- पीएम मोदी और इजरायली पीएम नेतन्याहू के बीच द्विपक्षीय वार्ता के बाद दोनों नेताओं ने संयुक्त प्रेसवार्ता की
- पीएम ने इजरायल को स्पेशल स्ट्रैटेजिक पार्टनर का दर्जा और जल्द फ्री ट्रेड एग्रीमेंट पूरा करने की घोषणा की
- उन्होंने भारत में इजरायली तकनीक को गांव-गांव तक पहुंचाने के लिए विलेजेज ऑफ एक्सीलेंस का भी ऐलान किया
इजरायल के दौरे पर पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पीएम बेंजामिन नेतन्याहू के बीच गुरुवार को प्रतिनिधि मंडल स्तर की द्विपक्षीय वार्ता हुई. इस दौरान रक्षा- सुरक्षा, व्यापार, प्रौद्योगिकी और कृषि जैसे क्षेत्रों में द्विपक्षीय संबंधों को बढ़ावा देने पर बातचीत हुई. इसके बाद कई एमओयू पर दस्तखत किए गए. पीएम मोदी और प्रधानमंत्री नेतन्याहू की मौजूदगी में समझौतों का आदान प्रदान किया गया.
इजरायल यात्रा को बताया भावुकता का पल
इसके बाद पीएम मोदी ने इजरायली प्रधानमंत्री नेतन्याहू के साथ संयुक्त प्रेस वार्ता को संबोधित किया. उन्होंने नेतन्याहू को अपना मित्र बताकर संबोधन की शुरुआत की और गर्मजोशी भरे स्वागत के लिए हृदय से आभार जताया. उन्होंने कहा कि 9 साल पहले मुझे भारत के पीएम को तौर पर इजरायल आने का मौका मिला था, अब मेरी दूसरी यात्रा भावकुता का क्षण है. कल मुझे संसद को संबोधित करने का अवसर मिला, स्पीकर ऑफ द नेसेट मेडल से भी सम्मानित किया गया. इसके लिए मैं हार्दिक आभार व्यक्त करता हूं और इसे 140 करोड़ भारतीयों और भारत-इजरायल मित्रता को समर्पित करता हूं.

समय की कसौटी पर खतरे उतरे हमारे संबंध
उन्होंने कहा कि हमारे संबंध समय की हर कसौटी पर खरे उतरे हैं. अब हमने साझेदारी को स्पेशल स्ट्रेटजिक पार्टनरशिप का दर्जा देने का फैसला किया है. जल्दी ही हम फ्री ट्रेड एग्रीमेंट को अंतिम रूप देंगे. टेक्नोलोजी हमारी भावी साझेदारी का केंद्र है. आज हमने क्रिटिकल एंड एमर्जिंग टेक्नोलोजी पार्टनरशिप स्थापित करने का फैसला किया है. इससे एआई, क्वांटम और क्रिटिकल मिनरल्स जैसे क्षेत्रों में सहयोग को बढ़ावा मिलेगा. उन्होंने बताया कि अब इजरायल में भी भारत का यूपीआई चलेगा.
भारत के गांव-गांव तक पहुंचेगी इजरायली तकनीक
पीएम मोदी ने कहा कि भारत में इजरायल के सहयोग सेंटर ऑफ एक्सिलेंस स्थापित किए गए हैं. अब हमने इनकी संख्या 100 तक ले जाने का फैसला किया है. इसके अलावा विलेजेज ऑफ एक्सिलेंस बनाने का भी फैसला किया है. इससे इजरायली टेक्नोलोजी भारत के गांव-गांव तक पहुंचेगी और लोगों को लाभ होगा. हम फ्यूचर रेडी फार्मिंग की दिशा में आगे बढ़ेंगे.
देखें- भारत-इजरायल के बीच कई अहम समझौते, PM मोदी बोले- हमें अपनी दोस्ती पर गर्व
इजरायल में अच्छा योगदान दे रहे भारतीय
पीएम मोदी ने कहा कि भारत के लोगों ने इजरायल के केयर गिवर्स सेंटर ने अहम योगदान दिया है. भारतीय कामगारों ने अपनी मेहनत, प्रतिबद्धता से विश्वास अर्जित किया है. अब इस सहयोग का विस्तार कॉमर्स और सर्विस जैसे क्षेत्रों में भी किया जा रहा है. दोनों देशों और लोगों को जोड़ना हमारी प्राथमिकता है.

हर रूप में आतंकवाद का करते रहेंगे विरोध
प्रधानमंत्री ने कहा कि इंडिया इजरायल मिलकर एकेडमिक फोरम की स्थापना कर रहे हैं. हमने वैश्विक मुद्दों पर भी चर्चा की है. हम आईमैक कॉरिडोर और आई2यू2 पर नई गति से आगे बढ़ेंगे. हम दोनों इस बात पर सहमत हैं कि आतंकवाद का दुनिया में कोई स्थान नहीं है. इसे किसी भी रूप मे ंस्वीकार नहीं किया जा सकता. हम कंधे से कंधा मिलाकर आतंकवाद का विरोध करते रहे हैं और आगे भी करते रहेंगे.
गाजा शांति योजना को समर्थन दोहराया
उन्होंने कहा कि गाजा पीस प्लान से शांति का रास्ता खुला है. भारत ने इसका पूर्ण समर्थन किया है. भविष्य में हम सभी देशों के साथ संवाद और सहयोग जारी रखेंगे. पीएम मोदी ने नेतन्याहू से कहा कि आपने मेरी यात्रा को यादगार बना दिया है. इजरायल के लोगों को इसके लिए बहुत बहुत धन्यवाद.
नेतन्याहू ने फ्रेंड मोदी को दी बधाई
इससे पहले, पीएम नेतन्याहू ने कहा कि भारत और इजरायल मिलकर काफी कुछ कर सकते हैं. मैं अपनी निजी दोस्ती और देशों की दोस्ती के लिए आपको बधाई देता हूं. नेतन्याहू ने बताया कि हमारे बीच सहयोग बढ़ाने पर बात हुई, कृषि, शिक्षा और एआई पर भी बात हुई. हमें भरोसा है कि हमारे संबंध और मजबूत होंगे. उन्होंने इजरायल में यूपीआई का इस्तेमाल शुरू करने का भी ऐलान किया.
ये भी देखें- पीएम नरेंद्र मोदी को मिले अब तक कौन-कौन से अंतरराष्ट्रीय सम्मान, देखें लिस्ट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं