- अमेरिकी सेना ने लगभग एक हफ्ते बाद फिर ईरान पर जवाबी हमला बोला है, डोनाल्ड ट्रंप ने जख्म देने की धमकी दी थी
- अमेरिका ने आरोप लगाया था कि ईरान ने जॉर्डन में उसके सैन्य ठिकाने पर हमला किया था
- ट्रंप ने मिसाइल स्ट्राइक को सरप्राइज अटैक बताया था और कहा था कि हम उन्हें गहरा जख्म देंगे, चोट बहुत बुरी होगी
अमेरिकी सेना ने ईरान पर "जबरदस्त" जवाबी हमले कर दिए हैं. ये हमले लगभग एक हफ्ते में ईरानी जमीन पर किए गए पहले हमले हैं. अमेरिका ने ईरान पर जॉर्डन में मौजूद अपने सैन्य ठिकानों पर ताबड़तोड़ मिसाइल दागने का आरोप लगाया था. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने तेहरान को धमकी दी थी कि उसे इन हमलों के गंभीर परिणाम भुगतने होंगे. अब अमेरिकी सेना ने लगभग एक हफ्ते के बाद ईरान पर हमला बोल दिया है.
अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने बताया कि ये हमले रात 8 बजे (0000 GMT) शुरू हुए और ये मिडिल ईस्ट में तैनात अमेरिकी सेना पर ईरान द्वारा कल किए गए हमलों की कोशिश का एक "जबरदस्त जवाब" हैं. न्यूज एजेंसी एएफपी की रिपोर्ट के अनुसार ईरानी मीडिया ने बताया है कि ईरान के केशम द्वीप और अबादान शहर के आसपास हमले की खबरें हैं.
U.S. forces began launching strikes against Iran at 8 p.m. ET today. The strikes are a powerful response to yesterday's attempted Iranian attacks on U.S. forces based in the Middle East.
— U.S. Central Command (@CENTCOM) July 30, 2026
इससे पहले ट्रंप ने बुधवार को ओवल ऑफिस में पत्रकारों से कहा, "हम उन पर जोरदार हमला करने वाले हैं क्योंकि अब हमारी बारी है. उन्हें पता है कि ऐसा होने वाला है." दरअसल मंगलवार रात, ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स ने इलाके में मौजूद अमेरिकी सेना पर कई बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं और जॉर्डन की सेना ने बताया कि उसने पांच मिसाइलों को रोक दिया.
हालांकि यहां ध्यान देने वाली बात है कि यह 'जैसे को तैसा' वाले हमलों के आम पैटर्न से अलग था. क्योंकि अमूमन ईरान अमेरिकी हमलों का जवाब देता रहा है. यानी पहले हमला अमेरिका करता था और जवाबी हमला ईरान की ओर से किया जाता था. लेकिन अब उलटा देखने को मिला. इससे ऐसा लगा कि ईरान फिर से टकराव शुरू करने को तैयार है. और खुद ऐसी पहल कर रहा है.
सऊदी-अमेरिका ने खोला अलग मोर्चा
इसके अलावा, अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने बताया कि उसने और सऊदी अरब की सेना ने मिलकर इराक में ईरान के सहयोगी 'पॉपुलर मोबिलाइजेशन फोर्सेज' (PMF) के खिलाफ हमला किया. सीएनएन की रिपोर्ट के अनुसार PMF ने बताया कि बुधवार को हुए हमलों में कम से कम 20 लोग मारे गए और ईरान के 'इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प' के चार सदस्य भी मारे गए.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं