विज्ञापन

फिलीपींस में 7.8 तीव्रता के भूकंप से सुबह-सुबह कांपी धरती, कई देशों में सुनामी का अलर्ट

फिलीपींस में 7.8 तीव्रता का भूकंप आया है. भूकंप की वजह से कई इमारतें ढह गई. पुलिस के अनुसार एक व्यक्ति की मौत की खबर है. भूकंप के बाद कई देशों में सुनामी का अलर्ट जारी किया गया है.

फिलीपींस में 7.8 तीव्रता के भूकंप से सुबह-सुबह कांपी धरती, कई देशों में सुनामी का अलर्ट
Philippines Earthquake: फिलीपींस में तेज भूकंप के झटके
X handle

फिलीपींस में सुबह-सुबह धरती कांपी है.  फिलीपींस के दक्षिणी तट के पास 7.8 तीव्रता का भूकंप आया. कई जगहों पर भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए. भूकंप के बाद फिलीपींस समेत कई देशों में सुनामी का अलर्ट जारी किया गया है. स्थानीय पुलिस के मुताबिक, दक्षिणी फिलीपींस में आए भूकंप में एक व्यक्ति की मौत हो गई और कई इमारतें ढह गईं.

कई इमारतें तबाह, एक की मौत

पुलिस ने AFP को बताया कि सोमवार को दक्षिणी फिलीपींस में 7.8 तीव्रता का भूकंप आया, जिसमें कम से कम एक व्यक्ति की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए, साथ ही कई इमारतें भी ढह गईं. जनरल सैंटोस सिटी पुलिस के मास्टर सार्जेंट रॉबर्ट डैगन ने कहा, 'कई इमारतें प्रभावित हुई हैं, लेकिन अभी उनकी गिनती नहीं बता सकते क्योंकि हम बचाव कार्यों में व्यस्त हैं.'

मलबे में तब्दील हुआ शॉपिंग सेंटर

यूनाइटेड स्टेट्स जियोलॉजिकल सर्वे (USGS) के अनुसार, समुद्र में आया यह भूकंप मिंडानाओ के सारंगानी प्रांत से लगभग 24 किलोमीटर पश्चिम में 35 किलोमीटर (22 मील) की गहराई पर आया. फेसबुक पर पोस्ट किए गए वीडियो में प्रांत के जनरल सैंटोस शहर में एक शॉपिंग सेंटर मलबे में तब्दील होता दिखा, जबकि एक अन्य वीडियो में स्थानीय स्कूल परिसर की एक इमारत ढहती हुई दिखी.

पैसिफिक सुनामी वार्निंग सेंटर ने एक नोटिस में कहा कि फिलीपींस, इंडोनेशिया, पलाऊ, ताइवान और पापुआ न्यू गिनी के तटों पर अगले तीन घंटों के भीतर सुनामी की लहरें उठने की संभावना है. जापानी अधिकारियों ने अलग से अपने प्रशांत तट के कई इलाकों के लिए सुनामी एडवाइजरी जारी की, जिसमें स्थानीय समयानुसार सुबह 11:30 बजे से अलग-अलग क्षेत्रों में एक मीटर (तीन फीट) तक ऊंची लहरें उठने का अनुमान लगाया गया.

मिंडानाओ की राजधानी दावो शहर में, एक स्थानीय आपदा अधिकारी ने कहा कि अधिकारी स्थिति पर नजर रखे हुए हैं और सोशल मीडिया पर अपडेट देंगे. 

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com