- पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान ने नौ महीने बाद जेल में अपनी बहन और पत्नी से मुलाकात की है
- सुप्रीम कोर्ट ने इमरान खान को परिवार से हर हफ्ते मिलने और प्राइवेट हॉस्पिटल में शिफ्ट करने की अनुमति दी थी
- इमरान खान भ्रष्टाचार मामले में 14 साल की सजा काट रहे हैं और 2023 से अदियाला जेल में बंद हैं
पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान ने नौ महीने में पहली बार रावलपिंडी की अदियाला जेल में अपनी बहन और पत्नी से मुलाकात की है. पाकिस्तान के सुप्रीम कोर्ट ने एक दिन पहले इमरान खान की सेहत को लेकर चिंता के बीच उनसे परिवार की हर हफ्ते मुलाकात की इजाजत दे दी थी. उन्हें प्राइवेट हॉस्पिटल में शिफ्ट करने को भी कहा था. पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ राजनीतिक पार्टी के संस्थापक इमरान खान 2023 से अदियाला जेल में हैं और उन पर कई मामले चल रहे हैं. क्रिकेटर से नेता बने इमरान खान अभी भ्रष्टाचार मामले में 14 साल की सजा काट रहे हैं.
'डॉन' की एक रिपोर्ट के मुताबिक, उनकी बहन नूरीन नियाजी ने इस साल पहली बार उनसे 15 मिनट तक मुलाकात की. जेल के सूत्रों का हवाला देते हुए पाकिस्तानी अखबार ने बताया कि दोनों की मुलाकात जेल के कॉन्फ्रेंस रूम में हुई, जहां उन्होंने उनकी सेहत और दूसरे मुद्दों पर बातचीत की. उन्होंने बताया कि नूरीन ने उन्हें सुप्रीम कोर्ट के उस आदेश के बारे में भी जानकारी दी जिसमें उन्हें मेडिकल चेकअप के लिए शिफा इंटरनेशनल हॉस्पिटल ले जाने को कहा गया था.
जेल में ही बंद पत्नी से भी मुलाकात
इसके अलावा, जेल में बंद इमरान खान की पत्नी बुशरा बीबी ने भी मंगलवार को जेल के एक कॉन्फ्रेंस रूम में अपने पति से मुलाकात की. जेल के सूत्रों ने 'एक्सप्रेस ट्रिब्यून' को बताया कि इमरान खान और उनकी पत्नी के बीच मुलाक़ात लगभग 30 से 35 मिनट तक चली. अडियाला जेल में बंद बुशरा बीबी ने भी अपने परिवार के अन्य मेंबर से मुलाकात की. उनके बच्चों मूसा और मुबशरा मानेका और ननद मेहरुन्निसा के साथ उनकी मुलाकात 40 मिनट तक चली.
ये बच्चे उनकी पहली शादी से हैं, जो तलाक पर खत्म हुई थी, और उसके बाद उन्होंने इमरान खान से शादी की थी. इससे पहले, सुप्रीम कोर्ट ने सरकार को आदेश दिया था कि इमरान खान को मेडिकल इलाज के लिए दो दिनों के भीतर शिफा इंटरनेशनल हॉस्पिटल में शिफ्ट किया जाए और उन्हें 16 सितंबर तक वहीं रखा जाए.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं