विज्ञापन

नौकरी हो तो ऐसी! सालाना 12 लाख कमाओ और थक जाओ तो सो जाओ, इस अनोखे जॉब ऑफर ने मचाया तहलका

अगर आप भी विदेश में एक ऐसी नौकरी की तलाश कर रहे हैं जिसमें आपको अच्छी सैलरी मिले, ज्यादा बोलने की जरूरत न पड़े और कोई रोक-टोक भी न हो, तो ये खबर आप ही के लिए है.

नौकरी हो तो ऐसी! सालाना 12 लाख कमाओ और थक जाओ तो सो जाओ, इस अनोखे जॉब ऑफर ने मचाया तहलका
चीन के चिड़ियाघर में भालू बनने की नौकरी, 12 लाख रुपये सैलरी की शर्त जानकर लोग हैरान.
NDTV

World News: क्या आपने कभी ऐसी नौकरी के बारे में सोचा है जहां आप थक जाने पर मजे से सो सकें, मन करे तो उछल-कूद कर लें और कोई बॉस आपको टोकने वाला न हो? और तो और, इस काम के लिए आपको सालाना लाखों रुपये की सैलरी भी मिले. सुनने में यह किसी सपने जैसा लगता है, लेकिन चीन के एक चिड़ियाघर ने हाल ही में एक ऐसा ही जॉब ऑफर निकाला है. इस अनोखे एडवरटाइजमेंट ने सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया है. आइए आपको इस दिलचस्प नौकरी की पूरी कहानी बताते हैं, जिसे जानकर आप भी कहेंगे- 'जॉब हो तो ऐसी'.

किस जू ने निकली है यह अनोखी जॉब?

यह मजेदार मौका दिया है मध्य चीन के हेनान प्रांत में स्थित लुओहे वाइल्डलाइफ जू (Luohe Wildlife Zoo) ने. स्थानीय सरकार के सपोर्ट से यह चिड़ियाघर इसी साल मई की शुरुआत में ही खुला है. हाल ही में, 13 जून को इन्होंने एक ऐड निकाला, जिसमें उन्हें ऐसे लोगों की तलाश थी जो काले भालू की कॉस्ट्यूम पहन सकें. इस पोशाक को पहनकर आपको बस चिड़ियाघर में घूमना है और वहां आए दर्शकों के साथ मस्ती करते हुए उनका मनोरंजन करना है.

Luohe Wildlife Zoo bear performer

लुओहे वाइल्डलाइफ जू की तरफ से जारी जॉब एडवरटाइजमेंट की तस्वीर.

रोजाना 6 घंटे की नौकरी और महीने में 4 छुट्टी

इस मजेदार काम के लिए चिड़ियाघर काफी अच्छी रकम भी दे रहा है. एडवरटाइजमेंट के मुताबिक, इस रोल के लिए बेस सैलरी 1 लाख युआन, यानी करीब 12 लाख रुपये सालाना तय की गई है. जू के एक प्रवक्ता ने 'न्यू वीकली' को बताया कि अगर कोई 'भालू' अपनी मजेदार हरकतों से सोशल मीडिया पर फेमस हो जाता है, तो वह इस बेस सैलरी से कहीं ज्यादा कमाई कर सकता है. सबसे अच्छी बात यह है कि आपको दिन भर काम नहीं करना है. इस जॉब में केवल 6 घंटे की शिफ्ट होगी और हर महीने 4 दिन की छुट्टी भी मिलेगी.

इस नौकरी के लिए कुछ शर्तें भी हैं...

अब आप सोच रहे होंगे कि काम इतना आसान है तो पक्का कुछ न कुछ कैच होगा, और ऐसा है भी. ऐड के मुताबिक, इस काम की कुछ शर्तें भी हैं. सबसे बड़ा नियम यह है कि आप काम के दौरान इंसानों की तरह बात नहीं कर सकते. हालांकि, आप भालू की तरह 'गुर्राने' जैसी आवाजें निकाल सकते हैं. बोलने की छूट सिर्फ तभी है जब कोई इमरजेंसी आ जाए या आपको किसी मदद की जरूरत पड़े. इसके अलावा, खाने-पीने को लेकर भी आपको एडजस्ट करना होगा. भालू बने व्यक्ति को वही स्नैक्स और चीजें खानी पड़ेंगी जो चिड़ियाघर में आने वाले टूरिस्ट उसे प्यार से देंगे. 

ये भी पढ़ें:- पुरानी पेट्रोल कार को बनाएं E100 रेडी, 15000 रुपये में लगेगी एथेनॉल कनवर्टन किट! Maruti की गाड़ियों पर टेस्ट सफल

जहां तक एलिजिबिलिटी की बात है, तो आवेदक की उम्र कम से कम 18 साल होनी चाहिए, वह शारीरिक रूप से फिट होना चाहिए और यह जॉब महिला या पुरुष दोनों के लिए खुली है. विज्ञापन में यह तो बताया गया है कि भालू की ड्रेस काफी 'सॉफ्ट' है, लेकिन यह साफ नहीं किया गया है कि इसके अंदर पंखे या वेंटिलेशन की कोई सुविधा दी गई है या नहीं.

China Zoo Bear

भालू के भेष में इंसान की सांकेतिक तस्वीर.
Photo Credit: ANI

थक जाने पर लेटकर सपने देखने की आजादी

चुप रहने वाले सख्त नियम की वजह से यह नौकरी उन लोगों के लिए भी एकदम बेहतरीन है जो कम बोलते हैं यानी इंट्रोवर्ट्स हैं. ऐड में इसे चिड़ियाघर की सबसे 'आजाद' नौकरी बताया गया है. अगर आप काम करते-करते थक गए हैं, तो आप आराम से लेट कर दिन में सपने देख सकते हैं और जब आप में फुल एनर्जी हो, तो आप कूद सकते हैं, डांस कर सकते हैं, पेड़ पर चढ़ सकते हैं या फिर मछली भी पकड़ सकते हैं. आपको जो भी करने में मजा आए, वो करें. चिड़ियाघर ने अपने विज्ञापन में जोर देकर लिखा था, 'आप जितनी पागलों वाली और अजीब हरकतें करेंगे, दर्शकों के बीच आप उतने ही ज्यादा पॉपुलर होंगे.'

देखते ही देखते भर गईं सारी नौकरियां

इस अनोखी पहल को लेकर जू के प्रवक्ता का कहना था कि यह युवाओं के लिए एक शानदार मौका है और इससे चिड़ियाघर को भी कमाई के नए तरीके खोजने में मदद मिलेगी. उनका यह आईडिया हिट भी हुआ. एडवरटाइजमेंट आते ही 100 से ज्यादा लोगों ने अप्लाई कर दिया और कुछ ही दिनों में सारी वैकेंसी फुल हो गईं. हालांकि, जू ने यह नहीं बताया कि कुल कितने लोगों को रखा गया है.

सोशल मीडिया पर कैसे रिएक्शन दे रहे लोग?

सोशल मीडिया पर भी यह खबर छाई रही और इंटरनेट यूजर्स ने इस पर बड़े ही मजेदार कमेंट्स किए. एक यूजर ने लिखा, 'यह कोई आसान काम नहीं है. हेनान में गर्मियां बहुत तेज होती हैं, जरा सोचिए उस भारी कॉस्ट्यूम के अंदर क्या हाल होता होगा.'

दूसरे ने हंसते हुए कहा, 'काम के दौरान बिल्कुल चुप रहना? मुझे नहीं लगता कि बहुत से लोग इस नियम का पालन कर पाएंगे, हाहा.'

वहीं एक यूजर ने अपनी चिंता जताते हुए कहा, 'यह आईडिया काफी क्रिएटिव तो है, लेकिन मुझे डर है कि कहीं इससे बच्चों के मन से असली जंगली जानवरों का डर ही खत्म न हो जाए.'

ये भी पढ़ें:- बांग्ला उपन्यास पर बना था 1988 का दूरदर्शन का सीरियल, पालकी गीत ने बनाया पॉपुलर, नूतन बनी कालीगंज की बहू

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
China Zoo, Job In China, Job Vacancy, World News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com