विज्ञापन

चीन को रियल एस्टेट संकट में धकेलने वाली कंपनी Evergrande के फाउंडर को उम्र कैद, कोर्ट ने एक-एक पाई छीन ली

एवरग्रांडे ग्रुप कभी चीन के रियल एस्टेट कारोबार का सबसे बड़ा नाम था. उसके संकट ने पूरे पूरे चीन के रियल एस्टेट बाजार को ही गहरे संकट में धकेल दिया था.

चीन को रियल एस्टेट संकट में धकेलने वाली कंपनी Evergrande के फाउंडर को उम्र कैद, कोर्ट ने एक-एक पाई छीन ली
Hui Ka Yan की 9 साल पहले (बाएं) और अब सजा सुनाए जाते वक्त की तस्वीर (दाएं)
  • चीन में एवरग्रांडे के फाउंडर हुई का यान को वित्तीय धोखाधड़ी के आरोपों में उम्रकैद की सजा सुनाई गई है
  • चीन की सबसे बड़ी रियल एस्टेट कंपनी रही एवरग्रां और उसकी सहयोगी कंपनी पर कुल 2 अरब डॉलर से अधिक का जुर्माना लगा
  • अदालत ने बताया कि 2016 से 2021 के बीच कंपनी ने वित्तीय धोखाधड़ी कर कर्ज छिपाया और संपत्ति बढ़ाई

चीन में कभी रियल एस्टेट की सबसे बड़ी कंपनी रही एवरग्रांडे के फाउंडर हुई का यान को उम्रकैद की सजा सुनाई गई है. साथ ही इस कंपनी और उसकी एक सहयोगी कंपनी पर 2 अरब डॉलर से ज्यादा का जुर्माना लगाया गया है. यह कार्रवाई पांच साल पहले कंपनी के कर्ज चुकाने में नाकाम रहने के बाद हुई है. कंपनी का पतन ऐसे समय हुआ जब चीनी सरकार के अधिकारियों ने 2020 में बहुत ज्यादा कर्ज लेने पर कार्रवाई शुरू की थी. एवरग्रांडे के संकट ने पूरे चीन के रियल एस्टेट बाजार को ही गहरे संकट में धकेल दिया.

चीन के रियल एस्टेट का सबसे बड़ा नाम था

एवरग्रांडे ग्रुप कभी चीन के रियल एस्टेट कारोबार का सबसे बड़ा नाम था. न्यूज एजेंसी एएफपी की रिपोर्ट के अनुसार कई दशकों तक चीन में घरों की मांग बढ़ती रही और एवरग्रांडे ने लोगों को घर खरीदने के सपने दिखाकर खूब कारोबार किया. लेकिन जब चीन की सरकार ने बहुत ज्यादा कर्ज लेने और सट्टेबाजी पर रोक लगाने के नियम बनाए, तो कंपनी के लिए कर्ज लेना काफी मुश्किल हो गया.

कंपनी 2021 में अपने कर्ज देने वालों का पैसा चुकाने में मुश्किल आने के बाद डिफॉल्ट कर गई, यानी वह अपना कर्ज समय पर नहीं चुका पाई. अब गुरुवार, 20 अगस्त को दक्षिणी चीन की एक अदालत ने कंपनी और उसकी रियल एस्टेट शाखा पर कुल 15.82 अरब युआन यानी करीब 2.4 अरब डॉलर का जुर्माना लगाया. भारतीय करेंसी में यह रकम 23 हजार करोड़ रुपए के आसपास होती है.

कोर्ट ने क्या कहा?

अदालत ने एवरग्रांडे के संस्थापक हुई का यान को कई अपराधों के लिए उम्रकैद की सजा सुनाई. कैंटोनीज भाषा में उन्हें हुई का यान के नाम से भी जाना जाता है. उन पर लगे आरोपों में बड़े पैमाने पर वित्तीय धोखाधड़ी भी शामिल है. रिपोर्ट के अनुसार ग्वांगदोंग प्रांत की शेनझेन इंटरमीडिएट पीपुल्स कोर्ट ने अपने वीचैट अकाउंट पर कहा कि हुई का यान को कई अपराधों के लिए सजा सुनाई गई है. उन्हें उम्रकैद दी गई है, उनके राजनीतिक अधिकार हमेशा के लिए छीन लिए गए हैं और उनकी सारी प्राइवेट प्रॉपर्टी जब्त कर ली गई है.

अदालत ने कहा कि 2016 से 2021 के बीच एवरग्रांडे और कंपनी के फाउंडर ने देश के कानूनों का उल्लंघन किया. उन्होंने लगातार बड़े पैमाने पर वित्तीय धोखाधड़ी की. इसके जरिए कंपनी की संपत्ति को बढ़ा-चढ़ाकर दिखाया गया और उस पर मौजूद कर्ज को छिपाया गया. अदालत ने यह भी कहा कि रिश्वत देकर इन लोगों ने कुछ वित्तीय संस्थानों पर अपना नियंत्रण हासिल किया. हालांकि अदालत ने उन संस्थानों के नाम नहीं बताए.

अदालत के मुताबिक, हुई का यान ने अप्रैल में ही अपना अपराध कबूल कर लिया था. उन पर गबन और रिश्वतखोरी समेत कई आरोप लगाए गए थे. एवरग्रांडे ग्रुप के पांच अन्य बड़े अधिकारियों को भी गुरुवार को जेल की सजा सुनाई गई. शेनझेन की अदालत ने बताया कि उन्हें 6 से 18 साल तक की सजा मिली है. इन अधिकारियों पर धोखाधड़ी समेत कई अपराधों के आरोप थे.

यह भी पढ़ें: अमेरिका का वर्चस्व खत्म, चीन की अंतरिक्ष में बड़ी छलांग! रॉकेट उड़ाया और बूस्टर वापस धरती पर उतारा

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
China, Evergrande, China Real Estate Crisis
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com