राजस्थान में मानसून एक बार फिर सक्रिय होने की संभावना है. मौसम विभाग ने 11 सितंबर से पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों में बारिश का नया दौर शुरू होने का अनुमान जताया है. गुरुवार को 5 जिलों में तेज बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है. 12 से 15 सितंबर के बीच जयपुर, भरतपुर, कोटा, उदयपुर और अजमेर संभाग के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं.
हल्की से मध्यम बारिश होगी
मौसम विभाग के अनुसार 11 सितंबर से भरतपुर, जयपुर और कोटा संभाग के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश शुरू हो सकती है. 12 और 13 सितंबर को भी इन संभागों के साथ अजमेर और उदयपुर संभाग के कुछ इलाकों में बारिश की संभावना है. 13-14 सितंबर को कोटा संभाग और आसपास के क्षेत्रों में कहीं-कहीं मध्यम से भारी बारिश हो सकती है. पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर और बीकानेर संभाग में 13 से 15 सितंबर के दौरान कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है.
बंगाल की खाड़ी में नया लो-प्रेशर सिस्टम
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक बंगाल की खाड़ी से लगे उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा तट के आसपास 11 सितंबर को नया कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है. यह सिस्टम धीरे-धीरे उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ेगा. इसके प्रभाव से ओडिशा, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश में भारी से अतिभारी बारिश हो सकती है, जबकि राजस्थान में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है.
मानसून ट्रफ सामान्य स्थिति से उत्तर में
फिलहाल मानसून ट्रफ अपने सामान्य कोर जोन से उत्तर दिशा में सक्रिय है. यह जम्मू, देहरादून, पंतनगर, बस्ती, छपरा और दीघा होते हुए बंगाल की खाड़ी तक बनी हुई है. इसके कारण राजस्थान में फिलहाल मौसम मुख्य रूप से साफ है. राज्य के अधिकांश हिस्सों में शुष्क पश्चिमी हवाएं प्रभावी हैं.
धूप से बढ़ी गर्मी, गंगानगर में 39.4 डिग्री
बुधवार को राजस्थान के अधिकांश शहरों में सुबह से देर शाम तक धूप रही. दिन में तेज धूप के कारण हल्की गर्मी महसूस हुई, जबकि सुबह-शाम हवा चलने से मौसम सुहावना रहा. राज्य के 10 से ज्यादा शहरों में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया. श्रीगंगानगर में सबसे अधिक 39.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ. मौसम साफ रहने और धूप निकलने के कारण आने वाले दिनों में दिन के तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है.
यह भी पढ़ें: CM भजनलाल ने रोडशो में कांग्रेस पर किए हमले, गहलोत बोले- 'मुख्यमंत्री भले घूम लें, जनता माहौल बना चुकी है'
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं