- प्रधान मंत्री जॉर्जिया मेलोनी इटली की सबसे लंबे समय तक सरकार चलाने का रिकॉर्ड बनाने को तैयार हैं
- शुक्रवार को इटली में उनकी सरकार 1,413 दिनों तक लगातार चल रही होगी जो बर्लुस्कोनी के रिकॉर्ड से एक दिन अधिक है
- इटली में पिछले 80 सालों में लगभग 70 सरकारें बनी और टूट चुकी हैं. यह देश राजनीतिक अस्थिरता के लिए जाना जाता है
PM नरेंद्र मोदी ने जो रिकॉर्ड भारत में बनाया है, ठीक वैसा ही रिकॉर्ड जॉर्जिया मेलोनी इटली में प्रधान मंत्री के तौर पर बनाने जा रही हैं. जॉर्जिया मेलोनी की दक्षिणपंथी सरकार आने वाले शुक्रवार यानी 4 सितंबर को इटली के दूसरे विश्व युद्ध के बाद के इतिहास में सबसे लंबे समय तक चलने वाली सरकार बन जाएगी. यह एक बड़ी उपलब्धि है और खुद जॉर्जिया मेलोनी के लिए एक गुड न्यूज भी. अगले साल होने वाले चुनाव से पहले मेलोनी के सामने कई बड़ी चुनौतियां हैं और ऐसे में यह उपलब्धि उनके इमेज को बुस्ट करने का काम करेगी.
बार-बार बदलती सरकार के लिए जाना जाता था इटली
इटली को कभी राजनीतिक अस्थिरता के लिए जाना जाता था. ऐसे देश की पहली महिला प्रधानमंत्री मेलोनी शुक्रवार को एक ही सरकार को लगातार 1,413 दिन चला चुकी होंगी. यह पूर्व प्रधानमंत्री सिल्वियो बर्लुस्कोनी से एक दिन ज्यादा होगा. न्यूज एजेंसी एएफपी की रिपोर्ट के अनुसार बर्लुस्कोनी ने अपने चार कार्यकालों में से एक के दौरान 1,412 दिन तक सरकार चलाई थी.
मेलोनी की दक्षिणपंथी पार्टी ब्रदर्स ऑफ इटली (FdI) के प्रमुख नेता मार्को ओस्नाटो ने एएफपी से कहा कि यह उपलब्धि निश्चित रूप से गर्व की बात है. विश्लेषकों का कहना है कि यह रिकॉर्ड प्रधानमंत्री मेलोनी की इमेज को मजबूत कर सकता है. इटली में पिछले 80 साल में करीब 70 सरकारें बन चुकी हैं. अब देश 2027 में होने वाले राष्ट्रीय चुनाव की तैयारी कर रहा है.
2027 के चुनाव में फिर जीतेंगी मेलोनी?
मेलोनी की पार्टी FdI लगातार जनमत सर्वे में सबसे आगे चल रही है. ऐसे में ऐसा लग सकता है कि मेलोनी 2022 की अपनी चुनावी जीत को फिर दोहरा सकती हैं. लेकिन मतदान से जुड़े संस्थान यू-ट्रेंड के लॉरेंजो प्रेग्लियास्को के मुताबिक, हाल की घटनाओं ने मेलोनी के दोबारा चुनाव जीतने का रास्ता मुश्किल कर दिया है. प्रेग्लियास्को ने कहा कि इस साल न्याय व्यवस्था में सुधार से जुड़े जनमत संग्रह में हार से मेलोनी को झटका लगा. इस नतीजे से पता चला कि मौजूदा सरकार चला रहे गठबंधन के अलावा भी देश में बहुमत हासिल करने वाला कोई दूसरा राजनीतिक विकल्प हो सकता है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं