कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के 'चलो संसद' के बीच सीजेपी प्रवक्ता सौरव दास और आशुतोष रांका ने केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा से मुलाकात की और अपनी मांगो लिस्ट दे दी है. जेपी नड्डा ने भी एक्स पर लिखा कि सौहार्दपूर्ण वातावरण में मुलाकात हुई. उनके डेलीगेशन के साथ विस्तार से पहले मौखिक चर्चा हुई और उनके तरफ से लगभग 4 बजे मुझे लिखित याचिका दी गई.
इस बीच संसद मार्ग पर प्रदर्शनकारियों का प्रदर्शन जारी है. इस आर्टिकल में पढ़ेंगे कि प्रोटेस्ट को लेकर दुनियाभर की मीडिया में क्या छपा है?
ब्रितानी अखबार द गार्डियन ने सीजेपी के प्रोटेस्ट (CJP Protest in Delhi) पर खबर लगाई है. अखबार ने 'कॉकरोच पार्टी के हजारों प्रदर्शनकारियों ने दिल्ली में मार्च निकालकर पुलिस आदेश का उल्लंघन किया' हेडलाइन से खबर लगाई है.
अखबार लिखता है, "दिल्ली पुलिस के परमिशन के बिना ही कॉकरोच पार्टी के लोग सुबह से सड़कों पर हैं. ये मार्च संसद के मॉनसून सत्र शुरू होने वाले दिन हुआ है."

बीबीसी ने लिखा है कि पुलिस ने संसद की ओर मार्च कर रहे प्रदर्शनकारियों का रास्ता रोका. प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच कुछ हद तक समझौता होता दिख रहा है. हालांकि कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने आधिकारिक तौर पर विरोध प्रदर्शन रद्द नहीं किया है, लेकिन उसके नेताओं ने समर्थकों से कहा है कि उनका उद्देश्य सरकार का ध्यान आकर्षित करना था और उन्होंने आज इसे हासिल कर लिया है.
ब्रितानी न्यूज प्रसारक ने प्रोटेस्ट को खासा कवरेज दी है. कई खबरों के बीच बीबीसी ने 'सैकड़ों से हज़ारों तक: भारत का 'कॉकरोच' विरोध आंदोलन कैसे बढ़ा' नाम से वीडियो स्टोरी को भी अपने एशिया सेक्शन के पन्ने पर जगह दी है.
'प्रदर्शनकारियों ने सुरक्षा बैरिकेड्स को तोड़ने की कोशिश की'
अमेरिका मीडिया ने भी सीजेपी के प्रोटेस्ट पर कई सुखियां छापी हैं. अमेरिका की एबीसी न्यूज ने भी प्रोटेस्ट पर कवरेज किया है. एबीसी न्यूज लिखता है, "प्रदर्शनकारियों ने नई दिल्ली के बीचोंबीच स्थित विरोध स्थल के चारों ओर लगे सुरक्षा बैरिकेड्स को तोड़ने की कोशिश की."
खबर में आगे लिखा गया, "पुलिस के रोकने के बावजूद, कई प्रदर्शनकारी छोटे-छोटे समूहों में संसद की ओर मार्च करते रहे."

अमेरिका अखबार न्यूयॉर्क टाइम्स ने 'परीक्षा घोटाले के बाद भारतीय प्रदर्शनकारियों ने संसद की ओर मार्च किया' हेडलाइन से खबर छापी है.
अखबार लिखता है, "यह विरोध प्रदर्शन कॉकरोच जनता पार्टी के बैनर तले हो रहा है. जो महज दो महीने पहले स्थापित एक जमीनी आंदोलन है और भारत के युवाओं के गुस्से का प्रतीक बन गया है. इसकी शुरुआत भारत के मुख्य न्यायाधीश के उस बयान के जवाब में हुई थी जिसमें उन्होंने देश के बेरोजगार युवाओं की तुलना कॉकरोच और परजीवियों से की थी."
एक और अमेरिकी अखबार वॉशिंगटन पोस्ट ने भी सीजेपी प्रोटेस्ट पर कवरेज की है. अखबार लिखती है, "भारत के युवा नेतृत्व वाले कॉकरोच आंदोलन के समर्थकों को सोमवार को संसद की ओर मार्च करने से रोकने के लिए पुलिस ने आंसू गैस का इस्तेमाल किया. ये समर्थक शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग कर रहे थे, वहीं सरकार ने आंदोलन के नेताओं से पहली बार संपर्क किया है."
फ्रेंच अखबार ले मोंडे ने लिखा, खुद को 'कॉकरोच' कहने वाले प्रदर्शनकारी पिछले एक महीने से जंतर-मंतर पर डेरा डाले हुए हैं और कई छात्र समूहों के सदस्य भी सोनम वांगचुक की भूख हड़ताल में शामिल हो गए हैं. हजारों समर्थक विश्वविद्यालयों और अन्य शहरों में रैलियों में भी जुट गए हैं. वे शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे, परीक्षा प्रणाली में सुधार और एग्जाम पेपर लीक होने के बाद आत्महत्या करने वाले छात्रों के परिवारों को मुआवजे की मांग कर रहे हैं.
भारत के पड़ोसी देशों की मीडिया ने क्या लिखा?
पड़ोसी देश पाकिस्तान में भी दिल्ली के प्रदर्शन और मार्च पर कवरेज हुई. पाकिस्तान अखबार डॉन ने लिखा कि प्रदर्शनकारी प्रश्नपत्र लीक और तकनीकी गड़बड़ियों सहित परीक्षा अनियमितताओं को लेकर शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं. सोमवार तड़के से ही हजारों प्रदर्शनकारी इकट्ठा होने लगे, लगातार हो रही मानसूनी बूंदाबांदी और पुलिस बैरिकेड्स की अवहेलना करते हुए संसद की ओर बढ़ने लगे.

श्रीलंका की अखबार और ऑनलाइन न्यूज पोर्टल डेली मिरर ने लिखा, "दिल्ली की 300 साल पुरानी वेधशाला जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन स्थल का माहौल गहमागहमी का है. प्रदर्शनकारी हाथ में झंडा लेकर संसद की ओर बढ़ रहे हैं."
नेपाली अखबार काठमांडु पोस्ट ने लिखा, "भारी बैरिकेडिंग वाले स्थल पर बड़ी संख्या में पुलिस और अर्धसैनिक सुरक्षाकर्मी भी तैनात किए गए थे. इसके बाद ये आशंका थी कि यदि प्रदर्शनकारी अपना मार्च जारी रखने की कोशिश करते हैं तो संसद से कुछ किलोमीटर दूर गतिरोध की स्थिति पैदा हो सकती है."
यह भी पढ़ें: LIVE: जारी रहेगा अनशन... सोनम वांगचुक का ऐलान, प्रदर्शन के लिए जंतर-मंतर पहुंचे दीपके
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं