विज्ञापन

ईरान का दावा- ट्रंप और नेतन्याहू हमला करने की रच रहे साजिश, Flydubai फ्लाइट से जोड़ा कनेक्शन

दुबई से इजरायल जा रही प्लेन को हाईजैक करके क्रैश करने की आतंकी साजिश के पीछे किसका हाथ था? ईरान के सरकारी टीवी ने एक ऐसी रिपोर्ट छापी है जिसमें पीएम बेंजामिन नेतन्याहू पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं. दूसरी तरफ डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान का हाथ होने की आशंका जताई है, आरोप साबित होने पर जोरदार हमले की धमकी दी है.

ईरान का दावा- ट्रंप और नेतन्याहू हमला करने की रच रहे साजिश, Flydubai फ्लाइट से जोड़ा कनेक्शन
Israel Plane Attack: क्या आतंकी हमले की कोशिश के पीछे बड़ी साजिश है
  • दुबई से इजरायल जा रही फ्लाइट को हाईजैक करके क्रैश करने की कोशिश के मामले में अब साजिशों वाले आरोप लगाए जा रहे
  • ईरान के सरकारी मीडिया ने इस घटना को नेतन्याहू की चुनावी साजिश करार दिया है, कहा- ट्रंप को हमले के लिए उकसा रहे
  • अमेरिकी सेना मिडिल ईस्ट में सैनिकों की तैनाती बढ़ा रही है, जिसमें दो विमान वाहक समूह और हजारों सैनिक शामिल हैं

दुबई से इजरायल जा रही फ्लाइट में जिस तरह आतंकी साजिश को अंजाम देने की कोशिश हुई, उसने पूरी दुनिया को चौंका दिया. चाकुओं के हमले में घायल होने के बावजूद भारतीय पायलट ने हमलावर को-पायलट के मंसूबों को नाकाम कर दिया. उनका साथ कुछ इजरायली पैसेंजरों ने दिया. अब दुनिया सवाल कर रही है कि आखिर इस आतंकी साजिश के पीछे कौन था? कौन चाहता था कि इजरायली लोगों के भरी फ्लाईदुबई की फ्लाइट को हाईजैक करके क्रैश कर दिया जाए? इस बीच ईरान में एक ऐसी रिपोर्ट छपी है जिसमें अजीबोगरीब दावा किया गया है. इसके पीछे नेतन्याहू की ही साजिश बता दी गई है. दूसरी तरफ डोनाल्ड ट्रंप इस आतंकी हमले की कोशिश के पीछे ईरान का हाथ होने की आशंका जता रहे हैं और कह रहे हैं कि अगर यह साबित होता है तो ईरान को उड़ा देंगे. 

ईरान की रिपोर्ट में क्या लिखा?

ईरान के सरकारी द प्रेस टीवी ने अपनी रिपोर्ट में इस घटना के पीछे नेतन्याहू की साजिश का दावा किया है. इस रिपोर्ट के अनुसार घटना की जानकारी रखने वाले सूत्र ने दावा किया है कि नेतन्याहू की योजना आगामी चुनाव जीतने के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को ईरान के खिलाफ एक नई मुश्किल स्थिति में फंसाने की है.

प्रेस टीवी से बात करते हुए, एक रिजनल सूत्र ने बताया- UAE से इजरायल की ओर जा रहे UAE के प्लेन के अपहरण और फिर सऊदी अरब में उसके उतरने की अजीब घटना बुधवार को हुई. यह घटना नेतन्याहू के UAE दौरे के तीन दिन बाद हुई, जिसमें उनके साथ सेना और खुफिया विभाग के कई सीनियर अधिकारी भी गए थे. सूत्र ने बताया कि इस प्रोजेक्ट पर दौरे के दौरान चर्चा हुई और इसे अंतिम रूप दिया गया.

रिपोर्ट के अनुसार उस सूत्र ने दावा किया है कि दौरे के दौरान UAE को इजरायली सरकार के क्षेत्रीय प्रोजेक्ट्स में भूमिका निभाने का काम तो सौंपा ही गया, साथ ही कई अन्य अरब देशों के अधिकारियों के साथ मिलकर एक धोखाधड़ी वाला ऑपरेशन (फॉल्स-फ्लैग) की योजना बनाने और उसका आरोप ईरान पर मढ़ने के लिए बहुपक्षीय बातचीत भी हुई. सूत्र ने बताया कि इस ऑपरेशन का मकसद ट्रंप को एक नई मुश्किल स्थिति में फंसाना और ईरान के खिलाफ युद्ध का एक नया दौर शुरू करना है.

