विज्ञापन

फ्रांस में गर्मी से हाहाकार, श्मशान में करना पड़ रहा इंतजार

Europe Heatwave Deaths 2026: पूरे यूरोप में फैली भीषण गर्मी की लहर के दौरान फ्रांस में 1000 ज्यादा मौतें दर्ज की गई हैं. ज्यादातर मौतें 65 साल और उससे ज्यादा उम्र के लोगों की हुईं.

फ्रांस में गर्मी से हाहाकार, श्मशान में करना पड़ रहा इंतजार
Europe record-breaking heatwave: यूरोप दुनिया में सबसे तेजी से गर्म हो रहा (प्रतिकात्मक फोटो)
  • यूरोप इस बार इतना तप रहा है कि हाहाकार मचा हुआ है, फ्रांस में हीटवेव से 1000 से ज्यादा लोगों की मौत हुई है
  • पूरे फ्रांस के अंतिम संस्कार गृहों में भीड़ चल रही, खासकर बड़े शहरों में ऐसे सेंटर फुल हो चुके हैं
  • कई शहरों में वेटिंग टाइम चल रहा, परिजन बॉडी के अंतिम संस्कार के लिए उन्हें दूसरे शहर ले जाने को मजबूर हैं

Europe Heatwave 2026: गर्मी के मौसम में भी ठंड महसूस करने वाला यूरोप इस बार इतना तप रहा है कि हाहाकार मचा हुआ है. अगर फ्रांस की बात करें तो वहां रिकॉर्ड तोड़ गर्मी के बाद अब मौतों का भयावह आंकड़ा सामने आने लगा है. न्यूज एजेंसी एएफपी की रिपोर्ट के अनुसार अंतिम संस्कार से जुड़े एक संगठन ने कहा है कि राजधानी पेरिस के शवगृह (मॉर्चरी) इतने भर गए हैं कि वहां अब जगह कम पड़ रही है.  सोमवार को फ्रांस के प्रधानमंत्री सेबेस्टियन लेकोर्नू को हीटवेव के असर पर एक अहम बैठक करनी पड़ी है. लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी बुरी तरह प्रभावित हुई है, कई स्कूलों और मशहूर पर्यटन स्थलों को भी बंद करना पड़ा है.

 वैज्ञानिकों का मानना है कि इस तरह की अत्यधिक गर्मी का संबंध जलवायु परिवर्तन से है।

अंतिम संस्करा सेंटर भरे पड़े हैं

नेशनल फ्यूनरल फेडरेशन की प्रमुख एलिजाबेथ शारिए ने बताया कि गर्मियों में आमतौर पर अंतिम संस्कार गृहों में 30 से 45 प्रतिशत तक जगह भरी रहती है, लेकिन अब पूरे देश में यह आंकड़ा 66 प्रतिशत से भी ऊपर पहुंच गया है. उन्होंने कहा कि कई जगह शवगृह पूरी तरह भर चुके हैं, खासकर बड़े शहरों में. शारिए ने एएफपी से कहा, "पेरिस के बीचों-बीच सबसे बड़ी परेशानी है. यहां मौजूद सिर्फ दो अंतिम संस्कार गृह पिछले शुक्रवार से पूरी तरह भर चुके हैं."

उन्होंने कहा, "अब लोगों को अपने परिजनों के अंतिम दर्शन और अंतिम संस्कार के लिए पेरिस से बाहर, आसपास के इलाकों या उससे भी दूर जाना पड़ रहा है, ताकि जगह मिल सके." उन्होंने चेतावनी दी कि आने वाले दिनों में इसका डोमिनो इफेक्ट देखने को मिल सकता है. डोमिनो इफेक्ट एक ऐसे चेन रिएक्शन को कहते हैं, जिसमें कोई एक छोटी सी घटना अपने जैसी कई अन्य घटनाओं के घटने का कारण बनती है.

एलिजाबेथ शारिए ने कहा कि सबसे बड़ी परेशानी यह हो सकती है कि शवदाह (दाह संस्कार) के लिए समय मिलने में ज्यादा इंतजार करना पड़े या कब्रिस्तान में दफनाने के लिए जगह मिलने में देरी हो.उन्होंने कहा कि कब्रिस्तान के कर्मचारी कब्रें बहुत तेजी से नहीं खोद सकते और शवदाह के लिए मिलने वाले समय भी बहुत जल्दी भर जाते हैं.

फ्रांस के स्वास्थ्य अधिकारियों ने रविवार को बताया कि पिछले बुधवार से, जब देश में रिकॉर्ड स्तर की गर्मी पड़ी, तब से अब तक पिछले महीनों की इसी अवधि के मुकाबले करीब 1,000 ज्यादा लोगों की मौत हुई है. उन्होंने बताया कि मरने वालों में 85 प्रतिशत लोग 65 साल या उससे अधिक उम्र के थे.

यह भी पढ़ें: यह गर्मी अमेरिका की वजह से पैदा हुई, तपिश से 1000 मौतें झेल चुका फ्रांस क्यों लगा रहा ऐसा आरोप

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Heatwave, France, Europe Heat Alerts
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com