- इजरायल जा रहे प्लेन को बंधक आरोपी को-पायलट की पहली तस्वीर सामने आई है.
- वीडियो में उसके हाथ बंधे हुए, सिर झुका हुआ और चेहरे व कपड़ों पर खून के निशान साफ दिखाई दिए.
- इस को-पायलट को लेकर दुनिया के मन में बस एक ही सवाल है-आखिर उसने ऐसा क्यों किया?
इजरायल जा रहे प्लेन को क्रैश कराने की कोशिश करने वाले आरोपी को-पायलट की पहली तस्वीर सामने आई है. वीडियो में उसके हाथ बंधे हुए, सिर झुका हुआ और चेहरे व कपड़ों पर खून के निशान साफ दिखाई दिए. साथ ही जहां इसी प्लेन के पायलट स्मित मछार की पूरी दुनिया तारीफ कर रही है, वहीं इस को-पायलट को लेकर दुनिया के मन में बस एक ही सवाल है-आखिर उसने ऐसा क्यों किया?
अभी कहां है आरोपी को-पायलट?
इजरायल के विदेश मंत्री गिदोन सार ने गुरुवार को NDTV को दिए एक इंटरव्यू में बताया कि फ्लाईदुबई की फ़्लाइट में कैप्टन को चाकू मारने वाला को-पायलट ओमान का नागरिक है. उन्होंने इसे "जिहादी आतंकी हमला" बताया. उन्होंने कहा कि अभी तक कोई सबूत नहीं मिला है, लेकिन दावा किया कि इसका मुख्य मकसद इजरायल-UAE संबंधों और अब्राहम समझौते को पटरी से उतारना था. उन्होंने कहा कि इजरायल, UAE से को-पायलट के प्रत्यर्पण की मांग करेगा. सऊदी अरब में शुरुआती जांच के बाद, जहां विमान उतरा था, को-पायलट को UAE को सौंप दिया जाएगा.
यूएई करेगा जांच-क्या ये आतंकवादी घटना?
वहीं UAE अधिकारियों ने गुरुवार को बताया कि UAE पब्लिक प्रॉसिक्यूशन ने फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 से जुड़ी घटना की परिस्थितियों और कारणों की जांच के लिए एक टीम बनाई है. इस फ्लाइट को सऊदी अरब के तबुक एयरपोर्ट की ओर मोड़ दिया गया था. UAE ने कहा कि जांच में यह पता लगाया जाएगा कि क्या यह घटना किसी आतंकवादी गतिविधि, पहले से बनी योजना या किसी के निर्देश से जुड़ी थी. अधिकारियों ने कहा कि जांच का अधिकार UAE के पास है क्योंकि विमान इसी देश में रजिस्टर्ड है और इसके झंडे तले ऑपरेट होता है. UAE ने सऊदी अधिकारियों का सहयोग करने और घटना को संभालने के लिए उनका धन्यवाद भी किया.
को-पायलट की पहचान उजागर नहीं की
पूरे मिडिल ईस्ट में जांच करने वाले यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि एक को पायलट ने कथित तौर पर अपने कैप्टन को चाकू क्यों मारा और दुबई से तेल अवीव जाने वाली फ़्लाइट पर कब्जा करने की कोशिश क्यों की. संदिग्ध की पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है, लेकिन इजरायल का कहना है कि वह ओमान का नागरिक है. हालांकि, हमलावर के बारे में आधिकारिक जानकारी न तो सऊदी अरब ने जारी की है, जहां विमान को बैकअप पायलटों ने मोड़ दिया था जो संयोग से विमान में मौजूद थे और न ही UAE ने, जहां से दुबई-तेल अवीव उड़ान ने अपनी यात्रा शुरू की थी.
इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा कि फ्लाईदुबई घटना में कथित हमलावर से पूछताछ की जा रही है और यह बात सामने आई है कि उसे "इस्लामी कट्टरपंथी विचारधारा की शिक्षा" दी गई थी. नेतन्याहू ने गुरुवार को फॉक्स न्यूज से कहा, "ऐसा लगता है कि यह जानकारी हमें उसकी निजी जानकारियों से मिल रही है."
यह भी पढ़ें-
फ्लाईदुबई की फ्लाइट को बचाने वाले पायलट कैप्टन स्मित मछार को एयरलिफ्ट कर दुबई लाया गया
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं