विज्ञापन

पूर्व CIA अधिकारी ने सरकार को लगाया 1870 करोड़ का चूना; 300 सोने की सिल्ली, लग्जरी घड़ियां, प्रॉपर्टी मिली

300 गोल्ड बार, करोड़ों रुपये की नकदी, लग्जरी घड़ियां और फ्लोरिडा की आलीशान संपत्तियां... यह किसी फिल्म की कहानी नहीं बल्कि CIA के एक पूर्व वरिष्ठ अधिकारी पर लगे आरोप हैं. डेविड जे. रश ने अदालत में स्वीकार किया है कि उन्होंने अपने सरकारी पद का दुरुपयोग कर करोड़ों डॉलर की संपत्ति हासिल की.

पूर्व CIA अधिकारी ने सरकार को लगाया 1870 करोड़ का चूना; 300 सोने की सिल्ली, लग्जरी घड़ियां, प्रॉपर्टी मिली
CIA के पूर्व अधिकारी ने कबूली अरबों रुपये की धोखाधड़ी
अल्टर्ड बाय NDTV
  • 300 गोल्ड बार, लग्जरी घड़ियां और करोड़ों की संपत्ति, पूर्व CIA अधिकारी गिरफ्तार
  • अमेरिकी सरकार को लगा 194 मिलियन डॉलर का झटका, पूर्व अधिकारी दोषी
  • विदेशी अधिकारी को देता था गुप्त जानकारी
वाशिंगटन:

अमेरिकी खुफिया एजेंसी CIA के एक पूर्व वरिष्ठ अधिकारी पर सरकारी पद का दुरुपयोग कर करोड़ों डॉलर की संपत्ति और सोना हासिल करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. 49 वर्षीय डेविड जे. रश ने वर्जीनिया की एक अदालत में वायर फ्रॉड के आरोप में दोष स्वीकार कर लिया है. जांच एजेंसियों के मुताबिक रश ने कथित तौर पर फर्जी गोपनीय सरकारी कार्यक्रमों का हवाला देकर फ्लोरिडा में लग्जरी संपत्तियां खरीदीं और 40 मिलियन डॉलर से अधिक मूल्य के सैकड़ों गोल्ड बार (सोने की सिल्ली) हासिल किए. इस पूरे मामले में अमेरिकी सरकार को भारी आर्थिक नुकसान होने का आरोप है.

फर्जी गुप्त कार्यक्रम बनाकर हासिल की संपत्तियां

न्यूज एजेंसी एपी के मुताबिक अदालती दस्तावेजों के अनुसार डेविड जे. रश ने एक कथित 'अत्यंत गोपनीय' (Highly Classified) सरकारी कार्यक्रम की कहानी गढ़ी और उसी के आधार पर दक्षिण फ्लोरिडा में लग्जरी संपत्तियां हासिल कीं. आरोप है कि डेविड का उद्देश्य इन संपत्तियों को बाद में बेचकर व्यक्तिगत लाभ कमाना था. जांच में यह भी सामने आया कि रश ने एक अलग कथित 'संवेदनशील सरकारी गतिविधि' का हवाला देकर बड़ी मात्रा में गोल्ड बार हासिल किए. अधिकारियों का आरोप है कि ये गतिविधियां वास्तविक नहीं थीं और इन्हें सरकारी संसाधनों तक पहुंच पाने के लिए तैयार किया गया था.

अमेरिकी जस्टिस विभाग की ओर से की गई पोस्ट

अमेरिकी जस्टिस विभाग की ओर से की गई पोस्ट

40 मिलियन डॉलर से अधिक के गोल्ड बार का मामला

जांचकर्ताओं के अनुसार रश के कब्जे से 40 मिलियन डॉलर से अधिक मूल्य के गोल्ड बार बरामद हुए. भारतीय मुद्रा में इसकी कीमत लगभग 334 करोड़ रुपये बैठती है. अभियोजकों ने पहले की अदालती कार्यवाही में कहा था कि रश ने करीब 46 मिलियन डॉलर (लगभग 384 करोड़ रुपये) मूल्य के गोल्ड बार वर्जीनिया स्थित अपने घर में छिपाकर रखे थे. एफबीआई की तलाशी के दौरान लगभग 300 गोल्ड बार, करीब 20 लाख डॉलर (लगभग 16.7 करोड़ रुपये) नकद और लगभग 35 लग्जरी घड़ियां भी बरामद की गईं.

सरकार को 1871 करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान

अमेरिकी न्याय विभाग के अनुसार रश की कथित धोखाधड़ी के कारण संघीय सरकार को लगभग 194 मिलियन डॉलर का नुकसान हुआ. भारतीय मुद्रा में यह राशि लगभग 1871 करोड़ रुपये के बराबर है. इस नुकसान में करीब 18 लाख डॉलर की निजी चार्टर्ड उड़ानें भी शामिल हैं, जिन्हें रश ने सरकारी खर्च पर अपने निजी उपयोग के लिए अधिकृत किया था.

पूर्व सीआईए अधिकारी डेविड

पूर्व सीआईए अधिकारी डेविड

विदेशी अधिकारी को दी थी सीक्रेट जानकारी

नए अदालती दस्तावेजों में एक और गंभीर आरोप सामने आया है. जांचकर्ताओं से पूछताछ के दौरान रश ने स्वीकार किया कि उन्होंने एक विदेशी सरकारी अधिकारी को अमेरिकी सरकार के एक गुप्त स्रोत की पहचान संबंधी जानकारी दी थी. हालांकि दस्तावेजों में यह स्पष्ट नहीं किया गया कि वह विदेशी अधिकारी किस देश का प्रतिनिधित्व कर रहा था. इस खुलासे ने मामले की गंभीरता और बढ़ा दी है.

कैश और सोने के बार

कैश और सोने के बार

फर्जी सैन्य और शैक्षणिक योग्यता का भी आरोप

अभियोजन पक्ष का कहना है कि रश ने अपने सहयोगियों और सरकारी ठेकेदारों से भी कई झूठे दावे किए. उन पर आरोप है कि उन्होंने अपनी सैन्य सेवा और शैक्षणिक योग्यता को लेकर गलत जानकारी दी.

जांच एजेंसियों के मुताबिक रश ने दावा किया था कि वह अमेरिकी नौसेना के पूर्व पायलट रहे हैं. इसके अलावा उन्होंने दक्षिण कैरोलिना के क्लेमसन यूनिवर्सिटी से स्नातक और न्यूयॉर्क के रेंसलेयर पॉलिटेक्निक इंस्टीट्यूट से मास्टर डिग्री हासिल करने का दावा भी किया था.

जांच में पता चला कि उन्होंने न तो नौसेना पायलट के रूप में सेवा दी थी और न ही इन दोनों संस्थानों में पढ़ाई की थी. एफबीआई के अनुसार उन्होंने 1997 में नौसेना में भर्ती ली थी और 2015 में लेफ्टिनेंट के पद से सम्मानपूर्वक सेवा समाप्त की थी.

100 मिलियन डॉलर जारी कराने की कोशिश

न्याय विभाग के अनुसार कुछ महीने पहले रश ने एक सरकारी अनुबंध से धोखाधड़ी के जरिए 100 मिलियन डॉलर (लगभग 835 करोड़ रुपये) जारी कराने की कोशिश की थी. उन्होंने एक अन्य व्यक्ति को अपने निर्देश पर बनाई गई एक होल्डिंग कंपनी में लगभग 145 मिलियन डॉलर (करीब 1,210 करोड़ रुपये) ट्रांसफर करने को कहा था. इसके बाद उन्हीं पैसों का इस्तेमाल फ्लोरिडा के पाम बीच और होब साउंड क्षेत्रों में चार लग्जरी संपत्तियां खरीदने के लिए किया गया.

दोष स्वीकार, 20 साल तक की सजा संभव

49 वर्षीय डेविड जे. रश ने वायर फ्रॉड के एक आरोप में दोष स्वीकार कर लिया है. इस अपराध के लिए अधिकतम 20 वर्ष तक की जेल की सजा हो सकती है. वर्जीनिया के अलेक्जेंड्रिया में जिला न्यायाधीश माइकल नाचमानॉफ 28 जनवरी को सजा सुनाने वाले हैं.

अमेरिकी अटॉर्नी जनरल टॉड ब्लांश ने कहा, 'फेडरल कर्मचारियों को अमेरिकी जनता की सेवा करने के लिए जिम्मेदारी सौंपी जाती है, अपनी नहीं.'

वहीं CIA निदेशक जॉन रैटक्लिफ ने कहा कि आंतरिक जांच में अपराधों के संकेत मिलने के बाद एजेंसी ने तुरंत मामले को एफबीआई को भेज दिया था. उन्होंने कहा, 'डेविड रश ने अपने पद का दुरुपयोग किया और जनता के भरोसे को तोड़ा. उन्हें अपने कार्यों के लिए पूरी तरह जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए.'

यह भी पढ़ें : CIA चीफ चुपके से पहुंचे रूस, अमेरिकी मीडिया ने फ्लाइट ट्रैक कर ली

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
David J. Rush, CIA Officials, CIA Official Theft, Gold Bar, US Government Fraud
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com