Meta ने Virtual Reality की दुनिया में एक बड़ा बदलाव पेश किया है. कंपनी ने अपने नए Meta VR Glasses पेश किए हैं. ये नए VR ग्लासेज पुराने भारी-भरकम VR हेडसेट से काफी अलग हैं. इन्हें इस तरह डिजाइन किया गया है कि यूजर इन्हें रोजमर्रा में भी पहन सके. कंपनी के मुताबिक, ये ग्लासेज करीब 100 ग्राम वजन के हैं. इनकी बिक्री अमेरिका में 2027 से शुरू होगी. इसकी कीमत $1,299.99 (लगभग 1.25 लाख रुपये) रखी गई है.
Meta का कहना है कि नए VR Glasses का फोकस सिर्फ ज्यादा पावरफुल VR एक्सपीरियंस देने पर नहीं, बल्कि इसे हल्का और आरामदायक बनाने पर भी है. कंपनी ने ग्लासेज के कंप्यूटिंग हार्डवेयर को अलग कर दिया है, जिससे चेहरे पर पहने जाने वाला हिस्सा काफी हल्का हो गया है.
सिर्फ 100 ग्राम का है Meta VR Glasses
Meta VR Glasses का वजन करीब 100 ग्राम है. कंपनी के CEO Mark Zuckerberg के मुताबिक, ये Meta Quest 3 के वजन के पांचवें हिस्से से भी कम है. उन्होंने इसकी तुलना कार्ड्स के एक डेक के वजन से की. इस कम वजन के पीछे ग्लासेज का स्प्लिट आर्किटेक्चर है. Meta ने प्रोसेसर, बैटरी और स्टोरेज जैसे कंप्यूटिंग कंपोनेंट्स को ग्लासेज के फ्रेम में फिट करने के बजाय एक अलग छोटे रेक्टेंगुलर बॉक्स में रखा है.
इसको यूजर अपनी पॉकेट या बैग में क्लिप कर सकता है. ग्लासेज और पक के बीच एक ऑप्टिकल टेथर कनेक्शन दिया गया है. यानी चेहरे पर पहनने वाले हिस्से को हल्का रखने के लिए कंप्यूटर को दो हिस्सों में बांट दिया गया है.
हाई-रेजोल्यूशन एक्सपीरियंस
Meta VR Glasses में 5K Infinite Display दिया गया है, जो माइक्रो-OLED पैनल पर बेस्ड है. इसमें 37 पिक्सल प्रति डिग्री का सपोर्ट है. Meta के मुताबिक, इसे इस तरह डिजाइन किया गया है कि यूजर छोटे टेक्स्ट और डिटेल्स को भी साफ देख सके. ग्लासेज में कॉम्पैक्ट ऑप्टिकल सिस्टम के लिए पैनकेक लेंस का इस्तेमाल किया गया है. इसके अलावा Dolby Vision और Dolby Atmos स्पेशियल ऑडियो का सपोर्ट भी मिलेगा.
Excited to finally share what we've been building: Meta VR Glasses.
— Yoon Park (박동윤) (@cre8ivepark) September 24, 2026
Our team has spent a long stretch at Meta shaping how you interact with VR Glasses. As someone who's been in this industry a while, this feels like a genuine breakthrough moment.
Can't wait for you all to… pic.twitter.com/2hvlTS4cs2
यानी Meta इन्हें सिर्फ VR डिवाइस के तौर पर नहीं, बल्कि एक पोर्टेबल सिनेमा की तरह भी पेश कर रही है. यूजर बड़ी वर्चुअल स्क्रीन पर फिल्म देख सकता है और हाई-क्वालिटी ऑडियो के साथ इमर्सिव एक्सपीरियंस ले सकता है.
आसपास की दुनिया भी दिखती रहेगी
पारंपरिक VR हेडसेट के मुकाबले Meta VR Glasses में एक बड़ा बदलाव किया गया है. ग्लासेज के साइड खुले हैं और इनमें पासथ्रू कैमरे दिए गए हैं. इसका मतलब है कि ग्लासेज पहनने के दौरान यूजर अपने आसपास के वातावरण से पूरी तरह कटेगा नहीं. वह वर्चुअल कंटेंट देखने के साथ अपने आसपास की फिजिकल दुनिया को भी अवेयर रहकर देख सकेगा. यूजर विमान में सफर करते समय कई वर्चुअल स्क्रीन पर काम कर सकता है, बड़ी स्क्रीन पर फिल्म देख सकता है, गेम खेल सकता है या दूसरे वर्चुअल कंटेंट के साथ इंटरैक्ट कर सकता है.
Meta AI से आवाज, आंखों और हाथों से होगा कंट्रोल
Meta ने अपने Meta AI एजेंट को सीधे डिवाइस के ऑपरेटिंग सिस्टम में इंटीग्रेट किया है. कंपनी के मुताबिक, यूजर ग्लासेज को आवाज, आंखों की मूवमेंट और नेचुरल हैंड जेस्चर के जरिए कंट्रोल कर सकेगा. इसकी मदद से ऐप्स लॉन्च करने, फिल्म चलाने, वर्कस्पेस बदलने और इंटरनेट पर जानकारी सर्च करने जैसे काम बिना फिजिकल कंट्रोलर के किए जा सकेंगे.
डिवाइस में Qualcomm का Snapdragon Reality Elite प्रोसेसर दिया गया है. वहीं, एक्सटर्नल पक में मौजूद बैटरी हाई-रेजोल्यूशन मीडिया प्लेबैक के दौरान तीन घंटे तक का बैकअप देने में कैपेबल होने का दावा किया गया है. इसमें 45W फास्ट चार्जिंग भी मिलेगी.
IMAX और Disney का मिलेगा खास 3D कंटेंट
Meta VR Glasses में एंटरटेनमेंट पर भी काफी फोकस किया गया है. कंपनी के मुताबिक, ये पहला IMAX Enhanced-certified VR डिवाइस होगा, जिसमें चुनिंदा फिल्मों को IMAX के एक्सपैंडेड आस्पेक्ट रेशियो में देखा जा सकेगा. Meta ने Disney के साथ भी पार्टनरशिप का ऐलान किया है. Disney+ सब्सक्राइबर्स को सपोर्टेड मार्केट्स में चुनिंदा 3D फिल्में देखने का मौका मिलेगा. इसके अलावा Star Wars, Marvel और Monsters, Inc. जैसी फ्रेंचाइजी से इंस्पायर्ड इमर्सिव एनवायरमेंट भी उपलब्ध होंगे.
कंपनी VR Enhanced Cinema नाम का एक नया फॉर्मेट भी ला रही है. इसमें फिल्म देखने के दौरान यूजर के आसपास का वर्चुअल एनवायरमेंट भी फिल्म का हिस्सा बन जाएगा. Avengers: Infinity War और Star Wars: A New Hope जैसी फिल्मों के इस फॉर्मेट के लिए वर्जन तैयार किए जाएंगे.

Prime Video से लेकर YouTube तक कई प्लेटफॉर्म का सपोर्ट
Meta VR Glasses के एंटरटेनमेंट इकोसिस्टम में Amazon Prime Video, YouTube, DIRECTV, AMC+, Crunchyroll, Plex और Tubi जैसी सर्विसेज शामिल होंगी. Peacock, HBO Max और Paramount+ भी अपने 3D कैटलॉग को इस प्लेटफॉर्म पर ला रहे हैं. Meta के मुताबिक, VR Glasses लॉन्च होने के बाद हर साल 100 से ज्यादा इमर्सिव लाइव स्पोर्ट्स इवेंट्स प्लान किए गए हैं. यानी यूजर टीवी पर मैच देखने के बजाय वर्चुअल कोर्टसाइड या स्टेडियम पोजिशन से मैच देखने जैसा एक्सपीरियंस ले सकता है.
सिर्फ फिल्म और स्पोर्ट्स नहीं, काम भी आएगा
Meta VR Glasses को सिर्फ एंटरटेनमेंट डिवाइस नहीं बनाया गया है. यूजर अपनी जरूरत के हिसाब से एक बड़ी वर्चुअल स्क्रीन या कई स्क्रीन बना सकता है. ग्लासेज को Mac या Windows PC से वायरलेस तरीके से या USB-C के जरिए कनेक्ट किया जा सकता है. इससे यूजर को एक प्राइवेट वर्चुअल वर्कस्पेस मिल सकता है. डिवाइस किसी टेबल या डेस्क को वर्चुअल कीबोर्ड और टचपैड की तरह इस्तेमाल करने की सुविधा भी देता है. यानी अलग से कीबोर्ड या टचपैड ले जाने की जरूरत कम हो सकती है.
75 से ज्यादा गेम्स में हैंड जेस्चर कंट्रोल
Gaming भी Meta VR Glasses का एक बड़ा हिस्सा है. लॉन्च के समय 75 से ज्यादा गेम्स में हैंड जेस्चर कंट्रोल का सपोर्ट मिलेगा. इसके अलावा ग्लासेज में Meta Quest के बड़े गेम कैटलॉग का एक्सेस और Touch Plus कंट्रोलर्स का सपोर्ट भी बना रहेगा. Xbox Cloud Gaming की मदद से यूजर Bluetooth कंट्रोलर के जरिए सीधे ग्लासेज पर गेम्स स्ट्रीम कर सकेगा.
वीडियो कॉल में दिखेगा यूजर का रियलिस्टिक होलोग्राम
Meta ने VR Glasses में अपनी होलोग्राम टेक्नोलॉजी को भी शामिल किया है. कंपनी के मुताबिक, यह यूजर का एक फोटो-रियलिस्टिक डिजिटल रिप्रेजेंटेशन तैयार कर सकता है. इसमें चेहरे के एक्सप्रेशन और रिएक्शन भी शामिल होंगे. वीडियो कॉल के दौरान यह होलोग्राम दूसरे VR Glasses यूजर के सामने दिखाई दे सकता है. स्पेशियल ऑडियो की मदद से आवाज को वर्चुअल स्पेस में सही जगह से आने जैसा अनुभव दिया जाएगा.
अगर सामने वाला व्यक्ति सामान्य फोन या कंप्यूटर से कॉल में जुड़ा है, तो उसे स्क्रीन पर यह होलोग्राम दिखाई देगा. यह टेक्नोलॉजी WhatsApp और Zoom समेत कई कॉलिंग सर्विसेज पर काम करेगी.
साल 2027 में होगी बिक्री शुरू
Meta का मानना है कि VR का अगला फेज सिर्फ हेडसेट को ज्यादा पावरफुल बनाने का नहीं है. कंपनी अब इसे रोजमर्रा की जिंदगी में ज्यादा आसान और आरामदायक बनाने पर फोकस कर रही है. Meta VR Glasses की अमेरिका में बिक्री Spring 2027 से शुरू होगी. भारत और दूसरे मार्केट्स में इसकी उपलब्धता को लेकर अभी कंपनी ने जानकारी नहीं दी है.
ये भी पढ़ें- ChatGPT से भूलकर भी न पूछे ये सवाल, जेल जाने की आ सकती है नौबत, चौथा सबसे जरूरी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं