- भारत और अमेरिका ने व्यापार समझौते पर सहमति जताई है, भारत पर टैरिफ 50 प्रतिशत से घटकर 18 प्रतिशत हो जाएगा
- नए समझौते के बाद भारत को अमेरिका द्वारा एशियाई देशों में सबसे कम टैरिफ दर का लाभ मिलेगा
- अमेरिका ने ब्राजील, म्यांमार, चीन जैसे देशों पर अधिक टैरिफ लगाए हैं, जबकि EU और जापान पर भारत से कम टैरिफ है
India US Trade Deal: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि भारत और अमेरिका एक व्यापार समझौते पर सहमत हो गए है. इसके तहत भारत रूसी तेल के खरीद को रोकेगा और अमेरिकी सामानों पर व्यापार बाधाओं को कम करेगा. बदले में अमेरिकी सरकार भारतीय वस्तुओं पर अपना टैरिफ मौजूदा 50 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत कर देगी. अमेरिकी राष्ट्रपति ने भारतीय प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी के साथ कॉल पर बातचीत के बाद सोशल मीडिया पर इस डील की घोषणा की है, जिसमें कहा गया कि भारत अब अमेरिका और संभावित रूप से वेनेजुएला से तेल खरीदेगा.
प्रधान मंत्री मोदी ने कहा कि उन्हें खुशी है कि "भारत में बने उत्पादों पर अब 18 प्रतिशत की कम टैरिफ लगेगी". पीएम मोदी ने कहा, "आज अपने प्रिय मित्र राष्ट्रपति ट्रंप से बात करके बहुत अच्छा लगा. खुशी है कि भारत में बने उत्पादों पर अब 18 प्रतिशत की कम दर लगेगी. इस अद्भुत घोषणा के लिए भारत के 1.4 अरब लोगों की ओर से राष्ट्रपति ट्रंप को बहुत-बहुत धन्यवाद."
दूसरे देशों की तुलना में कितनी महंगी-सस्ती है भारत-अमेरिका डील?
नए समझौते के बाद, भारत अब चीन, पाकिस्तान, इंडोनेशिया, बांग्लादेश और वियतनाम सहित अन्य प्रमुख एशियाई अर्थव्यवस्थाओं की तुलना में डोनाल्ड ट्रंप सरकार की सबसे कम टैरिफ दरों का सामना करने वाले देशों में से एक है. हालांकि दूसरी तरफ भारत के साथ व्यापार पर अमेरिका ने जो 18 प्रतिशत का टैरिफ लगाया है, वो अभी भी अमेरिका द्वारा अपने यूरोपीय पार्टनर देशों और जापान- साउथ कोरिया पर लगाए गए टैरिफ से थोड़ा अधिक है.
भारत से अधिक टैरिफ किन देशों पर लगा है?
अमेरिका से सबसे अधिक टैरिफ का सामना करने वाले कुछ देशों में ब्राजील (50 प्रतिशत), म्यांमार (40 प्रतिशत), लाओस (40 प्रतिशत), चीन (37 प्रतिशत) और दक्षिण अफ्रीका (30 प्रतिशत) शामिल हैं. वहीं दक्षिण पूर्व एशिया में, हाई टैरिफ का सामना करने वाले देशों में वियतनाम (20 प्रतिशत), बांग्लादेश (20 प्रतिशत), पाकिस्तान (19 प्रतिशत), मलेशिया (19 प्रतिशत), कंबोडिया (19 प्रतिशत) और थाईलैंड (19 प्रतिशत) शामिल हैं.
भारत से कम टैरिफ किन देशों पर लगा है?
जिन देशों ने अमेरिका के साथ सबसे कम टैरिफ समझौता किया है उनमें यूनाइटेड किंगडम (10 प्रतिशत), यूरोपीय संघ (15 प्रतिशत), स्विट्जरलैंड (15 प्रतिशत), जापान (15 प्रतिशत) और साउथ कोरिया (15 प्रतिशत) शामिल हैं.
यह भी पढ़ें: डोनाल्ड ट्रंप कैसे बदलते रहे अपनी भारत नीति? 1 साल की टाइमलाइन से समझिए
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं