इजरायल के यरुशलम के कटामोन इलाके में एक अपार्टमेंट से एक भारतीय व्यक्ति का शव मिला है. स्थानीय मीडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, वह यहीं इजरायल में काम करता था. 40 साल का यह व्यक्ति एक घर के फर्श पर पड़ा मिला. उसके आसपास काफी खून फैला हुआ था. यह जानकारी द टाइम्स ऑफ इजरायल ने पुलिस के हवाले से दी है. इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है.
क्या है पूरा मामला
रिपोर्ट के अनुसार मोरियाह पुलिस स्टेशन के प्रमुख युवाल रूवेन ने कहा कि पुलिस को यह व्यक्ति घर में फर्श पर पड़ा मिला और उसके चारों तरफ काफी खून था. पुलिस ने कहा कि अभी तक मौत की सही वजह साफ नहीं हो पाई है. इजरायली अधिकारियों ने अभी तक मृतक की पहचान सार्वजनिक नहीं की है. मामले की जांच जारी है.
इजरायल में बड़ी संख्या में भारतीय
भारत के विदेश मंत्रालय के मुताबिक, अक्टूबर 2024 तक इजरायल में करीब 32,000 भारतीय कर्मचारी काम कर रहे थे. इनमें से करीब 12,000 भारतीय अक्टूबर 2023 के बाद इजरायल पहुंचे. वहीं 6,365 भारतीय नवंबर 2023 में भारत और इजरायल के बीच हुए द्विपक्षीय समझौते के तहत 2024 में इजरायल गए. बाकी लोग निजी माध्यमों से वहां पहुंचे.
फरवरी में भारत और इजरायल इस बात पर सहमत हुए कि अगले 5 साल में 50,000 तक और भारतीय कर्मचारी इजरायल जा सकेंगे. यह फैसला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की बैठक में लिया गया. दोनों प्रधानमंत्रियों ने कहा कि इजरायल में काम कर रहे भारतीय कर्मचारी अपने काम के जरिए दोनों देशों की दोस्ती को और मजबूत बना रहे हैं. इजरायल में भारतीय ज्यादातर निर्माण (कंस्ट्रक्शन) और केयरगिवर (देखभाल) के काम में लगे हुए हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं