नॉर्थ कोरिया में इस समय भीषण गर्मी पड़ रही है. लोग बेहाल हैं. ऐसे में गर्मी से बचाने के लिए वहां की सरकार अजीब-अजीब घरेलू नुस्खों पर जोर दे रही है. सरकार का कहना है कि गर्मी को गर्मी ही काटता है. इस परेशान कर देने वाली गर्मी में सरकारी मीडिया लोगों को कुत्ते के मांस का सूप, जिनसेंग वाला शोरबा और दूसरे गर्म डिश खाने की सलाह दे रहा है. सरकार का दावा है कि ये चीजें शरीर को ताकत देती हैं और गर्मी से लड़ने में मदद करती हैं.
कोरिया में रिकॉर्ड तोड़ गर्मी, सलाह दे रही किम जोंग की मीडिया
न्यूज एजेंसी एएफपी की रिपोर्ट के अनुसार पूरे कोरियाई प्रायद्वीप में रिकॉर्ड तोड़ गर्मी पड़ रही है. साउथ कोरिया में अब तक गर्मी की वजह से 23 लोगों की मौत हो चुकी है. पिछले हफ्ते वहां तीन अलग-अलग दिनों में तापमान ने नया रिकॉर्ड बनाया. रविवार को तापमान 42.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया. वहीं नॉर्थ कोरिया की सरकारी मीडिया के मुताबिक, यहां भी तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है. वैसे तो आमतौर पर यहां की मीडिया तानाशाह सुप्रीम लीडर किम जोंग उन की ओर से दी गई सैन्य धमकियों वाली खबरों चलाती है, लेकिन इस इस बार सरकारी मीडिया लोगों को गर्मी से बचने के लिए खाना बनाने के सुझाव दे रहा है.
KCNA के मुताबिक कोरिया की एक कहावत है कि जैसी चीज से बीमारी होती है, वैसी ही चीज उसका इलाज भी करती है. कोरियाई लोग लंबे समय से यह मानते आए हैं कि गर्मियों के सबसे गर्म दिनों में गर्म खाना खाना सेहत के लिए अच्छा होता है. वैसे एशिया के कई दूसरे देशों की जो पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियां हैं, वे इससे अलग हैं. वहां गर्मियों में ठंडक देने वाले डिश, जैसे विंटर मेलन सूप, ज्यादा पसंद किए जाते हैं.
एक खास बात और. साउथ कोरिया में भी कभी गर्मियों के दौरान कुत्ते का मांस एक खास व्यंजन माना जाता था, लेकिन फरवरी 2027 से इस पर पूरी तरह प्रतिबंध लगने वाला है.
यह भी पढ़ें: ऊंट के गोबर की बीयर के दीवाने हुए ऑस्ट्रेलिया वाले, पीने के लिए लग रही कतार
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं