- इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने ईरानी जनता से तानाशाही शासन के खिलाफ सड़कों पर उतरने की अपील की
- नेतन्याहू ने ईरानी समुदायों को एकजुट होकर अपने भविष्य को सुरक्षित करने का आह्वान भी किया है
- ईरान ने सुप्रीम नेता अयातुल्लाह अली खामेनेई की मौत पर 40 दिनों का शोक मनाया और काला झंडा फहराया
इजरायल के पीएम बेंजामिन नेतन्याहू ने ईरानी नागरिकों को के लिए अपना संदेश जारी किया है. अपने बयान में उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में इजरायल “आतंकी शासन के हजारों ठिकानों पर वार करेगा” और इसके साथ ही ईरानी जनता के लिए “तानाशाही की जंजीरों से आजादी पाने की परिस्थितियां” तैयार की जाएंगी. नेतन्याहू ने ईरान के लोगों से अपील की कि वे इस अवसर को हाथ से न जाने दें, क्योंकि “ऐसा मौका हर पीढ़ी में सिर्फ एक बार ही मिलता है.”
नेतन्याहू की ईरानी जनता को सीधी चेतावनी
इजरायली पीएम बेंजामिन नेतन्याहू कहा कि सही समय आने पर ईरानी नागरिकों को लाखों की संख्या में सड़कों पर उतरकर उस शासन का अंत करना चाहिए जिसने उनके जीवन को कड़वाहट से भर दिया है. उन्होंने वादा किया कि ईरानी जनता की पीड़ा और बलिदान व्यर्थ नहीं जाएंगे—“जिस मदद की आप लंबे समय से प्रतीक्षा कर रहे थे, वह अब पहुंच चुकी है.” अपने संदेश के अंत में उन्होंने फ़ारसी, कुर्द, अजेरी, अहवाज़ी और बलूची समुदायों को एकजुट होकर भविष्य सुरक्षित करने का आह्वान किया.
ये भी पढ़ें : पलभर में खाक हुईं इमारतें, चारों तरफ धुआं ही धुआं... इजराइल ने तेहरान पर हमले का नया वीडियो किया जारी
ईरानी समुदायों से एकजुट होने की अपील
ईरान के सुप्रीम नेता अयातुल्लाह अली खामेनेई की मौत के बाद देश में 40 दिनों के शोक का ऐलान किया गया है. इसके साथ ही ईरान ने पवित्र स्थल इमाम रजा दरगाह पर काला झंडा फहराया गया. वहीं भारत में ईरानी दूतावास में वहां के झंडे को आधा झुका दिया गया है. साथ ही दुनिया के तमाम देशों से अमेरिका और इजरायल के इस हमले की कड़ी आलोचना करने के लिए कहा. ईरानी दूतावास ने एक्स पर लिखा, "भारत में इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान का दूतावास, अमेरिका और इजरायल की यहूदी सरकार के क्रूर और आपराधिक हमलों के बाद अयातुल्लाह सैय्यद अली खामेनेई की शहादत पर गहरा दुख और शोक जाहिर करता है."
खामेनेई की मौत पर शोक और वैश्विक प्रतिक्रिया
ईरानी दूतावास ने दुनिया के तमाम देशों से अपील की है कि वे इस खुलेआम जुर्म की कड़ी निंदा करें और कानून की अनदेखी और हमले के सामने चुप न रहें." ईरानी दूतावास ने आगे कहा, "बेशक, इस माफ न किए जा सकने वाले जुर्म के गंभीर नतीजे सीधे तौर पर गुनहगार अमेरिकी सरकार और कब्जा करने वाली यहूदी सरकार को भुगतने पड़ेंगे, जो इसके सभी नतीजों के लिए पूरी तरह जिम्मेदार होंगे. खुद पर गर्व करने वाला देश ईरान हमेशा की तरह ताकत, हिम्मत और पक्के इरादे के साथ अपने नेक रास्ते पर चलता रहेगा. देश के मामलों में किसी भी तरह की रुकावट की इजाजत नहीं दी जाएगी. शहीदों का पवित्र खून ईरानी लोगों के अपनी आजादी, इज्जत और ऊंचे आदर्शों की रक्षा करने के इरादे को और मजबूत करेगा."
ईरानी दूतावास की कड़ी निंदा और चेतावनी
खामेनेई की मौत के बाद ईरानी अधिकारियों ने अमेरिका और इजरायल को बदला लेने की चेतावनी दी है. सुप्रीम नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल के सेक्रेटरी और खामेनेई के सलाहकार अली लारीजानी ने कहा, “अमेरिकियों ने ईरानी लोगों के दिल में छुरा घोंपा है और हम उनके दिल में छुरा घोपेंगे.” उन्होंने अमेरिका और इजरायल के खिलाफ और जवाबी कार्रवाई का वादा करते हुए कहा, “हमारी सेना का रिएक्शन और भी ज्यादा मजबूत होगा. उन्हें पता होना चाहिए कि वे बस हमला करके भाग नहीं सकते.”
अमेरिका‑इजरायल को ईरान की बदले की धमकी
उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति और न्यायपालिका के प्रमुख वाला एक टेम्पररी लीडरशिप स्ट्रक्चर जल्द ही बन जाएगा. ईरान ने इलाके के नेताओं को भरोसा दिलाया है कि वह उनके साथ जंग नहीं चाहता, लेकिन मिडिल ईस्ट के देशों में अमेरिकी बेस को टारगेट करना जारी रखेगा. लारीजानी ने कहा, “यह हमेशा के लिए साफ कर देना चाहिए कि अमेरिकी ईरान को डरा-धमका नहीं सकते.”
(भाषा इनपुट्स के साथ)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं