विज्ञापन

VIDEO: भारत में प्रचंड गर्मी का कहर तो चीन में बाढ़ से तबाही! सड़कों पर बह रहीं कार- 25 की मौत

China Deadly Flood VIDEO: चीन में मूसलाधार बारीश की वजह से आई बाढ़ ने कम से कम 25 लोगों की जान ले ली है. चीन के कई हिस्सों में अभी भी बारिश जारी रहने की संभावना जताई गई है.

VIDEO: भारत में प्रचंड गर्मी का कहर तो चीन में बाढ़ से तबाही! सड़कों पर बह रहीं कार- 25 की मौत
China Deadly Flood VIDEO: चीन में बाढ़ ने मचाई तबाही
  • भारत में प्रचंड गर्मी और तेज धूप से लोग परेशान हैं, वहीं चीन में भयंकर मूसलाधार बारिश से बाढ़ आ गई है
  • चीन के मध्य और दक्षिण-पश्चिमी हिस्सों में भारी बारिश से कम से कम 25 लोगों की मौत हो चुकी है
  • बाढ़ के कारण कई शहर पानी में डूब गए हैं, सड़कें और दुकानें जलमग्न हो गई हैं और बचाव कार्य जारी है

एक तरफ भारत इस समय प्रचंड गर्मी की मार झेल रहा है. कई शहरों में लोग तेज धूप और गर्म हवाओं से परेशान हैं. सड़कें तप रही हैं और लोगों का घर से निकलना मुश्किल हो गया है. वहीं दूसरी तरफ पड़ोसी देश चीन में हालात बिल्कुल उलटे हैं. वहां लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने भयंकर बाढ़ ला दी है. कई शहर पानी में डूब गए हैं, लोग घरों में फंस गए हैं और बचाव टीमें नावों और तैरकर लोगों की जान बचा रही हैं. कम से कम 25 लोग मर गए हैं. चीन में बाढ़ का पानी इतना बढ़ गया कि सड़कें और दुकानें तक पानी में गायब हो गईं. इतना ही नहीं सड़कों पर खड़ी कारें भी पानी में डूब जा रहीं और बह जा रहीं.

चीन में बाढ़ ने मचाई तबाही 

चीन के मध्य और दक्षिण-पश्चिम हिस्सों में बुधवार को भारी बारिश और बाढ़ ने भारी तबाही मचाई. न्यूज एजेंसी एएफपी की रिपोर्ट के अनुसार लगातार तेज बारिश की वजह से अब तक कम से कम 25 लोगों की मौत हो चुकी है. कई जगहों पर स्कूल, दुकानें और ट्रांसपोर्ट सेवाएं बंद करनी पड़ीं. बचावकर्मी पानी से भरे इलाकों में नावों की मदद से लोगों को बाहर निकालते दिखे. कई जगहों पर रेस्क्यू टीम के सदस्य खुद पानी में तैरकर लोगों तक पहुंचे.

अधिकारियों ने कहा कि दक्षिण और मध्य चीन के कई हिस्सों में अभी भी भारी बारिश जारी रहने की संभावना है. इनमें जियांग्शी, आनहुई, हुनान, हुबेई, गुइझोउ, गुआंग्शी, गुआंगदोंग और हैनान इलाके शामिल हैं. प्रशासन ने भूस्खलन, अचानक आने वाली बाढ़ और शहरों में गंभीर जलभराव का खतरा बताया है.

दक्षिणी गुआंगदोंग प्रांत के दाचोंग शहर में हालात बेहद खराब दिखे. वहां कई स्कूटर पूरी तरह पानी में डूब गए थे और सिर्फ उनके हैंडल नजर आ रहे थे. चीन के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म डोयिन पर शेयर किए गए वीडियो में दिखा कि एक आदमी बाढ़ से बचने के लिए पेड़ पर चढ़ गया था. बाद में रेस्क्यू टीम ने नाव की मदद से उसे सुरक्षित बाहर निकाला. इसी तरह चीन के गुइजहौ प्रांत में मूसलाधार बारिश के कारण पास की नदी में पानी भर जाने से सड़क पर कारें बह गईं.

मध्य चीन के हुबेई प्रांत में इमरजेंसी और सेना के जवान लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाते दिखे. इनमें कई बुजुर्ग लोग भी शामिल थे. सरकारी टीवी चैनल सीसीटीवी की फुटेज में दिखा कि बुजुर्ग लोगों को नावों से उनके घरों से निकाला गया. कुछ रेस्क्यू कर्मी इमारतों के अंदर तैरकर फंसे हुए लोगों तक पहुंचे. सीसीटीवी के एक वीडियो में दिखा कि एक आदमी सीने तक पानी में फंसा हुआ था और दरवाजे के पीछे खड़ा था. बचावकर्मियों को उसे सुरक्षित निकालने में करीब एक घंटा लग गया.

हेलीकॉप्टर से लिए तस्वीरों में दिखा कि हुबेई और उसके पड़ोसी हुनान प्रांत के बड़े इलाके बाढ़ के पानी में डूब गए हैं. 

चीनी में इतनी बारिश क्यों हुई?

चीनी मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक इतनी बड़ी बारिश की वजह बंगाल की खाड़ी, दक्षिण चीन सागर और प्रशांत महासागर से आई भारी नमी रही. यह मौसम प्रणाली बहुत धीरे-धीरे आगे बढ़ रही थी, जिसकी वजह से लगातार ज्यादा बारिश होती रही. चीन के मौसम विभाग ने कहा कि गुरुवार को फिर से बारिश होगी. अधिकारियों के मुताबिक शान्शी, सिचुआन, हुनान, गुआंग्शी और गुआंगदोंग जैसे इलाकों में फिर से मूसलाधार बारिश हो सकती है.

यह भी पढ़ें: भारत के YouTubers और Influencers को क्यों बुला रहा नेपाल? आपके पास भी फ्री में हिमालय की ट्रिप मारने का मौका

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
India Heatwave, China Flood, Rain
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com