अल नीनो का असर दुनियाभर में दिख रहा है. सितंबर की शुरुआत हो चुकी है, लेकिन ऑस्ट्रेलिया के पूर्वी हिस्से में लोग अभी भी गर्मी से बेहाल नजर आ रहे हैं. ब्रिस्बेन में तापमान 34 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है. अगर रविवार को ऐसा हुआ तो यह शहर में 2019 के बाद सितंबर का सबसे गर्म दिन होगा. मौसम विभाग के मुताबिक अल नीनो इफेक्ट ने भी चिंता बढ़ा दी है. ऑस्ट्रेलिया मौसम विभाग के मुताबिक दक्षिण-पूर्वी क्वींसलैंड और उत्तर-पूर्वी न्यू साउथ वेल्स में तापमान सामान्य से कई डिग्री ऊपर बना हुआ है. ब्रिस्बेन में सुबह ही तापमान 31.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि इप्सविच के एम्बरले में पारा 35.7 डिग्री तक पहुंच गया था.
सिडनी में लगे प्रतिबंध
इस असामान्य गर्मी का असर सिर्फ तापमान तक सीमित नहीं है. क्वींसलैंड के इप्सविच और लॉकर वैली में फायर बैन लागू किया गया है, गर्म और शुष्क मौसम के साथ तेज हवाओं ने जंगलों में आग के खतरे को और बढ़ा दिया है. इससे एक दिन पहले सिडनी क्षेत्र में भी आग संबंधी प्रतिबंध लगाए गए थे. सिडनी में शनिवार को तापमान 33 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था, मौसम विशेषज्ञों के अनुसार सितंबर के शुरुआती दिनों में शहर का अधिकतम तापमान औसत गर्मियों के स्तर के आसपास रहा, जो 1858 में रिकॉर्ड शुरू होने के बाद शुरुआती वसंत के लिए असाधारण स्थिति है.
ऑस्ट्रेलिया का यह मौसम बदलाव ऐसे समय में हो रहा है जब देश ने अपना तीसरा सबसे गर्म स्प्रिंग सीजन दर्ज किया है. क्वींसलैंड में सर्दियों का औसत तापमान दीर्घकालिक औसत से करीब 1.8 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा.
कब तक मिलेगी ऑस्ट्रेलिया में राहत
हालांकि राहत की उम्मीद भी है. मौसम विभाग के मुताबिक दक्षिण-पूर्व से आने वाली ठंडी और शुष्क हवाएं रविवार शाम या सोमवार से तापमान में गिरावट ला सकती हैं. न्यू साउथ वेल्स और क्वींसलैंड में आने वाले दिनों में मौसम कुछ सामान्य होने की संभावना है. इस बीच ऑस्ट्रेलिया के मौसम पर अल नीनो का प्रभाव भी चिंता बढ़ा रहा है. मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि मौजूदा अल नीनो रिकॉर्ड में सबसे मजबूत घटनाओं में शामिल हो सकता है, जिससे देश के पूर्वी और दक्षिणी हिस्सों में गर्म और शुष्क परिस्थितियां तथा जंगलों में आग का खतरा बढ़ सकता है.
ये भी पढ़ेंः अब प्रोफेसर नहीं, AI पढ़ाएगा! ऑस्ट्रेलिया की मैक्वेरी यूनिवर्सिटी ने क्लासरूम में उतारा चैटबॉट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं