क्या ईरान के सुप्रीम लीडर मुजतबा खामेनेई आखिरकार दुनिया के सामने आने के लिए तैयार हैं? मुजतबा ईरान युद्ध की शुरुआत में अमेरिकी-इजरायली हमलों में घायल होने के बाद से दुनिया की नजरों से छिपे हुए हैं. अब वह अगले हफ्ते तेहरान में अपने पिता अयातुल्ला अली खामेनेई की याद में होने वाले कार्यक्रम में सबके सामने आ सकते हैं. ईरानी मीडिया के अनुसार 86 साल के पूर्व सुप्रीम लीडर, अली खामेनेई के लिए श्रद्धांजलि सभा उनके उत्तराधिकारी की ओर से आयोजित की जाएगी.
ईरान की IRNA समाचार एजेंसी ने X पर एक पोस्ट में कहा, "शहीद नेता के लिए श्रद्धांजलि सभा इस्लामिक क्रांति के नेता अयातुल्ला सैयद मुजतबा खामेनेई की ओर से 14 जुलाई, 2026 को शाम 5:00 बजे से 7:00 बजे (तेहरान समय) तक तेहरान के मोसाला में आयोजित की जाएगी."
मुजतबा खामेनेई कहां हैं?
56 साल के मुजतबा पिछले हफ्ते अपने पिता की अंतिम संस्कार की प्रार्थनाओं के दौरान कहीं नहीं दिखे. इन प्रार्थनाओं का नेतृत्व उनके तीन भाइयों ने किया था और यह पूर्व सुप्रीम लीडर की मृत्यु के बाद आयोजित सबसे बड़े शोक समारोहों में से एक था. बता दें कि अली खामेनेई ने लगभग 37 वर्षों तक ईरान पर शासन किया. लेकिन 28 फरवरी को अमेरिकी और इजरायली हवाई हमलों में वह मारे गए. जंग के पहले ही दिन उनकी मौत हो गई थी. पिछले हफ्ते बड़े पैमाने पर अंतिम संस्कार जुलूस निकाले गए. ईरान और इराक में करोड़ों की लोगों की भारी भीड़ अपने उस नेता को याद किया, जिसने दशकों तक पश्चिमी ताकतों का सामना करते हुए ईरान पर सख्ती से शासन किया था.
ईरान के सरकारी टेलीविजन पर दिखाए गए फुटेज में मुजतबा के तीन भाई- मुस्तफा, मेसम और मसूद खामेनेई तेहरान के इमाम खुमैनी ग्रैंड मोसाला में अली खामेनेई के ताबूत के पास खड़े दिखे थे. अली खामेनेई के साथ उनकी बेटी, दामाद, बहू और उनकी 14 महीने की पोती का ताबूत भी था. अगर अब नए सुप्रीम लीडर मुजतबा इस हफ्ते अपने पिता की श्रद्धांजलि सभा में शामिल होने का फैसला करते हैं, तो यह उनके पिता की हत्या और ईरान का सबसे बड़ा पद संभालने के बाद उनकी पहली सार्वजनिक उपस्थिति होगी.
यह भी पढ़ें: खामेनेई की आखिरी विदाई में ये मास्क लगाए कौन दिख रहा है?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं