विज्ञापन

इश्क, सनक और कत्ल... 16 साल छोटे सनकी आशिक ने सरेआम ली भारतीय महिला की जान, US में खूनी खेल

वारदात को अंजाम देकर आरोपी अपनी गाड़ी से फरार हो गया. फिर जब पुलिस ने सनकी आरोपी को पकड़ा तो उसने खुद को गोली मार ली. आरोपी का नाम रोहित बताया जा रहा है.

इश्क, सनक और कत्ल... 16 साल छोटे सनकी आशिक ने सरेआम ली भारतीय महिला की जान, US में खूनी खेल
शालिनी की मां सुदेश कुमारी के मुताबिक, रोहित शालिनी से शादी करना चाहता था.
NDTV
  • कैलिफोर्निय में भारतीय मूल की शालिनी ठाकुर को 22 वर्षीय रोहित ने दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी.
  • आरोपी रोहित ने शालिनी से शादी का प्रस्ताव ठुकराए जाने पर उनका पीछा कर लगातार उत्पीड़न किया था.
  • शालिनी ने कोर्ट से रेस्ट्रेनिंग ऑर्डर लिया था, लेकिन रोहित ने कोर्ट के आदेशों का उल्लंघन जारी रखा.

अमेरिका के कैलिफोर्निया स्थित सैक्रामेंटो में एक सनकी स्टॉकर ने 38 साल की भारतीय मूल की महिला शालिनी ठाकुर की दिनदहाड़े गोलियां मारकर हत्या कर दी. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने पुलिस से घिरने पर हाईवे के बीचों-बीच खुद को गोली मारकर खुदकुशी कर ली. यह हादसा सैक्रामेंटो के आर्डेन आर्केड इलाके स्थित 800 ब्लॉक हॉव एवेन्यू के एक शॉपिंग प्लाजा का है.

शालिनी ठाकुर दोपहर करीब 3 बजे अपने काम पर पहुंची थीं. जैसे ही वह गाड़ी से उतरकर 'पनेरा ब्रेड' रेस्टोरेंट की तरफ बढ़ीं, 22 साल का आरोपी रोहित वहां आ धमका और बहस करने लगा. अपनी जान बचाने के लिए शालिनी ने वहां से भागने की कोशिश की, लेकिन आरोपी रोहित ने उनका पीछा किया और उन पर अंधाधुंध गोलियां चला दीं

कई गोलियां लगने से जब शालिनी जमीन पर गिर पड़ीं, तो सनकी हमलावर ने बिल्कुल करीब जाकर उनके सिर में आखिरी गोली मारी. मौके पर पहुंची पुलिस और मेडिकल टीम ने शालिनी को मृत घोषित कर दिया.

पुलिस ने घेरा तो हाईवे पर खुद को मार ली गोली

वारदात को अंजाम देकर आरोपी अपनी गाड़ी से फरार हो गया. चश्मदीदों से कार की पहचान होने के बाद ही सैक्रामेंटो काउंटी शेरिफ ऑफिस ने लाइसेंस प्लेट रीडर सिस्टम एक्टिव कर दिया. कुछ ही मिनटों में कार ईस्टबाउंड हाईवे 50 पर ट्रेस हो गई.

जब पुलिस अधिकारियों ने कार को रोकने का प्रयास किया, तो आरोपी ने हाईवे के बीच में ही अचानक ब्रेक लगा दिए. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए हाईवे के सभी लेन बंद कर दिए गए. 

पुलिस के बख्तरबंद वाहनों ने संदिग्ध की कार को चारों तरफ से घेर लिया. जवानों ने बंदूकें तान लीं और कार का शीशा तोड़कर अंदर ड्रोन भेजा. अंदर का नजारा देखकर सब हैरान रह गए. रोहित ड्राइवर की सीट पर खून से लथपथ पड़ा था. उसने अपनी ही पिस्टल से खुद को गोली मार ली थी.

शादी से मना करने पर बना हैवान

शालिनी की मां सुदेश कुमारी के मुताबिक, रोहित शालिनी से शादी करना चाहता था. दोनों की पहली मुलाकात शालिनी के वर्कप्लेस पर डोरडैश पिकअप के दौरान हुई थी. शालिनी ने उम्र में 16 साल का बड़ा फासला होने के कारण उसके शादी के प्रस्ताव को साफ ठुकरा दिया था. इसी बात से खुन्नस खाकर वह शालिनी का पीछा करने लगा.

अदालती दस्तावेजों के अनुसार, सितंबर 2025 से उसका उत्पीड़न चरम पर पहुंच गया था. रोहित शालिनी के घर के बाहर घंटों खड़ा रहता था, उनकी गाड़ी के टायर पंचर कर देता था और उन पर नजर रखने के लिए गाड़ी के नीचे 'एप्पल एयरटैग' तक छिपा दिया था. हद तो तब हो गई जब उसने शालिनी के फ्लैट की नकली चाबी बनवा ली और उनके सोते समय चुपके से घर में घुस गया.

कोर्ट का स्टे ऑर्डर भी नहीं रोक पाया सनकी को

रोहित की हरकतों से तंग आकर और पुलिस की सलाह पर शालिनी ने मई में उसके खिलाफ कोर्ट से 'रेस्ट्रेनिंग ऑर्डर' (संरक्षण आदेश) हासिल किया था. 19 मई को रोहित को यह आदेश थमाया भी गया, लेकिन उसकी सनक कम नहीं हुई. जुलाई के अंत में उसने शालिनी के घर के बाहर राशन का सामान छोड़कर कोर्ट के आदेश का उल्लंघन किया था. 

जांच अधिकारियों के मुताबिक, रोहित एक गैर-कानूनी प्रवासी था, जिसे पहले एरिज़ोना में हिरासत में भी लिया जा चुका था.

मां से कहा था- '15 मिनट में कॉल करती हूं', फिर कभी नहीं आया फोन

शालिनी के पिता का दो साल पहले ही निधन हो चुका था और वह अपनी मां का एकमात्र सहारा थीं. घटना वाले दिन दोपहर 1:58 बजे शालिनी की अपनी मां से बात हुई थी. उन्होंने मां से कहा था कि वह 15 मिनट में दोबारा फोन करेंगी.

जब एक घंटे तक फोन नहीं आया, तो बेबस मां ने कई बार कॉल और व्हाट्सएप मैसेज किए, "प्लीज कॉल मी", "मुझे तुम्हारी चिंता हो रही है". लेकिन दूसरी तरफ से कोई जवाब नहीं आया. कुछ ही देर बाद मां को बेटी की हत्या की खबर मिली.

यह भी पढ़ें: राजकुमारी डायना की 1994 में पहनी ड्रेस की हो रही नीलामी, कीमत है करोड़ों में

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
US Crime News, America Crime
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com