Viral Video: अमेरिका में रहने वाला एक इंडियन यूट्यूबर वहां के टेक्सास राज्य की एक ऐसी जगह पर पहुंचा, जहां भारतीय लोग राज करते हैं. इस इलाके में मौजूद 100 में से 98 घर भारतीयों के हैं. Sunty Dream नाम का यूट्यूब चैनल चलाने वाले संटी टेक्सास के डलास के ऐसे एरिया में पहुंचे, जहां अधिकतर भारतीय लोग रहते हैं. यहां 'देवी' नाम के अपार्टमेंट्स भी हैं, तो 'सब्जी मंडी' नाम के ऐसे सुपरमार्ट भी हैं, जहां सेल्फ के ऊपर देसी खाट रखा हुआ था. 1.4 मिलियन फॉलोअर्स वाले इस चैनल पर उन्होंने Indian Neighborhood in AMERICA 🇺🇸 || ROOM RENT in DALLAS TEXAS नाम से यह वीडियो डाला है, जिसमें उन्होंने वहां रहने वाले एक भारतीय फैमिली का घर अंदर से दिखाया और बताया कि वहां रहने के लिए महीने का कितना खर्चा आ जाता है. इस वीडियो पर 436K व्यूज आ चुके हैं.
महसूस ही नहीं होता कि भारत से बाहर हैं
संटी अमेरिका के सभी 50 राज्यों में ट्रैवल कर रहे हैं और यूट्यूब के जरिए अपना सफर दिखा रहे हैं. वह डलास के नॉर्थ एरिया में ऐसे इलाके में पहुंचे, जहां अधिकतर भारतीय लोग रहते हैं. डलास के इस एरिया में घर काफी जगह की तुलना में सस्ते हैं. वह यहां वरुण के घर पहुंचे, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश से हैं. पेशे से IT इंजीनियर वरुण 2015 में पहली बार अमेरिका आए थे. उसके बाद 2023 में यहां डलास शिफ्ट हो गए. पहले तो अकेले रहते थे, लेकिन अब अमेरिका ही उनकी फैमिली आ गई है. उनकी वाइफ मेकअप आर्टिस्ट हैं और साथ में 2 बच्चे हैं.
वरुण ने बताया कि इस इलाके का नाम अर्विंग, टेक्सास है और यहां इतने भारतीय हैं कि उन्हें महसूस ही नहीं होता कि वह भारत से बाहर हैं.
यहां घर खरीदते नहीं, रेंट पर लेते हैं
वरुण ने बताया कि यहां जितने भी भारतीय लोग हैं, वे घर या अपार्टमेंट को खरीद नहीं सकते, सिर्फ लीज पर रेंट पर लेते हैं. वरुण मल्टीनेशनल कंपनी में IT प्रोफेशनल के तौर पर अच्छी नौकरी करते हैं. वह अमेरिका में H1B वीजा पर हैं. उन्होंने अपनी फैमिली को भी स्पॉन्सर किया है, जो H4 वीजा पर है. उनकी फैमिली को अमेरिका आने में ज्यादा समय नहीं लगा. H1B वीजा मंजूर होते ही फैमिली साथ में वीजा स्टैंप कराकर आ गई.
वरुण का टू-बेडरूम अपार्टमेंट है. यह घर लगभग 1150 स्क्वायर फीट का है. वरुण के अनुसार, इस घर के लिए उन्हें कुल मिलाकर महीने का लगभग 2400 डॉलर रेंट और मेंटेनेंस देने होते हैं. भारतीय करेंसी में लगभग 2.3 लाख रुपए. खास बात थी कि अपने घर के किचन से अलग वरुण ने खाना बनाने का एक इंतजाम अपने गैराज में भी किया था. दरअसल, उनकी पत्नी और बच्चे शाकाहारी हैं, जबकि वरुण कभी-कभी नॉनवेज बनाकर खाते हैं. इस अपार्टमेंट में 2 कॉमन स्वीमिंग पूल हैं, सबके लिए जिम है. पार्टी के लिए ग्रिल भी लगे हैं. उनके बेटे को पेंटिंग का शौक है. उसने घर के अंदर पेंटिंग बनाकर टांगी हैं. इसमें सबसे खास सुपरस्टार रजनीकांत की पेंटिंग भी है.
यह भी पढ़ें | जर्मनी पढ़ने गई लड़की को यूनिवर्सिटी के पहले लेक्चर में ही याद आ गया भारत, बोली- 'यहां सीन काफी अलग है'
जब 'सब्जी मंडी' सुपरमार्ट में देखा खाट
वरुण के घर से थोड़ी ही दूर पर एक सुपरमार्केट है, जिसका नाम ही 'सब्जी मंडी' है. यहां रोटियां भी हैं, तो देसी अचार भी बिक रहा है. यहां तक कि समोसा भी है. 11 किलो का प्याज का पूरा कट्टा 20 डॉलर का मिल रहा है. इस सुपरमार्ट में सबसे हैरान करने वाली चीज एक शेल्फ के ऊपर देखने को मिली. वहां एक खाट रखा हुआ था, जिसे पंजाब में मंजी भी बोलते हैं.
आखिर में वरुण ने संटी को बताया कि अमेरिका के इस इलाके में फैमिली के साथ रहने में महीने का खर्चा भारतीय करेंसी में 5 लाख रुपए के आसपास पड़ जाता है. वहां मेडिकल इंश्योरेंस बहुत महंगा है. एक-एक इंसान का मेडिकल इंश्योरेंस 700 डॉलर के करीब का होता है. तो उसी हिसाब से यहां पर सैलरी भी होनी चाहिए.
यह भी पढ़ें | भाभा एटॉमिक का कंप्यूटर इंजीनियर बन गया संन्यासी, गंगोत्री में बताया- जीवन का मूल्य समझ आ गया
यह भी पढ़ें | ब्रिटिश बाप-बेटे भारत के रंग में रंगे, साउथ इंडिया के छिपे इलाकों में घूमकर बोले- जिंदगी को नया मकसद मिल गया
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं