- डोनाल्ड ट्रंप की लोकप्रियता राष्ट्रपति कार्यकाल के सबसे निचले स्तर पर पहुंच चुकी है, केवल 33% कामकाज से सहमत
- रॉयटर्स के सर्वे में अधिकांश अमेरिकी लोगों को डर है कि ईरान के साथ अमेरिका की जंग लंबे समय तक चल सकती है
- ट्रंप ने चुनाव प्रचार में महंगाई नियंत्रण और लंबी जंग से बचने का वादा किया था, लेकिन किया इसके ठीक उलट
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के लिए राजनीतिक स्तर पर इतने खराब हालात कभी नहीं थे. डोनाल्ड ट्रंप की लोकप्रियता उनके राष्ट्रपति कार्यकाल के सबसे निचले स्तर पर पहुंच गई है. रॉयटर्स और इप्सोस के एक सर्वे के मुताबिक, ज्यादातर अमेरिकी लोगों को डर है कि ईरान के साथ अमेरिका की जंग लंबे समय तक चल सकती है और यही वजह है कि राष्ट्रपति उन्हें रास नहीं आ रहे हैं. चार दिन तक चले इस सर्वे में सिर्फ 33% लोगों ने ट्रंप के कामकाज को सही बताया, जबकि 64% लोगों ने इसे गलत बताया.
इससे पहले इसी महीने हुए एक सर्वे में ट्रंप की अप्रूवल रेटिंग 35% थी. अब उनकी रेटिंग उनके मौजूदा कार्यकाल में सबसे कम हो गई है. यह उनके पिछले कार्यकाल के सबसे निचले स्तर के बराबर है, जो दिसंबर 2017 में पहुंचा था. यानी इतने खराब हालात कभी नहीं थी.
ईरान जंग ने ट्रंप को संकट में डाला
पिछले साल ट्रंप जब दोबारा व्हाइट हाउस पहुंचे थे, तब देश के करीब आधे लोग उनके राष्ट्रपति बनने का समर्थन कर रहे थे. लेकिन इस साल उनकी लोकप्रियता को बड़ा झटका लगा, जब उन्होंने अमेरिका के सहयोगी इजरायल के साथ मिलकर ईरान पर हमले का आदेश दिया. जंग ने होर्मुज के रास्ते को ब्लॉक कर दिया, दुनिया के करीब पांचवें हिस्से के तेल कारोबार को प्रभावित कर दिया. इससे पेट्रोल की कीमत तेजी से बढ़ी. इसका असर अमेरिकी परिवारों की जेब पर पड़ रहा है. साथ ही नवंबर में होने वाले मध्यावधि चुनावों में संसद में बहुमत बचाने की कोशिश कर रही ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी पर भी इसका असर पड़ रहा है.
लेकिन ईरान अब तक मजबूती से टिका हुआ है. जंग की तीव्रता कम होने के बावजूद ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य के रास्ते होने वाले तेल कारोबार को काफी हद तक रोक रखा है. रॉयटर्स और इप्सोस के सर्वे में करीब 80% अमेरिकी लोगों ने कहा कि ईरान में अमेरिका की भागीदारी लंबे समय तक चल सकती है. इनमें 87% डेमोक्रेट और 71% रिपब्लिकन भी शामिल हैं. सिर्फ 16% लोगों का मानना है कि यह संघर्ष कुछ हफ्तों में खत्म हो जाएगा.
रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार यह सर्वे ऑनलाइन किया गया था. इसमें पूरे अमेरिका से 1,166 एडल्ट लोगों ने हिस्सा लिया. रिपोर्ट में दावा किया गया है कि सर्वे में गलती की संभावना 3 प्रतिशत अंक तक हो सकती है.
यह भी पढ़ें: होर्मुज पर अगर ओमान ने ईरान से डील की तो उसे बम से उड़ा देंगे: ट्रंप
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं