदेश मंत्री ने ब्रिटिश संसद में मंगलवार को जो आरोप लगाए, वे बेहद झूठे थे. ब्रिटेन के विदेश मंत्री एड मिलिबैंड ने इजरायली बसने वालों पर वेस्ट बैंक में “जातीय सफाया” करने का आरोप लगाया था.

यह भी पढ़ें: वेस्ट बैंक में फिलिस्तीनियों में उनके ही घर में बनाया बंधक, अमेरिका ने भी माना- इजरायली मचा रहे आतंक- VIDEO

इजरायल का क्या कहना है?

गिदोन सार ने कहा कि ब्रिटेन का यह कदम नैतिक रूप से गलत है और यह एक स्वतंत्र देश के मामलों और उसकी चुनावी प्रक्रिया में सीधा दखल है. यह बयान ऐसे समय आया है जब 27 अक्टूबर को इजरायल में कड़ा मुकाबला वाला चुनाव होना है. प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू वेस्ट बैंक में इजरायली बस्तियों का समर्थन कर रहे हैं.

सार ने कहा कि इजरायल पूर्वी यरुशलम में मौजूद ब्रिटिश वाणिज्य दूतावास को बंद कर रहा है. पूर्वी यरुशलम ऐतिहासिक रूप से फिलिस्तीनी इलाका रहा है. इजरायल ने इसे 1967 के छह दिवसीय युद्ध के दौरान कब्जे में लिया था. बाद में इजरायल ने पूर्वी यरुशलम को अपने में मिला लिया और पूरे यरुशलम को अपनी राजधानी मानता है. सार ने कहा कि एकजुट यरुशलम इजरायल की राजधानी है और पूरी तरह इजरायल के अधिकार में है.

उन्होंने कहा कि इस इलाके में किसी भी विदेशी गतिविधि को तय और स्वीकार किए गए तरीकों से ही किया जाना चाहिए और इजरायल की संप्रभुता का उल्लंघन नहीं होना चाहिए. भले पूर्वी यरुशलम पर इजरायल का नियंत्रण है, लेकिन ब्रिटेन समेत ज्यादातर देश पूरे यरुशलम पर इजरायल के अधिकार को नहीं मानते. इस मामले में अमेरिका अलग है. राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के कार्यकाल में अमेरिका ने अपना दूतावास तेल अवीव से यरुशलम ले गया था. ब्रिटेन और इजरायल को मान्यता देने वाले ज्यादातर देशों के दूतावास अब भी तेल अवीव में हैं.

यह भी पढ़ें: पूरे गाजा से फिलिस्तीनियों को निकालने के लिए ट्रंप का सपोर्ट चाह रहा इजरायल, फिर मंडराया 'जातीय सफाए' का डर

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Israel West Bank Annexation, Israel British Consulate Closure, Israel Vs Palestine
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com