- ईरान में सेपहरान एयरलाइंस का बोइंग 737 विमान का टेकऑफ के बाद टायर फटा, इमरजेंसी लैंडिंग करने को मजबूर हुआ
- लैंडिंग के दौरान विमान के केबिन की छत का एक हिस्सा यात्रियों के ऊपर गिरा, लोगों के उपर उनका ही सामान गिरने लगा
- घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ जिसमें विमान के अंदर छत गिरने और यात्रियों की चीखें सुनाई दे रही थीं
ईरान में एक बड़ा विमान हादसा टल गया है. लेकिन जो मंजर सामने आया उसने इसके वीडियो को देखने वाले हर शख्स के अंदर सिहरन पैदा कर दी. दरअसल ईरान में इस विमान को उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी. विमान के लैंडिंग गियर का एक टायर फटकर निकल गया था. जब विमान वापस एयरपोर्ट पर उतरा तो केबिन की छत का कुछ हिस्सा नीचे आ गिरा. जो वीडियो सामने आया उसमें छत का हिस्सा यात्रियों के ऊपर गिरता हुआ दिखाई दिया. हालांकि, राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी यात्री को चोट नहीं लगी और सभी लोगों को सुरक्षित विमान से बाहर निकाल लिया गया.
बोइंग 737 का विमान, हादसा बस कुछ दूर था
यह घटना मंगलवार को हुई. सेपहरान एयरलाइंस का बोइंग 737 विमान ईरान के मशहद से करमानशाह जा रहा था. उड़ान भरने के कुछ ही समय बाद विमान में तकनीकी दिक्कत आ गई. इसके बाद पायलटों ने इमरजेंसी घोषित की और विमान को वापस मशहद ले आए. ब्राजील के न्यूज आउटलेट यूओएल ने ईरान के रजावी खोरासान प्रांत की सरकार के हवाले से यह जानकारी दी.
An Iranian Sepehran Airlines Boeing 737 was forced to return to Mashhad Airport after a tire reportedly burst shortly after takeoff and the aircraft suffered engine damage.
— Clash Report (@clashreport) September 15, 2026
The flight had been heading to Kermanshah.
Video from inside the plane showed tense passengers. pic.twitter.com/5yR8l6t3cH
ईरानी न्यूज एजेंसी आखरीन खबर की ओर से जारी एक वीडियो में दिख रहा है कि विमान के उतरते समय केबिन की छत का अंदरूनी हिस्सा यात्रियों के ऊपर गिर रहा है. साथ में यात्रियों पर उनका सामान भी गिर रहा था. छत गिरने के बाद विमान के अंदर का कुछ हिस्सा खुला हुआ भी दिखाई दिया. पूरी प्लेन डोल रही थी और उसके साथ यात्री चीख रहे थे. यूओएल के मुताबिक, इस घटना में किसी यात्री को चोट नहीं आई. विमान के लैंड करने के बाद सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया.
क्या हुआ था?
ब्राजील के एक और न्यूज आउटलेट आर7 ने बताया कि शुरुआती जानकारी में कहा गया था कि टेकऑफ के दौरान विमान का एक टायर फट गया हो सकता है. हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई थी. रिपोर्ट में यह भी कहा गया कि उस समय तक यह साफ नहीं था कि विमान में तकनीकी समस्या आखिर किस वजह से आई. यूओएल के मुताबिक, सेपहरान एयरलाइंस के प्रवक्ता हसन जाफरी ने ईरान की सरकारी न्यूज एजेंसी फार्स के हवाले से बताया कि सभी यात्री सुरक्षित विमान से उतर गए. इसके बाद यात्रियों को करमानशाह जाने वाली दूसरी उड़ान में भेज दिया गया.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं