- अमेरिकी सेना ने लगातार दूसरे दिन ईरान पर हमला बोला है, जवाब में ईरानी सेना ने बहरीन और कुवैत पर अटैक किया
- एक दिन पहले भी अमेरिकी हमले के बाद ईरान ने बहरीन और कुवैत पर मिसाइल और ड्रोन से हमले किए थे
- डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि ईरान के साथ सीजफायर खत्म है. ईरान के हर हमले के जवाब में 20 हमले किए जाएंगे
अमेरिका और ईरान के बीच का सीजफायर खत्म हो चुका है. दोनों देशों ने लगातार दूसरे दिन एक दूसरे पर हमला किया है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक दिन पहले ही कहा था कि उनकी समझ से सीजफायर खत्म है और 8-9 जुलाई की दरम्यानी रात अमेरिकी सेना फिर से ईरान पर जोरदार हमला करेगी. हुआ भी ठीक यही. अमेरिकी सेना ने कहा कि उसने होर्मुज को खुला रखने के लिए ईरान पर हमला किया है. इसके बाद ईरान ने पलटवार किया. ईरान ने बहरीन और कुवैत में अमेरिकी सेना के ठिकानों पर मिसाइलों और ड्रोन से हमला कर दिया है. एक दिन पहले भी दोनों पक्ष ने ठीक यही किया था.
अमेरिका का हमला
अमेरिकी सेना ने लगातार दूसरे दिन ईरान पर हमला किया. उत्तरी ईरान में एक बड़े रेलवे ब्रिज को निशाना बनाया गया है, जहां से ईरानी सेना को रसद पहुंचती थी. मूसा द्वीप पर भी हमला किया गया है. ईरान के एंटी शिप मिसाइल ठिकानों को भी निशाना बनाया गया है. इससे पहले राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को चेतावनी दी कि अगर ईरानी सेना ने होर्मुज जलडमरूमध्य में जहाजों पर हमले जारी रखे, तो ईरान पर अमेरिकी बमबारी और बढ़ जाएगी. ट्रंप ने ईरान में एक जगह पर हुई बमबारी जैसी घटना की तस्वीर के साथ सोशल मीडिया पर लिखा, "यह ईरान द्वारा कल जहाजों पर की गई बमबारी का बदला है. अगर ऐसा दोबारा हुआ, तो हालात और भी खराब हो जाएंगे!"
तुर्की में नाटो शिखर सम्मेलन से लौटते समय एयर फोर्स वन में पत्रकारों से बात करते हुए ट्रंप ने अपनी बात दोहराई. ट्रंप ने पत्रकारों से कहा, "हमने अभी उन पर बहुत जोरदार हमला किया है, और मेरा कहना है कि हमने 20 के मुकाबले एक का हिसाब रखा है. हर बार जब वे हम पर हमला करेंगे, तो हम उन पर 20 हमले करेंगे. और हमने कल रात ऐसा ही किया. उन्होंने आज भी थोड़ी-बहुत हरकत की, लेकिन असल में यह कल रात की कार्रवाई का ही बदला था."
ईरान का पलटवार
न्यूज एजेंसी एएफपी की रिपोर्ट के अनुसार कुवैत की सेना ने गुरुवार को कहा कि उसके एयर डिफेंस सिस्टम "दुश्मन के मिसाइल और ड्रोन हमलों" को रोक रहे हैं. कुवैती सेना ने X पर एक पोस्ट में कहा, "सेना के जनरल स्टाफ का कहना है कि जो भी धमाके सुनाई दिए हैं, वे एयर डिफेंस सिस्टम द्वारा दुश्मन के हमलों को रोकने का नतीजा हैं." सेना ने यह नहीं बताया कि ये हमले कहां से हो रहे थे.
इसी तरह बहरीन के गृह मंत्रालय ने बताया कि गुरुवार को वहां हवाई हमले के सायरन बज उठे हैं. बहरीन गृह मंत्रालय ने X पर एक पोस्ट में कहा, "सायरन बजाया गया है. नागरिकों और निवासियों से शांत रहने और सबसे पास के सुरक्षित स्थान पर जाने का आग्रह किया जाता है." एएफपी की रिपोर्ट के अनुसार बहरीन में धमाकों की आवाजें सुनी गई हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं