- ट्रंप ने एलन मस्क को दिया नेशनल मेडल ऑफ साइंस, बोले- आधुनिक दौर के थॉमस एडिसन हैं मस्क
- स्टारलिंक से लेकर स्पेसएक्स तक, मस्क के काम का ट्रंप ने किया बखान
- सत्या नडेला और माइकल डेल को भी मिला टेक्नोलॉजी सम्मान
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार को व्हाइट हाउस में आयोजित “साइंस: ए न्यू गोल्डन एज समिट” के दौरान टेस्ला और स्पेसएक्स के प्रमुख एलन मस्क को देश के सर्वोच्च वैज्ञानिक सम्मानों में शामिल नेशनल मेडल ऑफ साइंस से सम्मानित किया. सम्मान प्रदान करते हुए ट्रंप ने मस्क को अमेरिका का 'राष्ट्रीय खजाना' (National Treasure) और 'आधुनिक दौर का थॉमस एडिसन' बताया. उन्होंने कहा कि मस्क की प्रतिभा और दृढ़ संकल्प ने विज्ञान कथाओं को वास्तविकता में बदल दिया है और अमेरिका की तकनीकी क्षमता को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है. इसके साथ ही ट्रंप ने अमेरिका के अन्य टेक दिग्गजों का सम्मान किया.
मस्क के योगदान की ट्रंप ने की जमकर तारीफ
न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक सम्मान समारोह में ट्रंप ने कहा कि एलन मस्क एक औद्योगिक दिग्गज, प्रतिभाशाली इंजीनियर और दुनिया के महानतम टेक्नोलॉजी उद्यमियों में से एक हैं. उन्होंने कहा कि अमेरिकी इतिहास में बहुत कम लोगों ने राष्ट्रीय हितों को आगे बढ़ाने में उतना योगदान दिया है जितना मस्क ने विभिन्न क्षेत्रों में किया है. ट्रंप ने कहा कि मस्क की दूरदृष्टि और प्रतिबद्धता ने उन कल्पनाओं को साकार किया है जिन्हें कभी केवल विज्ञान कथा का हिस्सा माना जाता था. उन्होंने कहा कि आज अमेरिका की तकनीकी और वैज्ञानिक प्रगति में मस्क की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है.

मस्क को सम्मानित करते हुए ट्रंप
Photo Credit: White House
स्पेसएक्स और अंतरिक्ष कार्यक्रम का किया जिक्र
राष्ट्रपति ट्रंप ने स्पेसएक्स की उपलब्धियों का विशेष रूप से उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि इस कंपनी ने अमेरिकी अंतरिक्ष कार्यक्रम को नई दिशा दी है और नासा को अंतरिक्ष यात्रियों को भेजने के लिए विदेशी देशों पर निर्भर रहने से बचाया है. ट्रंप ने अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन से क्रू-12 मिशन की सुरक्षित वापसी पर भी स्पेसएक्स को बधाई दी. उन्होंने कहा कि अमेरिका को इस उपलब्धि पर गर्व है और एलन मस्क देश के लिए एक अमूल्य संपत्ति हैं.
स्टारशिप और स्टारलिंक की भी सराहना
ट्रंप ने स्पेसएक्स की स्टारशिप और स्टारलिंक प्रोजेक्ट्स को भी अमेरिका की बड़ी उपलब्धि बताया. उन्होंने एक घटना का जिक्र करते हुए कहा कि उत्तरी कैरोलिना में आए तूफान के दौरान संचार व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हो गई थी. उनके अनुसार, स्टारलिंक के उपकरणों ने बेहद कम समय में वहां संचार व्यवस्था बहाल करने में मदद की, जिससे सैकड़ों लोगों की जान बचाई जा सकी. ट्रंप ने इस योगदान के लिए मस्क को सार्वजनिक रूप से धन्यवाद दिया.

व्हाइट हाउस में पहुंचे टेक दिग्गज
Photo Credit: व्हाइट हाउस
टेस्ला को बताया ऐतिहासिक उपलब्धि
ट्रंप ने टेस्ला का उल्लेख करते हुए कहा कि यह पिछले 75 वर्षों में अमेरिका की पहली सफल नई ऑटोमोबाइल कंपनी बनी. उन्होंने कहा कि टेस्ला ने इलेक्ट्रिक वाहनों को व्यावसायिक रूप से सफल बनाया और स्वायत्त ड्राइविंग तकनीक को आम उपभोक्ताओं तक पहुंचाने में अग्रणी भूमिका निभाई. उन्होंने यह भी कहा कि मस्क ने ऑटोमोबाइल उद्योग में बदलाव लाकर नई तकनीकों के विस्तार का मार्ग प्रशस्त किया.
न्यूरालिंक और AI का भी किया जिक्र
समारोह के दौरान ट्रंप ने न्यूरालिंक और कृत्रिम बुद्धिमत्ता के क्षेत्र में एलन मस्क के प्रयासों की भी प्रशंसा की. उन्होंने कहा कि मस्क की तकनीकों से उन लोगों को नई उम्मीद मिल रही है जो देखने, बोलने या चलने-फिरने में सक्षम नहीं हैं. ट्रंप ने कहा कि एलन मस्क ने सुपरइंटेलिजेंस और उन्नत तकनीकों के क्षेत्र में दुनिया को नई दिशा दी है. इसी वजह से वह उन्हें आधुनिक दौर का थॉमस एडिसन मानते हैं.

सत्या नडेला का सम्मान करते हुए ट्रंप
Photo Credit: व्हाइट हाउस
अन्य तकनीकी दिग्गजों को भी मिला सम्मान
नेशनल मेडल ऑफ साइंस से गूगल के सह-संस्थापक सर्गेई ब्रिन, एनवीडिया के सीईओ जेन्सेन हुआंग और एएमडी की सीईओ लिसा सू को भी सम्मानित किया गया. वहीं डेल टेक्नोलॉजीज के प्रमुख माइकल डेल और माइक्रोसॉफ्ट के सीईओ सत्या नडेला को नेशनल मेडल ऑफ टेक्नोलॉजी एंड इनोवेशन प्रदान किया गया.
व्हाइट हाउस ने बताई सम्मान की वजह
व्हाइट हाउस ऑफिस ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी पॉलिसी (OSTP) के निदेशक माइकल क्रेट्सियोस ने कहा कि एलन मस्क को अंतरिक्ष अन्वेषण, संचार तकनीक और विनिर्माण क्षेत्र में असाधारण इंजीनियरिंग उपलब्धियों के लिए यह सम्मान दिया गया है. उनके अनुसार, मस्क के कार्यों ने अमेरिकी तकनीकी नेतृत्व को नई मजबूती दी है और उद्योग जगत में एक नए अध्याय की शुरुआत की है.
संबंधों में उतार-चढ़ाव के बाद फिर बढ़ी नजदीकी
यह सम्मान ऐसे समय में दिया गया है जब पिछले वर्ष एलन मस्क और डोनाल्ड ट्रंप के संबंधों में सार्वजनिक तौर पर तनाव देखने को मिला था. मस्क ने कुछ सरकारी नीतियों की आलोचना की थी, जबकि ट्रंप ने उनके सरकारी अनुबंधों की समीक्षा की बात कही थी. हालांकि बाद में दोनों के बीच संबंधों में सुधार हुआ और मस्क फिर से प्रशासन से जुड़े कई रणनीतिक और तकनीकी कार्यक्रमों में सक्रिय भूमिका निभाने लगे.
अमेरिका का सर्वोच्च वैज्ञानिक सम्मान
नेशनल मेडल ऑफ साइंस की स्थापना अमेरिकी कांग्रेस ने 1959 में की थी. यह वैज्ञानिकों और इंजीनियरों को दिया जाने वाला अमेरिका का सर्वोच्च सम्मान माना जाता है. यह पुरस्कार उन लोगों को प्रदान किया जाता है जिन्होंने विज्ञान, इंजीनियरिंग, गणित, जैविक एवं सामाजिक विज्ञान के क्षेत्र में राष्ट्र के लिए असाधारण योगदान दिया हो.
व्हाइट हाउस में आयोजित इस समारोह के साथ ट्रंप ने अपने दोनों राष्ट्रपति कार्यकालों में पहली बार नेशनल मेडल ऑफ साइंस और नेशनल मेडल ऑफ टेक्नोलॉजी एंड इनोवेशन पुरस्कार प्रदान किए.
यह भी पढ़ें : ट्रंप सरकार का बड़ा फैसला; विप्रो, टाटा, इन्फोसिस जैसी IT कंपनियों को ग्रीन कार्ड प्रोग्राम से किया सस्पेंड
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं