इंस्टाग्राम पर 25 लाख से अधिक फॉलोअर्स, देश की जानी-मानी टीवी प्रेजेंटर के साथ-साथ एक बिजनेसवुमन की पहचान रखने वाली सारा खलीफा को मौत की सजा सुनाई गई है. सारा खलीफा मिस्त्र की जानी-पहचानी हस्ती है. लेकिन ड्रग्स से जुड़े एक केस में वो दोषी पाई गई हैं. जिसके बाद मिस्र की एक अदालत ने सारा खलीफा सहित 12 अन्य लोगों को मौत की सजा सुनाई है. अदालत ने पाया कि सारा खलीफा के साथ जुड़ा यह समूह एक संगठित आपराधिक गिरोह चला रहा था, जो विदेशों से कच्चा माल मंगवाकर सिंथेटिक ड्रग्स बनाता और बेचता था.
मिली जानकारी के अनुसार जांच के दौरान अधिकारियों ने 750 किलोग्राम से अधिक नशीले पदार्थ और कच्चा माल जब्त किया. साथ ही दो अपार्टमेंट्स भी मिले, जिनका लैब के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा था. जहां से भारी मात्रा में अवैध हथियार भी मिले.
सारा खलीफा ने खुद को बताया बेकसूर, कहा- कभी सिगरेट भी नहीं पी
हालांकि 39 साल की सारा खलीफा ने कोर्ट में खुद को बेकसूर बताते हुए इन आरोपों से साफ इनकार किया है. उनका कहना है कि उन्होंने अपनी जिंदगी में कभी सिगरेट तक नहीं पी. ड्रग्स को भी पहली बार तब देखा जब एंटी-नारकोटिक्स विभाग के दफ्तर में उनके साथ इनकी तस्वीरें खींची गईं. उनके वकील ने इस फैसले के खिलाफ अपील करने की बात कही है.
बताया गया कि काहिरा की आपराधिक अदालत ने पिछले महीने ही सजा का फैसला ले लिया था. लेकिन मिस्र के कानून के अनुसार इसे देश के ग्रैंड मुफ्ती के पास धार्मिक राय के लिए भेजा गया था. मुफ्ती की मंजूरी मिलने के बाद सितंबर 2026 में फांसी की सजा की आधिकारिक पुष्टि की गई.
जानें कौन हैं सारा खलीफा?
सारा खलीफा मिस्र की एक लोकप्रिय टेलीविजन हस्ती हैं. वे अपने चर्चित शो 'मिशन इम्पॉसिबल' (Mission Impossible) के लिए जानी जाती हैं. उनके इस शो में सुरक्षा और अपराध से जुड़े गंभीर मामलों पर चर्चा की जाती थी. सारा सोशल मीडिया पर भी स्टार है. सोशल मीडिया पर उनकी बड़ी फैन फॉलोइंग है. अकेले इंस्टाग्राम पर उनके 2.5 मिलियन से अधिक फॉलोअर्स हैं.
टीवी होस्ट होने के साथ-साथ सारा खलीफा एक कॉस्मेटिक/प्लास्टिक सर्जरी क्लिनिक और इवेंट्स और पार्टियों का आयोजन करने वाली एक प्रोडक्शन कंपनी की मालकिन भी हैं.
सारा साल 2016 में मिस्र के मशहूर फुटबॉल खिलाड़ी महमूद अब्देल मोनीम से शादी की थी. लेकिन उनकी यह शादी ज्यादा दिनों तक नहीं चली. तलाक के बाद दोनों के रास्ते अलग हो गए. महमूद अब्देल मोनीम को खेल की दुनिया में महमूद काहराबा के नाम से जाना जाता है. ड्रग्स केस के अलावा सारा खलीफा पर अपने ड्राइवर के साथ मारपीट करने और बंधक बनाने का भी एक मामला है.
यह भी पढ़ें -
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं