सोनिया गांधी की किताब 'बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव' का सोमवार को विमोचन हो गया. विमोचन के दौरान राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा मंच पर मौजूद थे. सोनिया गांधी की किताब 10 नवंबर से ही बिक्री शुरू हो गई है, जबकि इसे आधिकारिक रूप से आज लॉन्च किया गया है.
किताब के विमोचन में तमाम बड़े नेता पहुंचे. इस दौरान कई ऐसे चेहरे भी नजर आए, जो लंबे समय से कैमरों से दूर थे. इनमें कई पुराने कांग्रेसी नेता थे.
कौन-कौन पहुंचा विमोचन में?
किताब के विमोचन में जनार्दन द्विवेदी भी पहुंचे. जनार्दन द्विवेदी कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय महासचिव और लंबे समय तक पार्टी के प्रमुख रणनीतिकार रहे हैं.
जनार्दन द्विवेदी तीन बार राज्यसभा के सांसद रहे थे. वह कांग्रेस की उस कमेटी में थी, जो सोनिया गांधी की गैर-मौजूदगी में पार्टी का कामकाज संभालती थी. 2018 के बाद से वह राजनीति में उतने सक्रिय नहीं हैं.
🔴#BREAKING | सोनिया गांधी ने किया अपनी किताब का विमोचन, INDIA गठबंधन के कई नेता मौजूद #SoniaGandhi #BookLaunch | #TabishHussainNDTV @tabishh_husain https://t.co/zZceGAQhns
— NDTV India (@ndtvindia) November 16, 2026
उनके अलावा, इस कार्यक्रम में मोंटेक सिंह अहलूवालिया भी पहुंचे. मोंटेक सिंह अहलूवालिया वैसे तो कभी सक्रिय राजनीति में नहीं आए और न ही कांग्रेस में रहे लेकिन उन्हें गांधी परिवार का करीबी माना जाता है.
अहलूवालिया इकनॉमिस्ट हैं और केंद्र सरकार में कई अहम पदों में रहे हैं. वह योजना आयोग (अब नीति आयोग) के डिप्टी चेयरमैन भी रह चुके हैं. मई 2014 में यूपीए सरकार के जाने के बाद उन्होंने इस पद से इस्तीफा दे दिया था.
यह भी पढ़ें | राहुल गांधी के नामकरण पर इंदिरा ने क्यों बहू सोनिया से बोला था सॉरी, पूरा वाकया बताया
कैप्टन अमरिंदर भी आए नजर
सोनिया गांधी की किताब के विमोचन पर पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह भी नजर आए.
अमरिंदर सिंह ने नवंबर 2021 में कांग्रेस छोड़ दी थी. वह लंबे समय से कांग्रेस से नाराज थे, इसलिए उन्होंने सितंबर 2021 में पंजाब के सीएम पद से इस्तीफा भी दे दिया था. इसके बाद उन्होंने अपनी पार्टी भी बनाई, लेकिन बाद में बीजेपी में शामिल हो गए.
सितंबर 2022 में कैप्टन अमरिंदर सिंह ने अपनी पार्टी 'पंजाब लोक कांग्रेस' का बीजेपी में विलय कर दिया था.
और कौन-कौन पहुंचा?
इस कार्यक्रम में छह राज्यों- तमिलनाडु के सीएम सी. जोसेफ विजय, झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन, जम्मू-कश्मीर के सीएम उमर अब्दुल्ला, कर्नाटक के सीएम डीके शिवकुमार, तेलंगाना के सीएम रेवंत रेड्डी और हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू भी शामिल हुए.
उनके अलावा, इसमें समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव, उनकी पत्नी डिंपल यादव भी मौजूद रहे. कपिल सिब्बल, अशोक गहलोत, पी. चिदंबरम जैसे नेता भी इसमें शामिल हुए.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं