अमेरिका की संघीय जांच एजेंसी एफबीआई (FBI) ने भारतीय मूल के मंजीत सिंह बेदी को अपनी मोस्ट वांटेड फ्रॉडस्टर्स सूची में शामिल किया है. बेदी पर अमेरिकी सरकार की फूड असिस्टेंस योजना से जुड़े लाभार्थियों के साथ धोखाधड़ी कर लाखों डॉलर का नुकसान पहुंचाने का आरोप है. एफबीआई के मुताबिक वह वॉशिंगटन राज्य के टाकोमा शहर में एक किराना स्टोर संचालित करता था और सरकारी लाभ पाने वाले लोगों को खाद्य सामग्री देने के बजाय नकद रकम देकर योजना का दुरुपयोग करता था. जांच एजेंसियों का दावा है कि आरोप लगने के बाद वह कनाडा होते हुए भारत भाग गया.
अमेरिकी खाद्य सहायता योजना में धोखाधड़ी का आरोप
एफबीआई के अनुसार मंजीत सिंह बेदी टाकोमा स्थित "एशियन ग्रोसरी स्टोर" नाम से एक छोटा किराना प्रतिष्ठान चलाता था. यह दुकान अमेरिकी सरकार की सप्लीमेंटल न्यूट्रिशन असिस्टेंस प्रोग्राम (SNAP) योजना से जुड़ी हुई थी. आरोप है कि बेदी योजना के लाभार्थियों के इलेक्ट्रॉनिक बेनिफिट ट्रांसफर (EBT) कार्ड स्वाइप करता था और खाद्य सामग्री देने के बजाय उन्हें नकद रकम देता था. एफबीआई का कहना है कि वह इस प्रक्रिया में प्राप्त राशि का करीब आधा हिस्सा अपने पास रख लेता था.
The #FBI has added Manjit Singh Bedi to its Most Wanted Fraudsters List. He is #wanted for his alleged involvement in a benefits fraud scheme that defrauded the United States Government out of at least $600,000 between March of 2024 and June of 2025 in Tacoma, Washington. A… pic.twitter.com/oGJNdkz9E8
— FBI Most Wanted (@FBIMostWanted) September 3, 2026
6 लाख डॉलर से अधिक की ठगी का दावा
जांच एजेंसी के मुताबिक मार्च 2024 से जून 2025 के बीच बेदी ने अमेरिकी सरकार को कम से कम 6 लाख अमेरिकी डॉलर का नुकसान पहुंचाया. इस मामले में उस पर वायर फ्रॉड और SNAP लाभ धोखाधड़ी से संबंधित आरोप लगाए गए हैं. एफबीआई ने कहा है कि बेदी अमेरिकी नागरिकता प्राप्त कर चुका था और कानूनी रूप से अमेरिका में रह रहा था.

FBI Most Wanted Fraudsters List: मंजीत सिंह पर रखा इनाम
Photo Credit: FBI
अदालत में पेशी के बाद फरार
एफबीआई के अनुसार आरोप तय होने के बाद बेदी को गिरफ्तार नहीं किया गया था, बल्कि उसे अदालत में पेश होने की अनुमति दी गई थी. अदालत ने उसे अपना पासपोर्ट जमा कराने और वॉशिंगटन राज्य के भीतर ही रहने का निर्देश दिया था. हालांकि एजेंसी का दावा है कि इसके बावजूद वह सड़क मार्ग से कनाडा पहुंच गया और वहां से भारत भाग निकला.
गिरफ्तारी पर 1.5 लाख डॉलर का इनाम
एफबीआई ने मंजीत सिंह बेदी की गिरफ्तारी और दोषसिद्धि तक पहुंचाने वाली जानकारी देने पर 1 लाख 50 हजार डॉलर तक के इनाम की घोषणा की है. एजेंसी के मुताबिक निगरानी संबंधी शर्तों के उल्लंघन के मामले में 21 मई को अमेरिकी जिला अदालत द्वारा उसके खिलाफ संघीय गिरफ्तारी वारंट भी जारी किया गया था. फिलहाल एफबीआई बेदी की तलाश में जुटी हुई है और उससे संबंधित जानकारी रखने वाले लोगों से एजेंसी को सूचना देने की अपील की गई है.
यह भी पढ़ें : FBI की मोस्ट वांटेड लिस्ट में शामिल भारत का हरमनवीर सिंह, अमेरिका, कनाडा, मैक्सिको तक फैला ड्रग्स नेटवर्क
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं