विज्ञापन
This Article is From Jul 05, 2024

ब्रिटेन के प्रधानमंत्री की सैलरी जान आप भी हो जाएंगे हैरान, एक नहीं दो-दो बार मिलता है वेतन

ब्रिटेन के प्रधानमंत्री को रहने के लिए 10 डाउनिंग स्ट्रीट पर आवास और दफ्तर मिलता है, साथ ही एयरक्राफ्ट की सुविधा और गाड़ी भी मिलती है. पीएम को यात्रा, स्टाफ के खर्च समेत दूसरी कई चीजों के लिए भी भत्ता मिलता है.

ब्रिटेन के प्रधानमंत्री की सैलरी जान आप भी हो जाएंगे हैरान, एक नहीं दो-दो बार मिलता है वेतन
नई दिल्ली:

ब्रिटेन के आम चुनाव के नतीजे घोषित हो चुके हैं. 14 सालों से चला आ रहा कंजर्वेटिव पार्टी का शासन अब खत्म हो गया है और लेबर पार्टी सत्ता पर काबिज हो गई है. कीर स्टार्मर ब्रिटेन के नए प्रधानमंत्री बनेंगे. ऐसे में क्या आप जानते हैं कि ब्रिटेन के प्रधानमंत्री को कितनी सैलरी मिलती है और क्या-क्या सुविधाएं दी जाती है? चलिए हम आपको बताते हैं.

ब्रिटेन के प्रधानमंत्री को दो तरह की सैलरी दी जाती है. एक सांसद के रूप में काम करने का और दूसरा सरकार चलाने का. सांसद के तौर पर प्रधानमंत्री को £91,346 यानी 97.20 लाख रुपये सालाना मिलते हैं, यानी एक महीने में लगभग 8 लाख 10 हजार रुपये. वहीं सरकार का नेतृत्व करने के लिए सालाना £80,807 यानी 86.28 लाख रुपये मिलते हैं. दोनों को जोड़ दें तो पीएम की सालाना कमाई एक करोड़ 83 लाख 48 हजार रुपये होती है.

इसके साथ ही ब्रिटेन के प्रधानमंत्री को रहने के लिए 10 डाउनिंग स्ट्रीट पर आवास और दफ्तर मिलता है, जहां वो हर दिन के महत्वपूर्ण कामों को लेकर मीटिंग करते हैं. साथ ही एयरक्राफ्ट की सुविधा और गाड़ी भी मिलती है. पीएम को यात्रा, स्टाफ के खर्च समेत दूसरी कई चीजों के लिए भी भत्ता मिलता है. वहीं पद से हटने के बाद भी प्रधानमंत्री को कई आर्थिक फायदे मिलते हैं. उन्हें पूर्व पीएम के तौर पर भी सालाना सैलरी का 25 प्रतिशत मिलता है.

Latest and Breaking News on NDTV

ब्रिटेन के नए पीएम कीर स्टार्मर की कितनी संपत्ति
वहीं ब्रिटेन के नए पीएम कीर स्टार्मर की कुल संपत्ति की बात करें तो पॉलिटिक्स डॉट को डॉट यूके के मुताबिक साल 2021/2022 में, कीर को लेबर सांसद होने के नाते £76,961 सैलरी मिली, वहीं विपक्ष के नेता होने के नाते उन्हें अतिरिक्त £49,193 मिले. वह पहले 2008 से 2013 तक लोक अभियोजन निदेशक और क्राउन अभियोजन सेवा के प्रमुख थे, इस काम के लिए भी उन्हें मोटी सैलरी मिलती थी. साल 2020/21 में, लेबर नेता, जो एक बैरिस्टर भी हैं. उन्हें कानूनी सेवा देने के लिए लिए £21,000 से ज़्यादा मिले.

मई 2020 में सर कीर के लेबर नेता के रूप में चुने जाने पर मेल ऑन संडे ने रिपोर्ट किया कि उनके पास सरे में £10 मिलियन तक की 7 एकड़ ज़मीन है. अख़बार ने कहा कि सर कीर ने 1996 में सरे के घर के बगल में ग्रीन बेल्ट पर संपत्ति खरीदी थी, जहां वे बड़े हुए थे. लेबर नेता और उनकी पत्नी विक्टोरिया के पास उत्तरी लंदन में एक घर है जिसे उन्होंने £600,000 में खरीदा था और अब इसकी कीमत £1 मिलियन से अधिक बताई जाती है. प्रोलिफिक लंदन के अनुसार, सर कीर की कुल संपत्ति लगभग 7.7 मिलियन पाउंड है.

कौन हैं नए प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर
स्टार्मर के पिता एक टूलमेकर थे और उनकी मां एक नर्स के रूप में काम करती थीं. कीर ने रीगेट ग्रामर स्कूल में पढ़ाई की है. बीबीसी के मुताबिक स्कूल के बाद यूनिवर्सिटी जाने वाले वह अपने परिवार के पहले सदस्य बने और लीड्स में दाखिला लिया. जिसके उन्होंने ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी में क़ानून की पढ़ाई की. साल 1987 में वो कीर बैरिस्टर बने. कीर मानवाधिकार क़ानून में एक्सपर्ट हैं. 

Latest and Breaking News on NDTV

ब्रिटेन में 2 सितंबर, 1962 को जन्मे स्टार्मर पेशे से वकील हैं. लेबर पार्टी के मुताबिक उनका पूरा पेशेवर जीवन जरूरतमंद लोगों को न्याय दिलाने के लिए रहा है. वह ब्रिटेन की संसद में साल 2020 से प्रतिपक्ष और लेबर पार्टी के नेता हैं. वह 2015 से 2024 के लिए होलबोर्न और सैंट पैनक्रास से सांसद भी चुने गए हैं. स्टार्मर 2008 से 2013 तक सरकारी अभियोजन के निदेशक भी रहे हैं. 

लेबर पार्टी ने इस चुनाव में 650 में से 400 से ज्यादा सीटों पर जीत हासिल की है. वहीं, कंजर्वेटिव पार्टी के खाते में सिर्फ 120 सीटें ही आई हैं. स्टार्मर ने मध्य लंदन में होल्बोर्न और सेंट पैनक्रास की अपनी सीट जीती ली. 650 सीटों वाले हाउस ऑफ कॉमन्स में लेबर पार्टी ने आसानी से 326 के बहुमत के आंकड़े को पार कर लिया.
Latest and Breaking News on NDTV

पीएम ऋषि सुनक ने चुनाव में अपनी हार स्वीकार कर ली है. सुनक ने समर्थकों और कार्यकर्ताओं से कहा कि मुझे माफ कर दीजिएगा. सुनक ने तय समय से पहले चुनाव कराने का आह्वान करके कई लोगों को आश्चर्यचकित कर दिया था. उनकी पार्टी जनमत सर्वेक्षणों में लेबर से 20 अंक पीछे थी, लेकिन सुनक का मानना ​​था कि पिछले चुनावों की तरह ये नतीजे पलट जाएंगे.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Britain General Elections 2024, British Prime Minister Salary, Rishi Sunak, Keir Starmer
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com