रिपोर्ट के अनुसार सूत्र ने कहा कि नेतन्याहू को इस बात की गहरी चिंता है कि अगर मौजूदा हालात में नेसेट (इजरायली संसद) के चुनाव होते हैं, तो उनका गठबंधन बहुमत हासिल करने और सरकार बनाने में नाकाम रहेगा. सूत्र ने बताया, "नेतन्याहू की बेतुकी और पहले से तय प्लेन हाईजैक की योजना के बहाने एक और मूर्खतापूर्ण हरकत करने की तैयारी चल रही है."

यह भी पढ़ें | प्लेन पर आतंकी हमले से दुनिया भर में दहशत लेकिन नेतन्याहू के लिए बाजी पलट सकती है

अमेरिका और इजरायल किसका हाथ मान रहे?

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने संकेत दिया है कि फ्लाईदुबई के प्लेन के साथ हुए घटना का ईरान से संबंध हो सकता है. उन्होंने कहा कि जो जानकारी उन्हें मिल रही है, उसके आधार पर इसका जवाब हां है, हालांकि अभी इसकी जांच चल रही है. एक रिपोर्टर ने ट्रंप से पूछा कि क्या उन्हें फ्लाईदुबई हमले के हमलावर और ईरान के बीच किसी संभावित संबंध के बारे में जानकारी दी गई है. ट्रंप ने कहा, "हम अभी इस पर काम कर रहे हैं. हम इस बारे में पूरी तरह खुलकर बात करेंगे. जो जानकारी मुझे मिल रही है, उसके आधार पर मैं कहूंगा कि जवाब 'हां' है, लेकिन हम अभी इस पर काम कर रहे हैं."

इस सवाल पर कि अगर ईरान इस हमले के लिए जिम्मेदार पाया जाता है तो क्या अमेरिका जवाबी कार्रवाई करेगा, ट्रंप ने कहा, "अरे, उनपर बहुत जोरदार हमला, चिंता मत कीजिए. आप बस उनसे पूछिए. उन्हें पता है कि क्या हुआ था. उन्हें बहुत जोरदार झटका लगेगा."

बीबीसी की रिपोर्ट के अनुसार UAE के अधिकारियों ने भी मीडिया को संकेत दिया है कि इस घटना के लिए ईरान जिम्मेदार हो सकता है. इन सबके बीच इजरायली पीएम बेंजामिन नेतन्याहू कह रहे हैं कि को-पायलट 'कट्टरपंथी' था और सुसाइड मिशन पर था. इससे एक दिन पहले बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा था कि अभी यह बताना बहुत जल्दीबाजी होगी कि ईरान हाईजैकिंग की असफल कोशिश में शामिल था या नहीं.

क्या अमेरिका फिर से ईरान पर हमले की तैयारी में है?

न्यूज एजेंसी एपी की रिपोर्ट के अनुसार एक अमेरिकी अधिकारी ने गुरुवार को बताया कि अमेरिकी सेना मिडिल ईस्ट में जहाजों के एक बेड़े के जरिए लगभग 9,000 सैनिक भेज रही है. अमेरिकी सेना की मौजूदगी को यह मजबूती ऐसे समय में दी जा रही है जब राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने फिर से चेतावनी दी है कि ईरान पर नए हमले हो सकते हैं.

मिडिल ईस्ट की ओर जा रहे जहाजों के इस ग्रुप में कुल मिलाकर 7,000 से ज्यादा नाविक और 2,000 मरीन शामिल हैं. इसमें USS थियोडोर रूजवेल्ट कैरियर स्ट्राइक ग्रुप शामिल है, जिसे हाल ही में क्रूजर USS चोसिन के साथ तैनात किया गया था. साथ ही, इसमें USS मैकिन आइलैंड एम्फीबियस रेडीनेस ग्रुप भी है, जिसमें USS जॉन पी. मुर्था और USS एंकरेज एम्फीबियस लैंडिंग जहाज शामिल हैं. संवेदनशील मिलिट्री ऑपरेशन के बारे में नाम न बताने की शर्त पर एपी से बात करने वाले एक अमेरिकी अधिकारी के मुताबिक, इसका मतलब यह हो सकता है कि अक्टूबर के आखिर तक इस इलाके में तीन कैरियर मौजूद हों.

इससे अलग अगर ईरान पर अमेरिका के आर्थिक हमले की बात करें तो ट्रंप सरकार ने ईरान पर नए प्रतिबंध लगाए हैं. इनमें ईरान के रेल और ऑटोमोटिव समूहों तथा इन क्षेत्रों के इंटरनेशनल सप्लायर्स को निशाना बनाया गया है.

यह भी पढ़ें | दुबई-तेल अवीव फ्लाइट हमले पर ट्रंप का बड़ा बयान, बोले- ईरान का हो सकता है हाथ

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Israel Plane Attack, Israel Plane News, Israel Plane Hijack Attempt
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com