विज्ञापन

अफगानिस्तान पर पाक हमलों की भारत ने की निंदा, नागरिकों की मौत पर जताई चिंता

अफगानिस्तान पर पाकिस्तान के एयर स्ट्राइक की भारत ने कड़ी निंदा की है. विदेश मंत्रालय ने नागरिकों की मौत और सिविलियन इंफ्रास्ट्रक्चर को नुकसान पर गंभीर चिंता जताई है.

अफगानिस्तान पर पाक हमलों की भारत ने की निंदा, नागरिकों की मौत पर जताई चिंता
  • भारतीय विदेश मंत्रालय ने अफगानिस्तान में पाक के हमलों की निंदा करते हुए लोगों की मौत को गंभीर चिंता जाहिर की
  • अफगानिस्तान ने पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के सैन्य केंद्रों पर जवाबी हवाई हमले किए
  • अफगान रक्षा मंत्रालय ने कोहाट के सैन्य किले और डूरंड लाइन के पास युद्ध कमांड सेंटर को निशाना बनाने की सूचना दी
नई दिल्ली:

एक तरफ पश्चिम एशिया में भीषण तनाव जारी है, तो वहीं दूसरी ओर पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच भी संघर्ष का दौर चल रहा है. पाकिस्तान अफगानिस्तान में नागरिकों वाले इलाके पर भी हमले कर रहा है. पाकिस्तान-अफगानिस्तान संघर्ष पर भारत के विदेश मंत्रालय ने अपनी प्रतिक्रिया जाहिर की है. भारत के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने प्रेस ब्रीफिंग के दौरान दोनों देशों के बीच जारी तनाव को लेकर कहा, "भारत अफगानिस्तान के इलाके में पाकिस्तान के एयर स्ट्राइक की निंदा करता है, जिसमें कई आम लोगों की मौत हो गई और सिविलियन इंफ्रास्ट्रक्चर तबाह हो गया. यह पाकिस्तानी सरकार का एक और हमला है, जो एक आजाद अफगानिस्तान के विचार का दुश्मन बना हुआ है. भारत फिर से कहता है कि अफगानिस्तान की आजादी और इलाके की एकता का पूरा सम्मान किया जाना चाहिए."

ये भी पढ़ें : पाकिस्तान के सैन्य अड्डे पर अफगानिस्तान ने किया ड्रोन अटैक, 14 सैनिक मारे गए, 11 घायल

पाकिस्तानी हमलों के जवाब में अफगानिस्तान की एयर स्ट्राइक

अफगानिस्तान के राष्ट्रीय रक्षा मंत्रालय ने शुक्रवार को कहा कि उसने पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के कोहाट जिले में पाकिस्तानी सैन्य केंद्रों और प्रतिष्ठानों पर हवाई हमले किए हैं. ये हमले गुरुवार रात को पाकिस्तान की ओर से किए गए हवाई हमलों के जवाब में किए गए. काबुल की ओर से जारी बयान के अनुसार, हमले में कोहाट का सैन्य किला और डूरंड लाइन के पास युद्ध कमांड सेंटर को निशाना बनाया गया. अफगानिस्तान के राष्ट्रीय रक्षा मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर कहा, "पाकिस्तानी सैन्य शासन की ओर से रात की घुसपैठ के जवाब में अफगान वायु सेना ने शुक्रवार की सुबह कोहाट क्षेत्र में पाकिस्तानी सेना के रणनीतिक सैन्य केंद्रों और प्रतिष्ठानों पर हमले किए."

कोहाट में सैन्य ठिकानों पर हमले, भारी नुकसान का दावा

मंत्रालय ने एक अन्य पोस्ट में लिखा, "इन हमलों के दौरान कोहाट सैन्य किले को निशाना बनाया गया जबकि डूरंड लाइन के पास युद्ध कमांड सेंटर, जो किले से लगभग दो किलोमीटर दूर है और किले के कमांडर का कार्यालय भी सटीक रूप से निशाने पर थे." बयान में बताया गया है कि इन हमलों के परिणामस्वरूप किले के सैन्य प्रतिष्ठान, कमांड सेंटर, गोदाम और सैनिकों के आवासीय क्षेत्र नष्ट हो गए, जिससे भारी क्षति हुई. तालिबान प्रवक्ता जबिहुल्लाह मिजाहिद ने कहा कि पाकिस्तान ने कई अफगान प्रांतों में नए सैन्य हमले किए, जिनमें काबुल, कंधार, पक्तिया और पक्तिका शामिल हैं, जिससे महिलाओं और बच्चों की मौत हुई.

ये भी पढ़ें : मुंहतोड़ जवाब में तबाह क‍िए पाकिस्तान के सैन्य ठिकाने...अफगान रक्षा मंत्रालय

नागरिक इलाकों पर बमबारी का आरोप, तालिबान की कड़ी निंदा

मिजाहिद ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "पिछले आक्रमणों और अपराधों की तरह, पाकिस्तानी सैन्य शासन ने फिर से काबुल, कंधार, पक्तिया, पक्तिका और कुछ अन्य क्षेत्रों पर बमबारी की. कुछ जगहों पर उन्होंने नागरिकों के घरों को निशाना बनाया, जिससे महिलाओं और बच्चों की मौत हुई, और कुछ जगहों पर रेगिस्तान और निर्जन क्षेत्रों को निशाना बनाया." उन्होंने इन हमलों की निंदा करते हुए कहा, "पवित्र रमजान के अंतिम दस दिनों और ईद-उल-फितर की कगार पर यह अन्यायपूर्ण हमला स्पष्ट करता है कि वे किसी मानवता या नैतिक मूल्यों का पालन नहीं करते। इस्लामी अमीरात इस हमले की कड़ी निंदा करता है."

(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
India Statement, Pakistan Afghanistan Conflict, Pakistan Airstrikes, India Condemns Pakistan, Afghanistan Attack, MEA Statement, Randhir Jaiswal, Civilian Casualties
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com