विज्ञापन

गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व पर 2339 सिख श्रद्धालु पहुंचे पाकिस्तान, जानें कहां-कहां जाएगा जत्था?

2,300 से ज्यादा भारतीय सिख श्रद्धालु वाघा बॉर्डर पार करके पाकिस्तान पहुंचे हैं. वे सिख धर्म के संस्थापक गुरु नानक देव की 557वीं जयंती के समारोह में शामिल होने आए हैं. जानिए इस पावन सफर पर वह पाकिस्तान में कहां-कहां सफर करेंगे और उनके लिए क्या-क्या इंतजाम हैं.

गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व पर 2339 सिख श्रद्धालु पहुंचे पाकिस्तान, जानें कहां-कहां जाएगा जत्था?
प्रकाश पर्व पर 2,300 से अधिक भारतीय सिख तीर्थयात्री पाकिस्तान पहुंचे (फोटो- PTI)

सिख धर्म की नींव रखने वाले गुरु नानक देव की 557वीं जयंती 24 नवंबर को है. गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व के इस मौके पर होने वाले समारोहों में शामिल होने के लिए, रविवार को 2,300 से अधिक सिख तीर्थयात्री अटारी-वाघा सीमा मार्ग से पाकिस्तान रवाना हुए. न्यूज एजेंसी PTI की रिपोर्ट के अनुसार अधिकारियों ने बताया कि कुल 2,339 तीर्थयात्री पाकिस्तान गए हैं. पाकिस्तानी सरकार ने इस पावन अवसर के लिए लगभग 3,000 भारतीय सिख तीर्थयात्रियों को वीजा जारी किए हैं.

पाकिस्तान में श्रद्धा का सफर, आखिर वहां तीर्थयात्री क्या करेंगे?

एक अधिकारी ने बताया कि रविवार शाम तक सभी तीर्थयात्रियों के लाहौर पहुंचने के बाद, वे पाकिस्तानी सरकार द्वारा उपलब्ध कराए गए खास गाड़ियों से ननकाना साहिब के लिए रवाना होंगे. ननकाना साहिब गुरु नानक देव जी का जन्मस्थान है. मंगलवार को ननकाना साहिब स्थित गुरुद्वारे पर होने वाले जन्म जयंती समारोह में शामिल होने से पहले और बाद में, तीर्थयात्री पाकिस्तान के कई ऐतिहासिक सिख गुरुद्वारों में भी मत्था टेकेंगे. इन समारोहों में 'अखंड पाठ साहिब' का पाठ और 'नगर कीर्तन' शामिल होंगे.

अकाल तख्त के जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गर्गज ने रविवार की सुबह पाकिस्तान के लिए रवाना हुए सिख तीर्थयात्रियों के जत्थे का नेतृत्व किया. इस समूह में शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक समिति (एसजीपीसी) की कार्यकारी समिति के सदस्य रविंदर सिंह खालसा और सदस्य परमिंदर कौर, गुरनाम सिंह जस्सल, गुरिंदर कौर भोलूवाला और लखबीर सिंह भी शामिल हैं.

स्वर्ण मंदिर से अटारी बॉर्डर की ओर रवाना होने से पहले, गरगज ने कहा कि हर समर्पित सिख की रोजाना की अरदास में यह कामना शामिल होती है कि उन्हें ननकाना साहिब और पाकिस्तान में स्थित अन्य ऐतिहासिक सिख गुरुद्वारों तक बिना किसी रुकावट के पहुंचने का मौका मिले, और वहां उचित देखभाल व रखरखाव सुनिश्चित हो सके. 

उन्होंने कहा कि ये प्रार्थनाएं बताती हैं कि सिखों के मन में इन पवित्र जगहों के लिए कितनी श्रद्धा और प्यार है. उन्होंने इलाके में शांति और भाईचारे के लिए भी प्रार्थना की. साथ ही कहा कि पंजाब के गुरदासपुर में डेरा बाबा नानक को पाकिस्तान के करतारपुर में गुरुद्वारा दरबार साहिब से जोड़ने वाला करतारपुर साहिब कॉरिडोर जल्द से जल्द खुल जाए.

भारत सरकार की तैयारी

अधिकारियों ने बताया कि केंद्र सरकार ने बॉर्डर चेक प्वाइंट पर तीर्थयात्रियों की यात्रा संबंधी औपचारिकताओं को जल्द पूरा करने के लिए पर्याप्त संख्या में सीमा शुल्क और आव्रजन अधिकारियों (कस्टम और इमिग्रेशन अधिकारी) को तैनात किया है. भारत और पाकिस्तान दोनों तरफ की सरकारों ने सीमा के दोनों ओर चिकित्सा शिविर, अस्थायी आवास की सुविधा और परिवहन के इंतजाम किए हैं.

बता दें कि पाकिस्तान में मौजूद अन्य ऐतिहासिक सिख तीर्थस्थलों में फारूकबाद का गुरुद्वारा सच्चा सौदा, हसन अब्दाल का श्री पंजा साहिब, नारोवाल का गुरुद्वारा करतारपुर साहिब, एमिनाबाद का गुरुद्वारा रोरी साहिब और लाहौर का गुरुद्वारा डेरा साहिब शामिल हैं. श्रद्धालुओं का यह जत्था 1 दिसंबर को भारत लौटने वाला है.

यह भी पढ़ें | Guru Nanak Jayanti 2026: कब है प्रकाश पर्व, तारीख, जानिए महत्व और कैसे मनाया जाता है

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Guru Nanak Ji, Guru Nanak Ji Birthday, Guru Nanak 557th Prakash Parv, Nankana Sahib
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com