विज्ञापन

अमेरिका के 'गब्बर सिंह' क्यों बन गए ट्रंप? अपने वफादारों को निपटाने का लंबा है रिकॉर्ड

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की सियासत का अंदाज सबसे जुदा है. उनके लिए सोशल मीडिया 'हायर एंड फायर' का हथियार बन गया है. उनकी ताजा शिकार बनी हैं अटॉर्नी जनरल पाम बॉन्डी. ट्रंप द्वारा हटाए गए मंत्रियों-अधिकारियों की लंबी लिस्ट है.

अमेरिका के 'गब्बर सिंह' क्यों बन गए ट्रंप? अपने वफादारों को निपटाने का लंबा है रिकॉर्ड
  • अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने अटॉर्नी जनरल पाम बॉन्डी को ट्रूथ सोशल पर पोस्ट करके पद से हटा दिया है
  • एक महीने में क्रिस्टी नोएम के बाद, पाम बॉन्डी कैबिनेट स्तर की दूसरी अधिकारी हैं, जिनका पत्ता कटा है
  • दूसरी बार राष्ट्रपति बनने के बाद ट्रंप की A टीम के 29% अधिकारी या तो हटाए जा चुके हैं या खुद अलविदा कह गए हैं
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।

कल तक वफादार, आज बन गए शिकार... अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के सियासी स्टाइल पर ये लाइन बिल्कुल मुफीद लगती है. शोले फिल्म के 'गब्बर सिंह' की तरह ट्रंप अपने किस भरोसेमंद साथी को कब निपटा दें, अनुमान लगाना मुश्किल है. अब उन्होंने अटॉर्नी जनरल पद से पाम बॉन्डी (Pam Bondi) की छुट्टी कर दी है. पाम बॉन्डी ट्रंप की खासमखास लोगों की लिस्ट में रही हैं, लेकिन अब लगता है, ट्रंप का उनसे मोहभंग हो गया है. आनन-फानन में ट्रंप प्रशासन में बड़े-बड़े पदों से हटाए गए अधिकारियों की लिस्ट बड़ी लंबी है. 

अटॉर्नी जनरल पाम बॉन्डी बनी ताजा शिकार

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप दुनिया के सबसे ताकतवर नेता हैं. जितना दमदार उनका पद है, उनकी सियासत का अंदाज उतना ही जुदा है. जिस सोशल मीडिया का इस्तेमाल हम और आप एकदूसरे को मैसेज भेजने के लिए करते हैं, वह राष्ट्रपति ट्रंप के लिए 'हायर एंड फायर' का हथियार बन गया है. इसकी ताजा मिसाल पाम बॉन्डी बनी हैं. ट्रंप ने अपने ट्रुथ सोशल मीडिया पर एक मैसेज पोस्ट करके अटॉर्नी जनरल पद से पाम बॉन्डी की छुट्टी कर दी. 

Latest and Breaking News on NDTV

ट्रंप की खासमखास थीं, महाभियोग से बचाया था

अमेरिका के न्याय विभाग में अटॉर्नी जनरल का सबसे उच्च पद संभाले हुए पाम बॉन्डी को महज 14 महीने हुए थे. सियासी गलियारों में उनकी एंट्री फ्लोरिडा की अटॉर्नी जनरल रहते हुई थी. उसी दौरान वो रिपब्लिकन राजनीति में उभरीं और ट्रंप के करीब आईं. 2016 के चुनावों में उन्होंने ट्रंप का खुलकर समर्थन किया. 2020 में जब ट्रंप के खिलाफ महाभियोग का मुकदमा चलाया गया था, तब पाम बॉन्डी ने ही उन्हें डिफेंड किया था. कई और मौकों पर वह ट्रंप के बहुत काम आई थीं. 

 अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप

पिछले कुछ समय से ट्रंप को खटक रही थीं

पाम बॉन्डी हालांकि पिछले कुछ समय से ट्रंप की नजरों में खटक रही थीं. इसकी बड़ी वजह बताई जाती है एपस्टीन फाइल्स. अमेरिकी यौन अपराधी एपस्टीन की रंगीन करतूतों के काले चिट्ठों को संभालने में उनकी काफी फजीहत हुई. माना जाता है कि ट्रंप अपने राजनीतिक विरोधियों पर कानूनी शिकंजा कसने में उनकी ढिलाई से भी खफा थे. इमिग्रेशन और अन्य मुकदमों को लेकर भी नाराजगी थी. 

'वफादार दोस्त' बताकर कर दी ऑनलाइन छुट्टी

ट्रंप से उनकी खटपट की खबरें पिछले कुछ समय से उड़ रही थीं. फिर शुक्रवार का दिन आया, ट्रंप ने सोशल मीडिया पोस्ट करके उनकी छुट्टी कर दी. ट्रंप ने इस 'टर्मिनेशन' पोस्ट में हालांकि पाम बॉन्डी पर प्यार भी लुटाया. 'अमेरिकी देशभक्त और वफादार दोस्त' कहकर तारीफ भी की. अमेरिका में क्राइम कम करने का क्रेडिट भी दिया. प्राइवेट सेक्टर में नई जॉब की उनकी छुट्टी की वजह बताया. और डिप्टी अटॉर्नी जनरल टॉड ब्लैंचे को कार्यवाहक अटॉर्नी जनरल अपॉइंट कर दिया. 

देखें- ट्रंप दे रहे धमकी, ईरान ले रहा मजे, मिडिल ईस्ट युद्ध के बीच अमेरिका को कैसे चिढ़ा रहा तेहरान

एक महीने में हटाई गईं दूसरी 'कैबिनेट' अधिकारी 

बतौर अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के इस दूसरे कार्यकाल में, पिछले एक महीने में पाम बॉन्डी कैबिनेट स्तर की दूसरी अधिकारी हैं, जिनका ट्रंप ने पत्ता काटा है. 5 मार्च को ट्रंप ने होमलैंड सिक्योरिटी डिपार्टमेंट की सेक्रेटरी (मिनिस्टर) क्रिस्टी नोएम (Kristi Noem) को पद से हटा दिया था. महज 45 दिन तक अमेरिका की सबसे अहम होमलैंड सिक्योरिटी की मंत्री रहने के बाद क्रिस्टी को बाय बाय कह दिया गया था.

5 Facts About Kristi Noem, Donald Trump's Pick As Homeland ...

करीबी टीम के 29% अधिकारी बदल दिए

ब्रूकिंग्स इंस्टिट्यूट के आंकड़े बताते हैं कि 20 जनवरी 2025 को दूसरी बार अमेरिका का राष्ट्रपति बनने के बाद ट्रंप की A टीम के 29 फीसदी अधिकारी या तो हटाए जा चुके हैं, या फिर खुद ही अलविदा कह गए हैं. ए टीम में राष्ट्रपति कार्यालय के सबसे सीनियर लेवल के अधिकारी आते हैं. ट्रंप के पहले राष्ट्रपति कार्यकाल में 14 कैबिनेट मंत्रियों की छुट्टी हुई थी, जो अमेरिकी इतिहास में सबसे ज्यादा है. 

ट्रंप के दूसरे कार्यकाल में इनकी हुई छुट्टी

  • पाम बॉन्डी (अटॉर्नी जनरल) - करीब 100 दिन के बाद ही पद से हटा दिया गया.

  • क्रिस्टी नोएम (होमलैंड सिक्योरिटी मिनिस्टर) - सीमा सुरक्षा नीतियों में ढिलाई के आरोप में हटा दिया गया.
  • माइक वॉल्ट्ज (राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार) - विदेश नीति पर ट्रंप से वैचारिक मतभेद में पत्ता कट गया.
  • ग्रेग बोविनो (बॉर्डर पेट्रोल चीफ) - सीमा पर घुसपैठ रोकने में कथित नाकामी के नाम पर हटा दिए गए.
  • जनरल सी.क्यू. ब्राउन (जॉइंट चीफ ऑफ स्टाफ) - पद संभालने के 16 महीने बाद ही वोक नीतियों के समर्थन के आरोप में हटाए गए.
  • एडमिरल लिसा फ्रैंचेटी (चीफ ऑफ नेवल ऑपरेशंस) - एंटी वोक अभियान के तहत इन्हें भी हटाया गया.
  • जनरल जिम स्लाइफ (वायु सेना के उप प्रमुख) - ये भी बड़े सैन्य फेरबदल के शिकार बने थे. 
  • सुसन मोनारेज (सेंटर फॉर डिजीज कंट्रोल डायरेक्टर) - बजट कटौती के नाम पर कैंची चली.
  • बिली लॉन्ग (इंटरनल रेवेन्यू सर्विस IRS कमिश्नर) - टैक्स सुधार और बजट कटौती पर मतभेद में नौकरी गई.
  • गैरी शेपली (कार्यवाहक IRS कमिश्नर) - छह महीने में ही पद से हटा दिए गए.
  • कैमरन हैमिल्टन (कार्यवाहक FEMA प्रशासक) - 4 महीने के अंदर ट्रंप ने विदाई कर दी. 

पहले कार्यकाल में हटाए थे 92% अफसर

ट्रंप 20 जनवरी 2017 को पहली बार अमेरिका के राष्ट्रपति बने थे और 20 जनवरी 2020 तक पद पर रहे थे. राष्ट्रपति बनते ही उन्होंने पिछली जो बाइडेन सरकार में तैनात किए गए अधिकारियों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया था. ब्रूकिंग्स इंस्टिट्यूट की मानें तो ट्रंप ने उस दौर में व्हाइट हाउस की 92 फीसदी ए टीम को बदल दिया था, जिसमें मुख्य सलाहकार और सीनियर अधिकारी आते हैं. जुलाई 2019 तक ही ट्रंप ने अपनी कैबिनेट में इतने बदलाव किए थे, जितने पिछले 40 साल में किसी राष्ट्रपति ने नहीं किए. 

ट्रंप के पहले कार्यकाल में इन दिग्गजों पर गिरी गाज

  1. जॉन बोल्टन (नेशनल सिक्योरिटी एडवाइजर) - विदेश नीति पर मतभेदों के कारण 2019 में ट्विटर के जरिए बर्खास्त किया गया. 
  2. माइकल फ्लिन (नेशनल सिक्योरिटी एडवाइजर) - नियुक्ति के महज 24 दिनों के अंदर रूस से संपर्कों पर झूठ बोलने के आरोप में हटा दिए गए. 
  3. रेक्स टिलरसन (विदेश मंत्री) - 2018 में राष्ट्रपति ट्रंप ने एक ट्वीट के जरिए उन्हें बर्खास्त कर दिया था.
  4. जेम्स कोमी (FBI डायरेक्टर) - 2017 में ट्रंप कैंपेन में रूस की भूमिका की जांच करते समय हटा दिए गए. 
  5. जेफ सेशंस (अटॉर्नी जनरल)  - रूस मामले की जांच से खुद को अलग करने से नाराज होकर ट्रंप ने इस्तीफा मांग लिया.
  6. कर्स्टन नील्सन (होमलैंड सिक्योरिटी मिनिस्टर) - इमिग्रेशन नीतियों पर मतभेदों के कारण 2019 में पद छोड़ना पड़ा. 
  7. रेंस प्रीबस (चीफ ऑफ स्टाफ) - ट्रंप के पहली बार राष्ट्रपति बनने के कुछ ही दिनों में हटा दिए गए थे. 
  8. स्टीव बैनन (चीफ स्ट्रेटजिस्ट) - अगस्त 2017 में राष्ट्रपति ट्रंप ने उन्हें पद से हटा दिया था.
  9. एंथनी स्कारामुची - महज 10 दिनों के लिए व्हाइट हाउस में कम्युनिकेशंस डायरेक्टर रहे और बर्खास्त कर दिए गए. 

अब जबकि ट्रंप ने अटॉर्नी जनरल पाम बॉन्डी की छुट्टी कर दी है, अमेरिका में अटकलें तेज हो गई हैं कि अगला नंबर किसका होगा. मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो एफबीआई के डायरेक्टर काश पटेल और नेशनल इंटेलिजेंस की डायरेक्टर तुलसी गबार्ड उनकी अगली शिकार हो सकती हैं. अटलांटिक की रिपोर्ट में दावा किया गया है कि आर्मी सेक्रेटरी डेनियल ड्रिस्कॉल और लेबर सेक्रेटरी लोरी शावेज डीरीमर का भी पत्ता साफ हो सकता है. हालांकि ये कितना सच है, ये वक्त ही बताएगा. 

देखें- ईरान से जंग के बीच होर्मुज पर कितनी बार बयान बदल चुके ट्रंप? अब कहा- 'थोड़ा समय मिला तो खोल सकते हैं'

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com