फ्रांस में चल रहे जी7 समिट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मुलाकात होने वाली है. इस मुलाकात से पहले ट्रंप ने पीएम मोदी की तारीफ की. वर्किंग लंच के दौरान ट्रंप ने पीएम मोदी की तारीफ की. उन्होंने कहा कि मैं मोदी जितना शांत नहीं हूं. मोदी शांत, कूल और जबरदस्त हैं.
पीएम मोदी और ट्रंप करेंगे मुलाकात
आज जी7 समिट का आखिरी दिन है. उसी दौरान ट्रंप और पीएम मोदी के बीच द्विपक्षीय बैठक भी प्रस्तावित है. व्हाइट हाउस के अनुसार, इस बैठक में भारत-अमेरिका संबंधों को 'नए स्तर' पर ले जाने पर जोर रहेगा. बातचीत के प्रमुख मुद्दों में व्यापार, तकनीक, निवेश, सप्लाई चेन और वैश्विक सुरक्षा शामिल होंगे.
व्हाइट हाउस प्रवक्ता कुश देसाई ने आईएएनस से खास बातचीत में कहा, 'राष्ट्रपति ट्रंप और प्रधानमंत्री मोदी के बीच मजबूत व्यक्तिगत संबंध हैं और दोनों देश अपने सहयोग को और गहरा करने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं.' उन्होंने बताया कि हाल ही में अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो की भारत यात्रा ने भी दोनों देशों के बीच सहयोग को मजबूत किया है. उन्होंने यह भी कहा कि यह यात्रा क्रिटिकल मिनरल्स पर हुए एक ऐतिहासिक समझौते के बाद सहयोग को आगे बढ़ाने का हिस्सा थी.
कल भी पीएम मोदी और ट्रंप की हुई थी मुलाकात
इससे पहले मंगलवार को भी ट्रंप और पीएम मोदी ने जी7 आउटरीच सत्र के दौरान एक-दूसरे का अभिवादन किया था और संक्षिप्त बातचीत की थी.
फ्रांस के एवियन में जी7 शिखर सम्मेलन के इतर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की प्रस्तावित बैठक फरवरी 2025 के बाद दोनों नेताओं की पहली आमने-सामने की मुलाकात होगी. यह बैठक उस समय हो रही है जब भारत-अमेरिका के बीच संभावित व्यापार समझौते और पश्चिम एशिया संकट को लेकर कूटनीतिक प्रयास तेज हैं.
व्हाइट हाउस के अनुसार, दोनों नेता इस बैठक में आर्थिक विकास, सप्लाई चेन, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, निवेश साझेदारी और वैश्विक सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करेंगे. विशेषज्ञों का मानना है कि इस बैठक में दोनों देशों से ठोस नतीजों के साथ-साथ मजबूत राजनीतिक संदेश की भी उम्मीद है.
यह भी पढ़ें: आपने मुझे छोड़ दिया; मेलोनी से मजाक करने लगे डोनाल्ड ट्रंप, जी-7 में खुद को बताया बॉस
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं