विज्ञापन

गरीबी हटाने में भारत ने बनाया रिकॉर्ड, 12 साल में 49.6 करोड़ लोग आए गरीबी रेखा से बाहर, कंगाल पाकिस्तान के बिगड़े हालात

रिपोर्ट के अनुसार, भारत ने पिछले 12 सालों में करीब 49.6 करोड़ लोगों को एक्सट्रीम पावर्टी से बाहर निकाला है, जिससे देश में गरीबी दर घटकर मात्र 2.6% रह गई है. वहीं, पड़ोसी पाकिस्तान में खराब नीतियों के कारण एक्सट्रीम पावर्टी दर 16.5% से बढ़कर 23% हो गई है.

गरीबी हटाने में भारत ने बनाया रिकॉर्ड, 12 साल में 49.6 करोड़ लोग आए गरीबी रेखा से बाहर, कंगाल पाकिस्तान के बिगड़े हालात
भारत में तेजी से घटी गरीबी

भारत ने गरीबी कम करने के मामले में पिछले कुछ सालों बड़ी सफलता हासिल की है. यूरोपियन टाइम्स में प्रकाशित एक लेख के मुताबिक, भारत में एक्सट्रीम पावर्टी यानी बहुत ज्यादा गरीबी (Extreme Poverty) की दर 2011 में 27.1 फीसदी थी, जो 2023 में घटकर 2.6 फीसदी रह गई. इस दौरान करीब 49.6 करोड़ लोग एक्सट्रीम पावर्टी की स्थिति से बाहर आए. वहीं, पड़ोसी देश पाकिस्तान में गरीबी कम होने के बजाय बढ़ी है. वहां गरीबी की दर बढ़कर 23 फीसदी हो गई है.

यूरोपियन टाइम्स में प्रकाशित एक लेख में भारत और पाकिस्तान की गरीबी की स्थिति की तुलना की गई है. इसमें वर्ल्ड बैंक की इसी महीने जारी गरीबी और समानता रिपोर्ट के आंकड़ों का हवाला दिया गया है. रिपोर्ट के अनुसार, दोनों देशों में गरीबी कम करने के प्रयासों के नतीजे बिल्कुल अलग रहे हैं.

भारत में 27.1% से घटकर 2.6% हुई एक्सट्रीम पावर्टी

वर्ल्ड बैंक के आंकड़ों के अनुसार, भारत में 2011 में एक्सट्रीम पावर्टी की दर 27.1 फीसदी थी. यह 2023 में घटकर 2.6 फीसदी पर आ गई. यह आंकड़ा रोजाना 3 डॉलर की गरीबी रेखा के आधार पर है. रिपोर्ट में गरीबी कम होने के पीछे रोजगार के अवसर बढ़ने को एक बड़ी वजह बताया गया है. 2017 से 2023 के बीच भारत में करीब 13.4 करोड़ रोजगार बढ़े. यह कामकाजी उम्र की आबादी में हुई बढ़ोतरी से लगभग दोगुना है. इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाओं को भी रोजगार मिला. इसके अलावा, सरकार की खाद्य सहायता योजनाओं का दायरा बढ़ने से भी गरीब परिवारों को राहत मिली. आधार और सीधे बैंक अकाउंट में पैसे भेजने की व्यवस्था यानी डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) ने सरकारी योजनाओं का फायदा लोगों तक पहुंचाने में मदद की. रिपोर्ट में कहा गया है कि इस व्यवस्था से बिचौलियों की भूमिका कम हुई और सरकारी धन की हेराफेरी रोकने में मदद मिली.

पाकिस्तान में बढ़कर 23% हुई गरीबी

भारत के उलट पाकिस्तान में एक्सट्रीम पावर्टी की स्थिति और खराब हुई है. वर्ल्ड बैंक की रिपोर्ट के मुताबिक, पाकिस्तान में रोजाना 3 डॉलर की आय वाली गरीबी रेखा के आधार पर गरीबी दर 2018-19 में 16.5 फीसदी थी. 2024 तक यह बढ़कर 23 फीसदी हो गई. इसका मतलब है कि पाकिस्तान में करीब 5.8 करोड़ लोग इस गरीबी रेखा के नीचे जीवन गुजार रहे हैं. पाकिस्तान के योजना मंत्रालय के आंकड़ों में भी गरीबी बढ़ने की बात सामने आई है. वहां राष्ट्रीय गरीबी दर 21.9 फीसदी से बढ़कर 28.9 फीसदी हो गई है.

पाकिस्तान में अमीर-गरीब के बीच बढ़ी खाई

रिपोर्ट में पाकिस्तान में आर्थिक असमानता बढ़ने की बात भी कही गई है. वहां गिनी कोएफिशिएंट 28.4 से बढ़कर 32.7 हो गया है. बता दें कि गिनी कोएफिशिएंट का इस्तेमाल किसी देश में अमीर और गरीब के बीच इनकम के अंतर को मापने के लिए किया जाता है. इसका आंकड़ा बढ़ने का मतलब है कि आर्थिक असमानता में इजाफा हुआ है. रिपोर्ट के मुताबिक, वर्ल्ड बैंक के मध्य पूर्व, उत्तरी अफ्रीका, अफगानिस्तान और पाकिस्तान क्षेत्र में रहने वाले बहुत ज्यादा गरीब लोगों में करीब 48 फीसदी पाकिस्तान में हैं जबकि इस क्षेत्र की कुल आबादी में पाकिस्तान की हिस्सेदारी एक तिहाई से भी कम है. रिपोर्ट में पाकिस्तान की गरीबी दर को क्षेत्रीय औसत से करीब 1.6 गुना बताया गया है.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Poverty, Business News, World Bank
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com