- बांग्लादेश के दिनाजपुर जिले में जमीन विवाद में मध्यस्थता कर रहे शिक्षक मनोरंजन रॉय की हत्या कर दी गई है
- 55 वर्षीय मनोरंजन रॉय चक सुखदेबपुर के सरकारी प्राइमरी स्कूल में शिक्षक थे और विवाद सुलझाने की कोशिश कर रहे थे
- आरोपी असदुज्जमां ने अजीजुल मास्टर के परिवार से जमीन विवाद के बीच मनोरंजन रॉय पर डंडों से हमला कर दिया
बांग्लादेश में हिंदू समुदाय के एक टीचर की हत्या कर दी गई है. वह एक जमीन विवाद में मध्यस्थता करने की कोशिश कर रहे थे, इसी दौरान उन पर हमला हुआ और उनकी मौत हो गई. वह बांग्लादेश के दिनाजपुर जिले में रहते थे और वहीं पर एक जमीन और सड़क से जुड़े विवाद में पहुंचे थे. यह घटना दिनाजपुर के पार्बतीपुर उपजिला की है. स्थानीय पुलिस ने एक व्यक्ति को इस मामले में अरेस्ट किया है. इस हमले में मारे गए शिक्षक की पहचान मनोरंजन रॉय के रूप में हुई है. 55 साल के मनोरंजन एक सरकारी स्कूल में टीचर थे. उनकी हत्या के आरोप में गिरफ्तार शख्स का नाम असदुज्जमां हैं. मनोरंजन रॉय चक सुखदेबपुर के एक सरकारी प्राइमरी स्कूल में टीचर थे.
फिलहाल इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस की तैनाती की गई है. स्थानीय प्रशासन का कहना है कि जमीन के विवाद में बहस हो रही थी. इसी दौरान मनोरंजन रॉय ने कुछ कहा और आरोपी ने उनके सिर पर डंडों से वार किए. इसी में उनकी मौके पर ही मौत हो गई. मनोरंजन रॉय के शव को दिनाजपुर मेडिकल कॉलेज में पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया. हैरानी की बात यह है कि जमीन विवाद में मनोरंजन रॉय का कुछ लेना-देना नहीं था. वह तो दोनों पक्षों को समझाकर समझौता ही कराने की कोशिश कर रहे थे. असदुज्जमां के परिवार का एक सड़क और उसके साथ लगती जमीन को लेकर अजीजुल मास्टर के परिवार से विवाद है.
इसी मामले में रविवार को दोनों पक्षों की मीटिंग चल रही थी. मनोरंजन रॉय का इलाके में सम्मान था और उन्हें समझौता कराने के लिए बुलाया गया था. इसी दौरान असदुज्जमां भड़क गया और उसने हमला बोल दिया. लाठी-डंडों से किए गए हमले में शिक्षक मनोरंजन रॉय की मौत हो गई. इस मामले में कोई सांप्रदायिक एंगल नहीं पाया गया है, लेकिन बीते कुछ समय में बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों के लिए माहौल चिंताजनक हुआ है. दिनाजपुर जिला भारत के पश्चिम बंगाल राज्य से सटा हुआ है. इस जिले का सांप्रदायिक दंगों और तनाव का एक इतिहास रहा है. बता दें कि इसी साल अप्रैल में देवी काली के एक मंदिर में तोड़फोड़ हुई थी. इसके अलावा एक ईसाई धार्मिक स्थान को आग लगा दी गई थी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं