विज्ञापन

अमेरिका में 10 लोगों को 15 घंटे तक बनाया बंधक, FBI ने फिल्मी ऑपरेशन में किया काम तमाम

कैलिफोर्निया में 10 लोगों को बंधक बनाने वाले संदिग्ध को गोली मारकर मार दिया गया है. पुलिस ने बताया कि वह रजिस्टर्ड सेक्स ऑफेंडर था.

अमेरिका में 10 लोगों को 15 घंटे तक बनाया बंधक, FBI ने फिल्मी ऑपरेशन में किया काम तमाम
पुलिस ने आरोपी शख्स को मार गिराया.

अमेरिका के कैलिफोर्निया में एक सिरफिरे शख्स ने एक इमारत में घुसकर 10 लोगों को बंधक बना लिया. पूरे 15 घंटे तक सुरक्षा एजेंसियों की सांसें अटकी रहीं, लेकिन आखिरकार देश की सबसे बड़ी जांच एजेंसी FBI और स्थानीय पुलिस ने एक बेहद खतरनाक और फिल्मी ऑपरेशन में आरोपी को मार गिराया. राहत की बात यह रही कि सूझबूझ से चलाए गए इस ऑपरेशन में सभी 10 बंधकों को सुरक्षित बचा लिया गया है. किसी भी बंधक को खरोंच तक नहीं आई है.

यह सनसनीखेज वारदात कैलिफोर्निया के बेकर्सफील्ड शहर में हुई. यहां के डाउनटाउन इलाके में स्थित चार मंजिला चेस बैंक की बिल्डिंग में मंगलवार दोपहर करीब 1 बजे अचानक हड़कंप मच गया. दरअसल एक 41 वर्षीय बंदूकधारी शख्स इमारत के भीतर दाखिल हुआ और वहां मौजूद लोगों को बंधक बना लिया. उसने दावा किया कि उसके पास बम है और वह पूरी इमारत को उड़ा देगा. इसकी सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया.

बम की धमकी से शुरू हुआ खूनी खेल

समाचार एजेंसी एपी के मुताबिक, मंगलवार दोपहर 1 बजे जैसे ही पुलिस को बैंक की बिल्डिंग में बम की धमकी और लोगों को बंधक बनाए जाने की कॉल मिली, भारी तादाद में पुलिस बल मौके पर पहुंच गया. जिस चार मंजिला इमारत में यह वारदात हो रही थी, उसमें नीचे चेस बैंक की शाखा है और ऊपर स्कूल डिस्ट्रिक्ट का ऑफिस है. आरोपी ने खुद को कुछ लोगों के साथ अंदर बैरिकेड कर लिया था.

क्राइम हिस्ट्री और सेक्स ऑफेंडर निकला आरोपी

घंटों चले इस तनाव के बीच पुलिस की 'क्राइसिस नेगोशिएशन टीम' ने आरोपी से फोन पर बातचीत शुरू की. पुलिस लगातार उसे सरेंडर करने के लिए समझाती रही. बातचीत का कुछ असर भी हुआ और आरोपी ने मंगलवार रात को दो बंधकों को सही-सलामत रिहा कर दिया. लेकिन बाकी के 8 लोग अब भी अंदर ही फंसे हुए थे और उनकी जान पर लगातार खतरा मंडरा रहा था.

इसी बीच पुलिस और FBI को आरोपी की पहचान और उसकी कुंडली का पता चला. आरोपी का नाम एंथनी स्कॉट सर्लेस-हैरिस था. FBI के सैक्रामेंटो फील्ड ऑफिस के अधिकारी सिड पटेल ने बताया कि एंथनी कोई सीधा-साधा इंसान नहीं था, बल्कि उसका पुराना हिंसक आपराधिक रिकॉर्ड था. वह एक रजिस्टर्ड सेक्स ऑफेंडर भी था. इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों को समझ आ गया कि आरोपी कितना खतरनाक है और वे किसी भी तरह का जोखिम नहीं ले सकते थे.

FBI का फाइनल एक्शन... और फिर खेल खत्म

आखिरकार बुधवार तड़के करीब 4:20 बजे FBI और पुलिस की संयुक्त टीम ने फाइनल असॉल्ट करने का फैसला किया. जैसे ही कमांडोज इमारत के भीतर दाखिल हुए, आरोपी ने विरोध की कोशिश की. लेकिन FBI की टीम ने बिना वक्त गंवाए सटीक फायरिंग की और आरोपी एंथनी स्कॉट को मौके पर ही ढेर कर दिया.

आरोपी के मारे जाने के साथ ही 15 घंटे से चला आ रहा यह हाई-वोल्टेज ड्रामा खत्म हो गया. पुलिस ने तुरंत अंदर फंसे सभी बंधकों को बाहर निकाला. बेकर्सफील्ड पुलिस विभाग ने बयान जारी कर पुष्टि की कि सभी बंधक पूरी तरह सुरक्षित हैं.

यह भी पढ़ें: मैं थोड़ा परेशान था... ट्रंप ने माना नेतन्याहू को कहे थे अपशब्द, लेबनान पर हमले को लेकर शुरू हुई थी बहस

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com